85 की उम्र में किया एमए, अब PhD का सपना, 3 युद्ध लड़ चुके लाल चंद गोदारा के जज्बे को सलाम

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

Lal Chand Godara Success Story: सिरसा के पूर्व फौजी लाल चंद गोदारा ने 85 साल में एमए कर शानदार मिसाल पेश की है। वे भारत पाक और भारत चीन युद्धों में भी हिस्सा ले चुके हैं।

Lal Chand Godara Success Story
लाल चंद गोदारा

Lal Chand Godara Success Story: पढ़ने और कुछ नया सीखने की कोई उम्र नहीं होती। मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। इन पक्तियों को सच कर दिखाया है हरियाणा के पूर्व फौजी लाल चंद गोदारा ने, जिन्होंने 85 साल की उम्र में एमए की डिग्री हासिल कर शानदार मिसाल पेश की है। इंडियन आर्मी में रह चुके गोदारा उम्र के इस पड़ाव पर इग्नू से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री पाकर उन लोगों के सामने बड़ी नजीर बन गए हैं जो आर्थिक, पारिवारिक या अन्य मजबूरियों के चलते पढ़ाई नहीं कर पाते या शिक्षा बीच में ही छोड़ देते हैं। सिरसा के रहने वाले गोदारा के भीतर पढ़ाई का जज्बा और ललक इससे भी पता चलता है कि उन्होंने एमए में 1200 में से 965 अंक हासिल किए हैं।

76 की उम्र में ग्रेजुएशन, 85 में एमए

जिस उम्र में लोग दुनियादारी छोड़कर बीती यादों के साथ जीवन के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ते हैं, पूर्व सैनिक लाल चंद गोदारा ने किताबों को अपना जीवनसाथी बना लिया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक वे जब 71 साल के हुए तो उन्होंने पढ़ाई से दशकों दूर रहने के बाद फिर से बुक्स थामीं। 76 बरस की उम्र में उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। ​​अब 85 साल की उम्र में उन्होंने इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) से मास्टर ऑफ आर्ट्स (एमए) पूरा किया है।

अभी और हासिल करना है

लेकिन गोदारा अभी यहीं नहीं रुकने वाले। उनका कहना है कि यह सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक गोदारा अब पीएचडी या फिर लॉ करने की तैयारी कर रहे हैं। यही उनके अब अगले टारगेट हैं। उनकी कहानी इस आयु में डिग्रियां हासिल करने से ज्यादा इस बात की मिसाल है कि उम्र को कभी यह तय करने का अधिकार नहीं देना चाहिए कि इंसान कब सीखना, कंपीट करना या सपने देखना छोड़ दे।

शौक था पर पढ़ नहीं पाए

गोदारा के लिए पढ़ाई उनकी जिंदगी का एक अधूरा ख्वाब रही थी। उनका जन्म ऐसे परिवार में हुआ, जहां पिछली पीढ़ियों को औपचारिक शिक्षा हासिल करने के सीमित अवसर मिले थे। उनके मन में पढ़ाई करने की इच्छा थी लेकिन हालात उन्हें जिंदगी में कहीं और ही ले गए।

चीन और पाकिस्तान के खिलाफ युद्धों में हिस्सा लिया

उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा की और 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के दौरान दुश्मनों के छक्के छुड़ाए। उन्होंने कई वर्ष वर्दी में बिताए जबकि उनके हम उम्र लोग अपने करियर और परिवार को आगे बढ़ा रहे थे। सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने हरियाणा परिवहन विभाग में नौकरी की और 1972 से 2002 तक यार्ड मास्टर के रूप में सेवाएं दीं। बेशक उन्होंने सैनिक रहते हुए देश की सुरक्षा के लिए सीने पर गोली खाने की हिम्मत रखी, लेकिन अनपढ़ता का ताना गोली खाने से भी ज्यादा दर्द देने जैसा था।

सपने जिंदा रखे और खेलों में खूब मेडल जीते

लेकिन रिटायरमेंट का मतलब उनके लिए महत्वाकांक्षाओं का अंत नहीं था। इसके बजाय, उन्हें अपनी नई मंजिलों की ओर बढ़ने की आजादी मिली। उन्होंने कंपीटिटिव एथलेटिक्स का रुख किया और मास्टर्स स्पोर्ट्स की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने हरियाणा, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया। धीरे-धीरे उनके पदकों की संख्या बढ़ती गई। आज उनके खाते में करीब 200 पदक हैं। इनमें लगभग 150 स्वर्ण, 30 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल हैं।

पोतियों ने भी खूब साथ दिया

लेकिन इसी दौरान उनकी एक पुरानी इच्छा फिर से मन में आ गई। 76 साल की उम्र में गोदारा ने दोबारा किताबें उठा लीं। जिस व्यक्ति ने अपनी जिंदगी का अधिकांश हिस्सा औपचारिक शिक्षा से दूर बिताया हो, उसके लिए इतनी उम्र में पढ़ाई की ओर लौटना अटपटा और मुश्किल हो सकता है। लेकिन गोदारा के लिए यह एक अधूरा काम था जिसे उन्हें पूरा करना था। पांच साल बाद 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने स्नातक की डिग्री हासिल कर ली। इस लक्ष्य को पाने में उनकी पोतियों ने भी खूब साथ दिया।

उन्होंने इसे अपनी शैक्षणिक यात्रा का अंतिम पड़ाव मानने के बजाय अगली मंजिल की सीढ़ी बनाया। उन्होंने इग्नू के जरिए एमए कोर्स में दाखिला लिया और पढ़ाई जारी रखी। अब उसका परिणाम भी आ चुका है। 85 साल की उम्र में उन्होंने 1,200 में से 965 अंक हासिल किए हैं।

गोदारा के लिए शिक्षा सिर्फ अपने नाम के आगे नई डिग्रियां जोड़ना नहीं है। उनका मानना है कि सीखने से व्यक्ति का नजरिया व्यापक होता है और दिमाग सक्रिय रहता है। उनके अनुसार उम्र अनुभव का पैमाना हो सकती है, लेकिन महत्वाकांक्षा की अंतिम सीमा नहीं। रिटायरमेंट के बाद उनका जीवन इसका शानदार उदाहरण है।

अब 85 साल की उम्र में भी उनकी नजर आगे की मंजिल पर है। उनकी कामयाबी देखकर यकीनन ये पक्तियां याद आती है - लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती। कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। इंसान अगर ठान ले तो आसमान को भी झुका सकता है फिर उसके लिए कोई उम्र मायने नहीं रखती।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़85 की उम्र में एमए, अब PhD का सपना, 3 युद्ध लड़ चुके लाल चंद के जज्बे को सलाम