एमबीबीएस की एक और सीट पर दाखिला रद्द, फर्जी निकले लड़की के डॉक्यूमेंट
नीट यूजी काउंसलिंग में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस सीट हथियाने वाली एक और छात्रा का आवंटन रद्द कर दिया गया है। अब तक 16 सीटों को रद्द किया जा चुका है, जिन्हें तीसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल किया जा रहा है।

नीट यूजी काउंसलिंग में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस सीट हथियाने वाली एक और छात्रा का आवंटन रद्द कर दिया गया है। दून जिला प्रशासन की रिपोर्ट मिलने पर एचएनबी मेडिकल विवि ने यह कार्रवाई की है। अब तक 16 सीटों को रद्द किया जा चुका है, जिन्हें तीसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल किया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के मुताबिक एससी कोटे में श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में कुसुम मल्ल को आवंटित सीट रद्द कर दी गई है। कुसुम मल्ल ने एससी श्रेणी के प्रमाण पत्र के आधार पर एमबीबीएस में प्रवेश लिया था। विवि ने प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए इसे जिला प्रशासन को भेजा था। जांच में प्रमाण पत्र सही नहीं पाए जाने की रिपोर्ट मिलने के बाद विवि ने दाखिला निरस्त कर दिया है।
फर्जी पाए जाने पर रद्द होगा आवंटन
मेडिकल विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के मुताबिक तीसरे चरण के बाद स्ट्रे वेकेंसी राउंड का विकल्प है। जिनके प्रमाण पत्र फर्जी या त्रुटिपूर्ण पाए जाएंगे, उनका सीट आवंटन तत्काल रद्द कर दिया जा रहा है। इन रद्द सीटों के लिए समय बचा तो तीसरी, नहीं तो स्ट्रे वेकेंसी राउंड में शामिल कर पारदर्शी तरीके से नए अभ्यर्थियों को आवंटित किया जाएगा।
सीएससी में जमा दूसरे के दस्तावेजों से फर्जीवाड़ा
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आवेदक कुसुम मल्ल ने फर्जी जाति प्रमाणपत्र के लिए किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। दरअसल, क्लेमनटाउन निवासी विनोद ने बेटे के प्रमाणपत्र के लिए माजरा स्थित सीएससी में दस्तावेज जमा किए थे। सीएससी से इन्हीं दस्तावेजों का धोखाधड़ी से इस्तेमाल कर कुसुम ने प्रमाणपत्र बनवा लिया, जबकि विनोद उसे जानता तक नहीं है। इस मामले में आवेदक, सीएससी और अन्य संलिप्त लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दस दिन में सत्यापन और जांच चुनौती
मेडिकल कॉलेजों में आरक्षण श्रेणी की 778 सीटों पर दाखिलों के प्रमाणपत्रों की जांच विवि प्रबंधन और प्रशासन के लिए गले की फांस बन गई है। मेडिकल विवि द्वारा आरक्षण और डोमिसाइल संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है, लेकिन कई जिलों से अब तक सत्यापन रिपोर्ट नहीं मिली है।
दूसरी ओर, मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से निर्धारित 28 सितंबर से नौ अक्टूबर तक तीसरी काउंसलिंग के शेड्यूल और अभ्यर्थियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए विवि ने जांच की प्रक्रिया के बीच ही तीसरे चरण की काउंसलिंग शुरू कर दी है। विवि ने 22 सितंबर को दस्तावेज जिलों को भेजे थे, लेकिन अभी पूरी रिपोर्ट नहीं आई है, ऐसे में दस दिन के भीतर सत्यापन एवं जांच चुनौती बनी हुई है। वहीं, पहले और दूसरे चरण में सीट पाने वाले छात्रों के स्थायी निवास और आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्रों का सत्यापन जारी है। सत्यापन प्रक्रिया में देरी का बड़ा कारण यह है कि राजस्व कर्मचारियों पर एसआईआर और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों का भारी बोझ है।


