गिरफ्तारी से कैसे बचा जाए? खान सर ने पहले ही दे दिया था ज्ञान, पुराना VIDEO वायरल

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पटना के मशहूर खान सर पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है और ऐसे में उनका अग्रिम जमानत से जुड़ा एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गिरफ्तारी से कैसे बचा जाए? खान सर ने पहले ही दे दिया था ज्ञान, पुराना VIDEO वायरल

पटना के जिस खान सर के पढ़ाने के अनूठे अंदाज का पूरा देश मुरीद है, आज वही खान सर कानून के पचड़े में बुरी तरह फंसते नजर आ रहे हैं। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई हालिया गोलीबारी ने पूरे पटना के कोचिंग हब में तहलका मचा कर रख दिया है। एक तरफ जहां पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, तो वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में खान सर अपने चिर-परिचित अंदाज में छात्रों को यह समझा रहे हैं कि अगर कभी गिरफ्तारी की नौबत आ जाए, तो उससे बचने के लिए अग्रिम जमानत कैसे ली जाती है। इस बात पर ध्यान देने की जरूरत है कि जो ज्ञान वह कभी क्लासरूम में दूसरों को बांट रहे थे, आज शायद उन्हें खुद उसी कानूनी दांव-पेंच की सबसे ज्यादा जरूरत आन पड़ी है।

वायरल वीडियो में क्या है वो खास कानूनी ज्ञान?

वायरल हो रहे वीडियो की बात करें तो खान सर बहुत ही इत्मीनान से कानूनी प्रक्रिया को समझा रहे हैं। वह कहते सुने जा सकते हैं, "जैसे ही आपको भनक लगे कि आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है और अब गिरफ्तारी तय है, तो पुलिस के पास जाने की भूल कभी मत कीजिए। सीधे जज साहब के पास जाइए और अपने वकील के जरिए एंटीसिपेटरी बेल यानी अग्रिम जमानत की मांग कर लीजिए।"

उन्होंने आगे बहुत ही ठेठ और मजेदार अंदाज में समझाया है कि जज के सामने अपनी बात कैसे रखनी चाहिए। वीडियो में वह बता रहे हैं, "देखिए जज साहब, मैं आपके सामने खुद हाजिर हूं। मेरे अंदर किसी तरह का कोई चोर नहीं छिपा है। मैं अपने साथ दो गवाह भी लाया हूं जो मेरी गारंटी ले रहे हैं। आप बस हमें जमानत दे दीजिए, हम अपना केस लड़ लेंगे, मगर हमें जेल न भेजें।" कानून की मानें तो अगर जज इस तरह की दलील पर अग्रिम जमानत दे देते हैं, तो आरोपी गिरफ्तारी से फौरी तौर पर बच जाता है।

आखिर क्यों पैदा हुई गिरफ्तारी की नौबत?

इस पूरे बवाल की जड़ में है कोचिंग संस्थानों की आपसी खींचतान और वर्चस्व की लड़ाई। मामला तब गरमाया जब बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट सामने आया। इसके बाद खान सर के संस्थान का पटना की ही एक दूसरी मशहूर कोचिंग 'ज्ञान बिंदु एकेडमी' के साथ सीधा टकराव शुरू हो गया। बात सिर्फ जुबानी जंग तक सीमित नहीं रही। मंगलवार की देर रात हालात तब बेकाबू हो गए जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर अचानक कुछ लोगों ने धावा बोल दिया।

इस घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। लगा कि शायद मामला यहीं शांत हो जाएगा, लेकिन अगले ही दिन कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आ गया। ज्ञान बिंदु की तरफ से उसी रात का एक सीसीटीवी वीडियो जारी किया गया, जिसने पूरे केस का रुख ही मोड़ दिया। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा था कि खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। वीडियो की सत्यता जांचने के बाद पुलिस ने फौरन दोनों गार्ड्स को धर दबोचा। अब उसी एफआईआर में खान सर को भी लपेटे में ले लिया गया है और उन पर जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।

शुरुआत में जब बवाल हुआ था, तब 2 जून को पुलिस ने किसी भी तरह की गोलीबारी होने की बात से साफ इनकार किया था। लेकिन जैसे ही 4 जून को फायरिंग का वीडियो पब्लिक डोमेन में आया, पुलिस को अपना स्टैंड बदलना पड़ा। दूसरी एफआईआर में बकायदा फायरिंग की पुष्टि की गई और खान सर के साथ-साथ उनके दोनों गार्ड्स को आरोपी बनाया गया। फिलहाल पूरे पटना में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने आज दोपहर एक आधिकारिक बयान जारी कर छात्रों से खास अपील की है। पुलिस का कहना है कि यह दो कोचिंग सेंटर्स के बीच प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश का मामला है, इसलिए कोई भी छात्र किसी के बहकावे में आकर अपनी पढ़ाई और करियर दांव पर न लगाए। सूत्रों की मानें तो पुलिस इस वक्त बेहद सतर्कता बरत रही है। खान सर की गिरफ्तारी किसी भी वक्त हो सकती है, लेकिन पुलिस जानबूझकर शाम ढलने का इंतजार कर रही है। इसके पीछे की रणनीति यह है कि शाम तक सभी कोचिंग सेंटरों में छात्रों की छुट्टी हो जाती है। ऐसे में जब स्टूडेंट्स अपने घर या हॉस्टल लौट जाएंगे, तो गिरफ्तारी के दौरान किसी भी तरह के हंगामे या प्रदर्शन की गुंजाइश न के बराबर रह जाएगी।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।