JOSAA : IIT और NIT में डिमांड वाली BTech ब्रांच की सीटें पहले राउंड में ही फुल
JoSAA counselling 2026: जोसा काउंसलिंग के पहले राउंड के सीट आवंटन में आईआईटी और एनआईटी की मुख्य बीटेक ब्रांच में बड़ी संख्या में सीटें आवंटित हो गई हैं। सबसे अधिक मांग बीटेक सीएसई, एआईडीएस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की रही।

JoSAA counselling 2026: जोसा काउंसलिंग 2026 के तहत आईआईटी पटना और एनआईटी पटना में एडमिशन प्रक्रिया के पहले राउंड में छात्रों ने अपनी पसंदीदा ब्रांच को प्राथमिकता दी है। पहले राउंड के सीट आवंटन में आईआईटी और एनआईटी की मुख्य ब्रांच में बड़ी संख्या में सीटें आवंटित हो गई हैं। सबसे अधिक मांग कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएस), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डाटा साइंस (एआईडीएस), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की रही। एनआईटी, पटना की कुल 1023 सीटों में से 1012 सीटों का आवंटन हो चुका है। कंप्यूटर साइंस में 175 में 175 सीटें और एआईडीएस में 75 में 75 सीटें आवंटित हो चुकी हैं।
ड्यूल कोर्स की कुछ सीटें आवंटित नहीं हुई
संस्थान के एकेडमिक डीन प्रो. एमपी सिंह ने बताया कि सिर्फ ड्यूल कोर्स की कुछ सीटें आवंटित नहीं हुई हैं। शेष सीटें फुल हैं। वहीं आईआईटी, पटना में 817 में 785 सीटें आवंटित हो चुकी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बेहतर रैंक वाले अभ्यर्थियों ने सबसे पहले कंप्यूटर साइंस और अन्य डिजिटल तकनीक से जुड़ी ब्रांच को प्राथमिकता दी है।
कोर ब्रांच में अभी कुछ सीटें खाली
हालांकि, दोनों ही संस्थानों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर जैसी कोर ब्रांच में अभी कुछ सीटें खाली हैं। दूसरे राउंड में इन ब्रांचों में सीट मिलने की उम्मीद रखने वाले अभ्यर्थियों की नजर रहेगी। पहले राउंड के लिए 26 जून को प्रमाण-पत्र जमा करना है। अभ्यर्थी उसमें 29 जून तक सुधार कर सकेंगे।
5 राउंड में जोसा काउंसलिंग, एक अतिरिक्त राउंड
इस बार जोसा काउंसलिंग कुल छह राउंड में होगी जिसमें 5 सामान्य राउंड होंगे और एक एडिश्नल राउंड होगा। जिन छात्रों को उनकी पसंद की सीट नहीं मिली है, उनके पास स्लाइड विकल्प चुनने का मौका रहेगा। स्लाइड विकल्प के माध्यम से विद्यार्थी अगले राउंड में अपनी उच्च प्राथमिकता वाली ब्रांच मिलने की संभावना बनाए रख सकते हैं।
बीटेक की कितनी सीटें
इस वर्ष देशभर के तकनीकी संस्थानों में कुल 4,470 नई सीटें जोड़ी गई हैं। सीट मैट्रिक्स के अनुसार 23 आईआईटी में कुल 18,951 सीटों पर प्रवेश होगा। 32 एनआईटी में 25,162 सीटें उपलब्ध हैं। 26 आईआईआईटी में 11,518 व जीएफटीआई में 11,692 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। चारों श्रेणियों के संस्थानों में कुल 67,323 सीटों पर प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
छात्रों के लिए विकल्प
जिन छात्रों को सीट आवंटित हुए हैं उनके सामने तीन विकल्प होंगे
1. फ्रीज - वैसे छात्र जिन्हें वांछित सीट आवंटित हो गई है और वो अगले चक्र के लिए अनिच्छुक हैं उन्हें अपने उपलब्ध सीट को फ्रीज करना होगा। यदि छात्र ने फ्रीज ऑप्शन को चुना है तो इस स्थिति में उसे किसी भी परिवर्तन का ऑप्शन नहीं रहेगा।
