कश्मीर के लाल का कमाल, 20 किलो वजन घटाया, AI से की पढ़ाई, यूपीएससी सीडीएस में हासिल की AIR 107
कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले 22 साल के मोहम्मद ओवैस भट्ट ने एआई (AI) टूल्स और स्मार्ट स्टडी की मदद से UPSC CDS परीक्षा में ऑल इंडिया 107वीं रैंक हासिल कर देश भर के युवाओं को प्रेरित किया है।

सफलता किसी सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही रणनीति, निरंतरता और AI का सही इस्तेमाल आपको मंजिल तक पहुंचा सकता है। इस बात को पूरी तरह से सच कर दिखाया है कश्मीर के पुलवामा जिले के रहने वाले 22 साल के मोहम्मद ओवैस भट्ट ने।
ओवैस ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया 107वीं रैंक (AIR 107) हासिल की है। लगभग साढ़े चार साल के कड़े संघर्ष और दो बार मिली असफलता के बाद अपने तीसरे प्रयास में उन्हें यह शानदार कामयाबी मिली है। ओवैस की इस सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने महंगी कोचिंग के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंटरनेट का सही इस्तेमाल कर यह मुकाम हासिल किया।
ChatGPT और यूट्यूब को बनाया सफलता का हथियार
अपनी तैयारी की अनूठी रणनीति साझा करते हुए ओवैस भट्ट ने बताया कि उन्होंने केवल 399 रुपये का एआई (ChatGPT) सब्सक्रिप्शन लिया। उन्होंने पूरे सिलेबस को एआई टूल में फीड किया और पिछले वर्षों के ट्रेंड्स तथा प्रश्न फॉर्मेट को डिकोड किया। एआई की मदद से उन्होंने लगभग 20 से 40 प्रश्नों के पैटर्न का पहले ही सटीक अंदाजा लगा लिया था।
इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि महंगी कोचिंग क्लास की जगह अगर सिलेबस को अच्छे से समझा जाए, तो मात्र 3,000 रुपये से 4,000 रुपये के खर्च में यूट्यूब लेक्चर्स और ऑनलाइन टूल्स की मदद से आसानी से सेल्फ स्टडी की जा सकती है।
20 किलो वजन घटाकर फिजिकल टेस्ट किया पास
ओवैस के लिए यह सफर आसान नहीं था। लिखित परीक्षा की तैयारी के दौरान उनका वजन काफी बढ़ गया था और वे ओवरवेट हो गए थे। लेकिन सेना में जाने के अपने सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने हार नहीं मानी।
फिजिकल और एसएसबी (SSB) इंटरव्यू से ठीक दो महीने पहले उन्होंने कड़ी मेहनत और डाइट कंट्रोल करके अपना 20 किलोग्राम वजन घटाया और खुद को पूरी तरह से शारीरिक रूप से फिट बनाया।
जनवरी में ज्वाइन करेंगे इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA)
ओवैस ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है। वे आगामी जनवरी में इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), देहरादून ज्वाइन करेंगे, जहां लगभग डेढ़ साल की कठिन सैन्य ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वे भारतीय सेना में एक कमीशन अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे।
कश्मीर के युवाओं के लिए ओवैस की यह कहानी एक मिसाल है, जो यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो तकनीक को सही दिशा में इस्तेमाल करके किसी भी कठिन परीक्षा को पास किया जा सकता है।

