JMI Placement : जामिया के छात्र को 11.59 लाख का पैकेज, BTech समेत 34 छात्रों को मिले शानदार जॉब ऑफर
जामिया के बीटेक, एमटेक, एमसीए और एमएससी कोर्सेज 2027 बैच के 34 छात्रों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में नौकरी मिली है। देश की नामी आईटी सेवा और कंसल्टिंग कंपनी टीसीएस कैंपस प्लेसमेंट के लिए जामिया में आई थी।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) के बीटेक, एमटेक, एमसीए और एमएससी कोर्सेज 2027 बैच के 34 छात्रों को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में नौकरी मिली है। देश की नामी आईटी सेवा और कंसल्टिंग कंपनी टीसीएस कैंपस प्लेसमेंट के लिए जामिया में आई थी। यह चयन जामिया के यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल (UPC) की ओर से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया के तहत किया गया। TCS की ओर से आयोजित एप्टीट्यूड टेस्ट में कुल 300 छात्रों ने हिस्सा लिया। यह परीक्षा 25 जुलाई को फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की कंप्यूटर लैबोरेटरीज में आयोजित हुई थी। इनमें से 117 छात्रों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
इसके बाद 3 और 4 अगस्त को TCS के कार्यालय में इंटरव्यू आयोजित किए गए, जिसके बाद 34 छात्रों का अंतिम रूप से चयन किया गया।
तीन TCS प्रोफाइल में हुआ चयन
चयनित छात्रों को TCS की तीन अलग-अलग प्रोफाइल में जॉब ऑफर हुई है-
- इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक एक स्टूडेंट को TCS प्राइम के लिए चुना गया, जिसका सालाना पैकेज 9.09 लाख से 11.59 लाख तक है। TCS डिजिटल के लिए 26 स्टूडेंट्स चुने गए, जिनका सालाना पैकेज 7.09 लाख रुपये से 7.39 लाख रुपये तक है। जबकि TCS निंजा के लिए सात स्टूडेंट्स चुने गए, जिनका पैकेज 3.46 लाख रुपये से 3.62 लाख रुपये तक है।
यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल ने कहा कि वह छात्रों को ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें प्रमुख कंपनियों में करियर के अवसर हासिल करने में मदद करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
डिस्टेंस कोर्स के लिए अब 8 सितंबर तक करें आवेदन
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में मौजूदा 49 कार्यक्रमों के अलावा 11 नए सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। विश्वविद्यालय ने विभिन्न डिस्टेंस और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तारीख 10 अगस्त से बढ़ाकर आठ सितंबर कर दी है। नए पाठ्यक्रमों में विदेशी भाषाओं, डिजिटल मीडिया और कौशल आधारित विषयों को प्राथमिकता दी गई है। इनमें फ्रेंच, स्पेनिश, चीनी, फारसी, अरबी और रूसी भाषा के सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम शामिल हैं।
जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ व रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी ने कहा कि रोजगारपरक व कौशल-आधारित प्रोग्रामों से उच्च शिक्षा के अवसर मजबूत होंगे और दूरदराज के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ने का मौका मिलेगा। सीडीओई के निदेशक प्रो. असलम खान ने बताया कि उम्मीदवार आठ सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बीएड प्रवेश परीक्षा की तारीख में बदलाव
बीएड और एमबीए (ओडीएल) के अभ्यर्थियों के लिए भी प्रवेश परीक्षा की तारीख में बदलाव किया गया है। अब दोनों पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 19 सितंबर को होगी। पहले यह परीक्षा 22 अगस्त को प्रस्तावित थी। परीक्षा जेएमआई परिसर में होगी। परीक्षा केंद्र की जानकारी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के माध्यम से दी जाएगी।


