नौकरी जाने के बाद बदली किस्मत, 70 हजार से 1.58 लाख रुपये महीना पहुंची सैलरी; कर्मचारी ने बताया सफलता का मंत्र
करीब साढ़े चार साल तक एक कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि नौकरी छूटने के बाद उसे ऐसी नई नौकरी का ऑफर मिला, जिसने उसकी सैलरी दोगुने से भी ज्यादा बढ़ा दी। इस ऑफर को देखकर वह खुद हैरान रह गया।

किसी एंप्लॉई की नौकरी का जाना किसी बड़े झटके से कम नहीं माना जाता है। इससे उसकी पर्सनल लाइफ भी काफी प्रभावित होती है। हालांकि हर किसी के लिए यह घटना गलत साबित हो, ऐसा भी नहीं है। एक पेशेवर के लिए यह घटना वरदान साबित हुई। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आया, जिसने उसके करियर को नई दिशा दे दी। करीब साढ़े चार साल तक एक कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि नौकरी छूटने के बाद उसे ऐसी नई नौकरी का ऑफर मिला, जिसने उसकी सैलरी दोगुने से भी ज्यादा बढ़ा दी। इस ऑफर को देखकर वह खुद हैरान रह गया।
कर्मचारी ने शेयर की पोक्ट
रेडिट पर "सैलरी हाईक लेफ्ट मी शॉक्ड" शीर्षक से लिखी पोस्ट में कर्मचारी ने बताया कि वह अपनी पुरानी कंपनी में हर महीने 70 हजार रुपये कमाता था। हाल ही में कंपनी में पुनर्गठन (Restructuring) के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया। उसने लिखा कि नौकरी जाने के बाद वह काफी सदमे में था और सेवरेंस पेमेंट को लेकर HR से उसकी बहस भी हुई। इसी बीच उसी दिन उसे एक दूसरी कंपनी से नौकरी का ऑफर मिल गया, जो भारत के बाहर स्थित है।
नई नौकरी में भूमिका
कर्मचारी के मुताबिक, नई नौकरी पूरी तरह वर्क फ्रॉम होम (WFH) होगी। इसमें उसे ग्राहकों को कंपनी के प्रोडक्ट को समझाने, उसका इस्तेमाल करने में मदद करने और तकनीकी समस्याओं का समाधान करने का काम करना होगा। उसने बताया कि नई नौकरी में उसे करीब 1.58 लाख रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा, जो अमेरिकी डॉलर में दिया जाएगा। यानी नौकरी छूटने के बाद उसकी सैलरी 70 हजार रुपये से बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति माह हो गई।
करियर का सबक
उसने अपनी पोस्ट में लिखा, "यह सब इतना अविश्वसनीय लग रहा है कि मुझे यह सोचकर भी अजीब महसूस होता है कि अब मुझे इतनी सैलरी मिलेगी। समझ नहीं आता कि इसे किस्मत कहूं या सही समय पर मिला मौका। क्या लंबे समय तक कम आंका जाना इंसान को यह सोचने पर मजबूर कर देता है कि वह किसी अच्छी चीज के लायक नहीं है? आज भी यह किसी सपने जैसा लगता है।"
यूजर्स दे रहे हैं बधाई
इस पोस्ट को पढ़कर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कर्मचारी को बधाई दी और उसे अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने की सलाह दी। एक यूजर ने लिखा, "बहुत-बहुत बधाई। आप इस सफलता के हकदार हैं। खुद पर विश्वास रखिए, आप आगे भी अच्छा करेंगे।" दूसरे यूजर ने कहा, "बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा है। अगर आपको यह नौकरी मिली है, तो आप इसके योग्य हैं। अब अगला कदम अपने काम से खुद को साबित करना है।" एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "अच्छा लगा यह देखकर कि लोग सिर्फ कंपनी के प्रति वफादारी निभाने के बजाय सही मौके पर बदलाव कर रहे हैं, क्योंकि रणनीतिक तरीके से नौकरी बदलने पर बेहतर वेतन वृद्धि मिल सकती है।"