2. फ्लोट - वैसे छात्र जिन्हें आवंटित सीट तो स्वीकार है, लेकिन वे बेहतर कॉलेज के लिए अगले चक्र के काउंसलिंग प्रक्रिया में बने रहना चाहते हैं तो उन्हें अपने सीट को फ्लोट करना होगा।
3. स्लाइड - वैसे छात्र जिन्हें आवंटित सीट तो स्वीकार है, लेकिन वे उसी संस्थान में बेहतर ब्रांच के इच्छुक हैं तो उन्हें अपने सीट को स्लाइड मोड में रखना होगा।
जोसा काउंसलिंग अहम तिथियां
राउंड 1
26 जून, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान की अंतिम तिथि (राउंड 1)।
29 जून, 2026 (13:00 तक): भुगतान के प्रयास करने वाले उम्मीदवारों के लिए फीस भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान।
जोसा काउंसलिंग 2026 का आगे का शेड्यूल
राउंड 2:
30 जून, 2026 (17:00): सीट अलॉटमेंट रिजल्ट (राउंड 2)।
30 जून से 3 जुलाई, 2026 (17:00 तक): ऑनलाइन रिपोर्टिंग (फीस भुगतान, दस्तावेज अपलोड, प्रश्नों के उत्तर)।
1 जुलाई (10:00) से 3 जुलाई, 2026 (17:00 तक): सीट वापस लेने / सीट आवंटन प्रक्रिया से बाहर निकलने की शुरुआत।
3 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान की अंतिम तिथि (राउंड 2)।
4 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान (राउंड 2)।
राउंड 3:
6 जुलाई, 2026 (17:00): थर्ड सीट अलॉटमेंट रिजल्ट (राउंड 3)।
6 जुलाई से 8 जुलाई, 2026 (17:00 तक): ऑनलाइन रिपोर्टिंग (फीस भुगतान, दस्तावेज अपलोड )।
7 जुलाई (10:00) से 8 जुलाई, 2026 (17:00 तक): सीट वापस लेने / एग्जिट प्रक्रिया की शुरुआत (राउंड 3)।
8 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान की अंतिम तिथि (राउंड 3)।
9 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस समस्याओं का समाधान; निकासी और अन्य प्रश्नों का उत्तर देने का अंतिम दिन।
राउंड 4:
10 जुलाई, 2026 (17:00): सीट आवंटन (राउंड 4)।
10 जुलाई से 13 जुलाई, 2026 (17:00 तक): ऑनलाइन रिपोर्टिंग (फीस भुगतान, दस्तावेज़ अपलोड, प्रश्नों के उत्तर)।
11 जुलाई (10:00) से 14 जुलाई, 2026 (17:00 तक): सीट वापस लेने / एग्जिट प्रक्रिया की शुरुआत (केवल IITs/IISc के लिए विड्रॉल/एग्जिट का यह अंतिम राउंड है)।
13 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान की अंतिम तिथि (Round 4)।
14 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस समस्याओं का समाधान (Round 4)।
15 जुलाई, 2026 (17:00 तक): निकासी और अन्य प्रश्नों का उत्तर देने का अंतिम दिन।
राउंड 5 (IITs/IISc के लिए अंतिम राउंड):
16 जुलाई, 2026 (17:00): सीट आवंटन (Round 5) - IITs/IISc के लिए सीट आवंटन का अंतिम राउंड।
16 जुलाई से 20 जुलाई, 2026 (17:00 तक): ऑनलाइन रिपोर्टिंग (फीस भुगतान, दस्तावेज़ अपलोड, प्रश्नों के उत्तर)।
20 जुलाई, 2026 (17:00 तक): फीस भुगतान की अंतिम तिथि (राउंड 5)।
21 जुलाई, 2026 (17:00 तक): यदि कोई हो तो फीस समस्याओं का समाधान / प्रश्नों के उत्तर देने का अंतिम दिन। इस दिन IITs/IISc के लिए सीट आवंटन समाप्त हो जाएगा।
केवल NIT+ सिस्टम के लिए :
16 जुलाई से 20 जुलाई, 2026 (17:00 तक): सीट वापस लेने (राउंड 6) की शुरुआत।
17 जुलाई से 21 जुलाई, 2026 (17:00 तक): विड्रॉल क्वेरी रिस्पॉन्स।
22 जुलाई से 24 जुलाई, 2026 (17:00 तक): आंशिक प्रवेश शुल्क का ऑनलाइन भुगतान।


