झारखंड में 12वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, जेएसएससी ने निकाली 326 पदों पर भर्ती
झारखंड जेएसएससी के तहत 326 पदों पर भर्ती निकली है। 12वीं पास आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए जानें योग्यता, आयु सीमा, शुल्क और आवेदन की अंतिम तिथि की पूरी जानकारी।

झारखंड में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी जेएसएससी ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है, जिसके तहत राज्य के अलग-अलग विभागों में कुल 326 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। अब इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। 12वीं पास युवाओं के पास अब सरकारी नौकरी पाने का एक और शानदार मौका है बशर्ते वे तय समय-सीमा के भीतर अपना फॉर्म भर दें।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक, पशु चिकित्सा सहायक, कीट संग्रहकर्ता और मत्स्यिकी तकनीकी सहायक जैसे छह अलग-अलग पद शामिल हैं। सबसे ज्यादा वैकेंसी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद पर है, जहां 137 सीटें खाली हैं। इसके बाद बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 62, मत्स्यिकी तकनीकी सहायक के 41, कीट संग्रहकर्ता के 32, जबकि कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक और पशु चिकित्सा सहायक के 27-27 पद रिक्त हैं। यानी हर विभाग में अवसर की भरमार है और उम्मीदवार अपनी योग्यता के हिसाब से कई पदों के लिए प्राथमिकता क्रम में आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की तारीख का रखें ध्यान
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी, हालांकि आखिरी तारीख को बढ़ाकर अब 29 सितंबर 2026 कर दिया गया है। फॉर्म में सुधार करने के लिए उम्मीदवारों को 6 से 8 सितंबर 2026 तक का समय मिलेगा, हालांकि नाम, जन्मतिथि, ईमेल और मोबाइल नंबर में बदलाव की इजाजत नहीं होगी। उम्र सीमा की बात करें तो आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम 35 साल रखी गई है, जबकि पद के हिसाब से इसकी गणना अलग-अलग संदर्भ तिथियों से होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट भी मिलेगी - एससी-एसटी उम्मीदवारों को 40 साल तक, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी श्रेणी की सीमा से 10 साल अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता क्या मांगी गई है
इस भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास तय की गई है, लेकिन हर पद के लिए विषय अलग-अलग हैं। जैसे स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता पद के लिए विज्ञान वर्ग से 12वीं पास होना जरूरी है, वहीं पशु चिकित्सा सहायक, कीट संग्रहकर्ता और मत्स्यिकी तकनीकी सहायक जैसे पदों के लिए जीव विज्ञान विषय से इंटरमीडिएट पास उम्मीदवार ही योग्य माने जाएंगे। कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक पद के लिए गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा
सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 100 रुपये चुकाने होंगे, जबकि झारखंड राज्य के एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क घटाकर 50 रुपये रखा गया है। वहीं 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को PB-I वेतनमान यानी 5,200 से 20,200 रुपये के पे-बैंड में रखा जाएगा, जिसमें पद के अनुसार 1,800 से लेकर 2,400 रुपये तक का ग्रेड पे भी जोड़ा जाएगा।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
इस भर्ती में चयन दो चरणों में होगा। पहले प्रारंभिक परीक्षा और फिर मुख्य परीक्षा। अगर किसी विषय के लिए आवेदनों की संख्या 50 हजार से ज्यादा हो जाती है, तभी प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन, झारखंड राज्य से जुड़ी जानकारी, गणित, विज्ञान और मानसिक क्षमता जैसे विषयों से कुल 120 सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा में तीन पेपर होंगे, जिनमें हिंदी-अंग्रेजी भाषा ज्ञान, क्षेत्रीय-जनजातीय भाषा और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। हर गलत जवाब पर एक अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी, इसलिए उम्मीदवारों को सोच-समझकर ही जवाब देना चाहिए।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के दौरान मिले रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से दोबारा लॉगिन कर फॉर्म को चरणबद्ध तरीके से भरना होगा, हर पेज भरने के बाद "सेव एंड कंटीन्यू" पर क्लिक करना जरूरी है। इसके बाद शुल्क जमा कर फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे, और अंत में फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंटआउट संभालकर रखना चाहिए, ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।

