KVS Admission : बच्चे का KV में कराना है एडमिशन? इस तरीके से बहुत आराम से मिल जाएगी सीट
KVS Admission : केंद्रीय विद्यालय में अपने बच्चे के एडमिशन के लिए क्लास-1 की भारी भीड़ से बचें। बालवाटिका के जरिए बिना झंझट दाखिला पाने का यह सबसे आसान और स्मार्ट तरीका जानिए।

KVS Admission : हर साल जैसे ही अप्रैल का महीना आता है… लाखों माता-पिता के चेहरों पर एक अजीब सी बेचैनी देखने को मिलती है। ये बेचैनी अपने जिगर के टुकड़ों का केंद्रीय विद्यालय (KV) में एडमिशन कराने की होती है। फिलहाल क्लास-1 में दाखिले की प्रक्रिया जोरों पर है। 9 अप्रैल 2026 को पहली प्रोविजनल लिस्ट जारी होने के बाद से ही उन पेरेंट्स की धड़कनें तेज हैं, जिनके बच्चों का नाम इस पहली लिस्ट में नहीं आ पाया। अब सबको 16 अप्रैल का बेसब्री से इंतजार है जब दूसरी लिस्ट जारी होने की उम्मीद है। अगर उसके बाद भी किस्मत ने साथ दिया और सीटें खाली बचीं तो 21 अप्रैल को तीसरी लिस्ट भी आ सकती है। लेकिन इस पूरी जद्दोजहद में एक बहुत बड़ा सच छुपा है जो ज्यादातर लोग नहीं जानते। सच ये है कि केवी में जाने का एक और रास्ता भी है जो क्लास-1 की इस भारी-भरकम मारामारी से कहीं ज्यादा आसान और टेंशन फ्री है।
क्लास-1 के लिए गलाकाट कॉम्पिटिशन
जरा आंकड़ों पर नजर डालिए। केंद्रीय विद्यालय में क्लास-1 की चंद सीटों के लिए हर साल 15 से 20 लाख लोग फॉर्म भरते हैं। सोचिए, एक स्कूल में एक सेक्शन के अंदर सिर्फ 40 बच्चों की जगह होती है। अगर स्कूल बड़ा है और दो सेक्शन हैं, तो कुल 80 सीटें हुईं। अब इन 80 सीटों पर हजारों दावेदार होते हैं। आलम यह है कि एक-एक सीट के लिए 200 से 500 बच्चों के बीच कड़ी टक्कर होती है। इसीलिए क्लास-1 में एडमिशन पाना किसी लॉटरी जीतने से कम नहीं माना जाता। पेरेंट्स बस प्रार्थना करते रह जाते हैं कि लिस्ट में उनके बच्चे का नाम आ जाए।
बालवाटिका है केवी में एंट्री का स्मार्ट और आसान दरवाजा
अगर आप सच में चाहते हैं कि आपका बच्चा केंद्रीय विद्यालय की बेहतरीन पढ़ाई का हिस्सा बने, तो क्लास-1 के झंझट से बाहर निकलिए और 'बालवाटिका' (Balvatika) की तरफ रुख कीजिए। नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत शुरू की गई बालवाटिका दरअसल केवी में एडमिशन का वो सीक्रेट रास्ता है, जहां कॉम्पिटिशन ना के बराबर है और सीट मिलने के चांस बहुत ज्यादा हैं। आइए विस्तार से समझते हैं कि बालवाटिका क्लास-1 के मुकाबले इतनी बेहतरीन चॉइस क्यों है
नाम मात्र की भीड़ और ज्यादा मौके: जहां क्लास-1 के लिए 20 लाख की भीड़ उमड़ती है, वहीं बालवाटिका के लिए पूरे देश से बमुश्किल दो से तीन लाख फॉर्म ही आते हैं। इसका सीधा सा मतलब ये है कि एक सीट पर जहां क्लास-1 में 500 बच्चे लड़ रहे होते हैं, वहीं बालवाटिका में ये आंकड़ा गिरकर सिर्फ 20 या 50 बच्चों तक सिमट जाता है। दावेदार कम होने का सीधा फायदा आपके बच्चे को मिलता है।
ऑटोमैटिक होगा प्रमोशन: बालवाटिका की सबसे शानदार बात ये है कि एक बार बच्चे ने इसमें कदम रख दिया, तो फिर आगे की क्लासेस के लिए आपको कोई लॉटरी नहीं खेलनी। बालवाटिका के बच्चों को अगली क्लास में सीधा प्रमोट कर दिया जाता है। यानी जब आपका बच्चा क्लास-1 में जाएगा, तो आपको उन लाखों पेरेंट्स की तरह एडमिशन फॉर्म और प्रोविजनल लिस्ट की टेंशन नहीं लेनी पड़ेगी। आपका बच्चा पहले से ही केवी का हिस्सा होगा।
100% सीटों का फायदा: क्या आप जानते हैं कि क्लास-1 में जो 40 सीटें होती हैं, वो पूरी तरह से नई नहीं होतीं? दरअसल, बालवाटिका से प्रमोट होकर आए बच्चे पहले ही उन क्लास-1 की सीटों पर कब्जा जमा लेते हैं। उसके बाद जो गिने-चुने मौके बचते हैं, उन पर बाहर से आए बच्चों को दाखिला मिलता है। वहीं दूसरी तरफ, बालवाटिका के लेवल पर पूरी 40 की 40 सीटें एकदम फ्रेश होती हैं। इसलिए वहां एडमिशन होने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।
जानकारी की कमी: चूंकि बालवाटिका की शुरुआत अभी हाल ही में नई शिक्षा नीति के तहत हुई है, इसलिए ज्यादातर माता-पिता को इस स्कीम की भनक तक नहीं है। उन्हें आज भी यही लगता है कि केवी में पढ़ाई की शुरुआत क्लास-1 से ही होती है। कॉम्पिटिशन कम होने का यह एक बहुत बड़ा कारण है।
क्या है बालवाटिका के लिए सही उम्र?
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने बालवाटिका में एडमिशन के लिए उम्र का एक सख्त पैमाना तय किया है। अगर आपके बच्चे की उम्र 3 से 5 साल के बीच है, तभी आप इस सुनहरे मौके का फायदा उठा सकते हैं -
- बालवाटिका-1 (Nursery): बच्चे की उम्र 3 साल पूरी हो चुकी हो, लेकिन 4 साल से कम हो।
- बालवाटिका-2 (LKG): उम्र 4 साल से ज्यादा, लेकिन 5 साल से कम होनी चाहिए।
- बालवाटिका-3 (UKG): उम्र 5 साल पार कर चुकी हो, पर 6 साल से कम हो।
कैसे होता है दाखिला?
क्लास-1 की ही तरह बालवाटिका के फॉर्म भी ऑनलाइन भरे जाते हैं। इसके लिए आपको केवीएस की ऑफिशियल वेबसाइट (admission.kvs.gov.in) पर नजर रखनी होती है और तय समय में फॉर्म जमा करना होता है। आवेदन के बाद इसमें भी लॉटरी सिस्टम लागू होता है, लेकिन जैसा कि हमने बताया, भीड़ कम होने की वजह से नाम आने की उम्मीद बहुत ज्यादा रहती है। लिस्ट में नाम आने पर ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स लेकर स्कूल जाना होता है और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। कभी-कभार कुछ स्कूलों में कई राउंड के बाद भी अगर सीटें खाली रह जाती हैं, तो ऑफलाइन फॉर्म भी निकाले जाते हैं, जिसके लिए पेरेंट्स को सीधे स्कूल जाकर पता करना होता है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


