निकली बंपर शिक्षक भर्ती, 30 हजार से ज्यादा पदों के लिए आवेदन शुरू, यहां करें एप्लाई
इस भर्ती अभियान के तहत सरकारी, स्थानीय निकाय और निजी सहायता प्राप्त स्कूलों में कुल 30,209 शिक्षक पदों को भरा जाएगा। विभाग की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, TAIT 2025 की ऑनलाइन परीक्षा 27 मई से 5 जून 2025 के बीच आयोजित की गई थी।

अगर आप महाराष्ट्र में सरकारी टीचर बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा विभाग ने पवित्र पोर्टल के जरिए शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण की शुरुआत कर दी है। इसके तहत शिक्षक अभिरुचि और बुद्धिमत्ता परीक्षा (TAIT) 2025 में सफल उम्मीदवारों के लिए पोस्ट की प्राथमिकता भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती अभियान के तहत सरकारी, स्थानीय निकाय और निजी सहायता प्राप्त स्कूलों में कुल 30,209 शिक्षक पदों को भरा जाएगा।
विभाग की ओर से 6 अगस्त को जारी प्रेस नोट के अनुसार, TAIT 2025 की ऑनलाइन परीक्षा 27 मई से 5 जून 2025 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 2,28,808 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 2,11,308 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को जरूरी सेल्फ-सर्टिफिकेशन प्रक्रिया भी पूरी करनी थी। कुल 1,70,108 उम्मीदवारों ने सेल्फ-सर्टिफिकेशन पूरा किया है। अब इन्हीं पात्र उम्मीदवारों के लिए पवित्र पोर्टल पर पदों की प्राथमिकता दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
TAIT स्कोर के आधार पर होगी शिक्षकों की भर्ती
महाराष्ट्र में शिक्षण सेवक और कक्षा 1 से 12वीं तक के शिक्षक पदों पर भर्ती उम्मीदवारों के TAIT स्कोर के आधार पर की जाएगी। यह भर्ती स्थानीय स्वशासी निकायों और निजी प्रबंधन के तहत संचालित स्कूलों में होगी। सरकार की नीति के अनुसार, आरक्षण और संस्थागत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत रिक्त पदों में से 80 प्रतिशत पदों को भरा जाएगा।
कुल कितने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 30,209 शिक्षक पद शामिल हैं। इनमें जिला परिषद के स्कूलों में 13,351, महानगरपालिका स्कूलों में 1,954, नगर परिषद के स्कूलों में 280 और आदिवासी विकास विभाग के स्कूलों में 2,421 पद हैं। इसके अलावा सरकारी विद्यानिकेतन स्कूलों में 56 पद और निजी शिक्षण संस्थानों में 12,148 पद भरे जाएंगे।
कुल 30,209 पदों में से 19,881 पदों पर बिना इंटरव्यू के भर्ती की जाएगी। वहीं, निजी शिक्षण संस्थानों के 10,328 पदों के लिए इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे। यानी उम्मीदवारों का चयन संबंधित पद और संस्था के नियमों के अनुसार TAIT स्कोर तथा निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।
पवित्र पोर्टल पर प्राथमिकता भरने की प्रक्रिया शुरू
महाराष्ट्र शिक्षक भर्ती में शामिल पात्र उम्मीदवारों को अब पवित्र पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी प्रायोरिटी लिस्ट तैयार करनी होगी। इसके लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग पदों के अनुसार अपनी पसंद यानी पोस्ट-वाइज प्रेफरेंस दर्ज करनी होगी। प्रेफरेंस भरने की सुविधा 6 अगस्त 2026 से उपलब्ध करा दी गई है और उम्मीदवारों को अपनी पसंद 11 अगस्त 2026 तक लॉक करनी होगी। शिक्षा विभाग की ओर से पात्र उम्मीदवारों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए SMS अलर्ट भी भेजे जा रहे हैं।
प्रेफरेंस भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन पदों के लिए मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, जिन पर इंटरव्यू नहीं होगा। वहीं, भर्ती प्रक्रिया से जुड़े किसी सवाल, समस्या या शिकायत के लिए उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिए गए निर्धारित ईमेल पते पर अपनी शिकायत या सवाल भेज सकते हैं।


