जेईई मेन टॉपर बनेगा सेना में अफसर, IIT के बाद गूगल में नौकरी, अब CDS टॉप कर देश सेवा करेंगे लोहिताक्ष महाजन
लोहिताक्ष महाजन ने जेईई मेन 2021 में टॉप किया था। जेईई एडवांस्ड में शानदार प्रदर्शन कर आईआईटी बॉम्बे से बीटेक एमटेक किया। गूगल इंडिया में नौकरी लगी। अब उन्होंने यूपीएससी सीडीएस परीक्षा में टॉप किया है।

जम्मू कश्मीर के लोहिताक्ष महाजन ने करोड़ों रुपयों के कॉरपोरेट करियर को ठुकराकर देश सेवा को चुना है। उन्होंने देश के युवा इंजीनियरों के सामने एक शानदार मिसाल पेश की है। कठुरा जिले के रहने वाले लोहिताक्ष ने यूपीएससी सीडीएस I परीक्षा में ऑल इंडिया टॉप किया है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी बॉम्बे से बीटेक एमटेक की डिग्री हासिल की है और फिलहाल वह गूगल इंडिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर जॉब कर रहे हैं। लोहिताक्ष ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन और एडवांस्ड में भी धाकड़ प्रदर्शन किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जेईई मेन में 99.988 पर्सेंटाइल हासिल कर जम्मू कश्मीर के टॉपर बने थे। जेईई एडवांस्ड में भी उन्होंने 544वीं रैंक हासिल की थी।
लाखों करोड़ों के पैकेज की राह छोड़ सेना में जाना चुना
आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई और गूगल इंडिया की नौकरी के बाद लोहिताक्ष के पास सफलता और शोहरत हासिल करने के कई रास्ते थे। लेकिन उन्होंने इन सबके बजाय देश सेवा का रास्ता चुना। 2 नवंबर 2026 को घोषित सीडीएस परीक्षा परिणाम में टॉप कर उन्होंने साबित कर दिया कि उनके लिए सफलता का मतलब सिर्फ मोटी सैलरी और बड़ा पैकेज नहीं, बल्कि भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश के लिए कुछ कर गुजरना है।
मां लेक्चरर और पिता ड्राफ्टमैन
लोहिताक्ष के मां मधुबाला महाजन विवेकानंद कॉलेज में लेक्चरर हैं और उनके पिता दीपो कुमार PWD कठुआ में हेड ड्राफ्टमैन हैं। बेटे की कामयाबी पर घर में काफी खुशी का माहौल है। सफलता पर पिता ने कहा कि लोहिताक्ष ने थल सेना, वायु सेना और नौसेना तीनों अंगों के लिए सीडीएस ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। पिता ने बताया कि वे शुरू से ही बहुत अनुशासित थे और नियमित रूप से प्रैक्टिस पेपर्स हल करते थे। लोहिताक्ष की इस सफलता पर पूरे कठुआ जिले और जम्मू-कश्मीर को गर्व है।
मां नहीं चाहती बेटा डिफेंस में जाए
मां ने बताया कि वह लोहिताक्ष को सेना में नहीं भेजना चाहती थीं, लेकिन लोहिताक्ष का खुद का रुझान सशस्त्र बलों की ओर था। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हो रहा है कि जिसमें वह बेटे की सफलता की खबर मिलते ही अपने मोबाइल में लोहिताक्ष की फोटो देखकर उसे बार-बार चूम रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि कितना गर्व महसूस हो रहा है, तो उन्होंने भावुक होकर कहा कि गर्व की तो बहुत बड़ी बात है, लेकिन उसने यह सब मेरी इच्छा के खिलाफ किया है क्योंकि वे उसे आर्मी में नहीं भेजना चाहती थीं। उन्होंने आगे कहा पता नहीं उसका दिल इसमें कैसे आ गया।'
मां ने बताया कि इसके अलावा लोहिताक्ष ने जेईई मेन 2021 में 99.988 परसेंटाइल लाकर जम्मू-कश्मीर में पहली रैंक और ऑल इंडिया रैंक 194 हासिल की थी। आईआईटी बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उसका गेट (GATE) एग्जाम भी क्लियर है। पापा ने पढ़ाई में उसकी काफी हेल्प की। उन्होंने अपने परिवार के बारे में बताते हुए कहा कि उनके दो बच्चे हैं। लोहिताक्ष उनका बड़ा बेटा है और उनकी छोटी बेटी स्कास्ट में बीएससी हॉर्टिकल्चर की पढ़ाई कर रही है।
एनडीए, NTSE, RIMC भी कर चुके हैं क्रैक
लोहिताक्ष जेईई व आईआईटी के अलावा भी कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। लोहिताक्ष ने 12वीं तक की पढ़ाई स्प्रिंग डेल स्कूल से की है। पिता ने बताया कि 12वीं परीक्षा में 98.4% अंकों के साथ उन्होंने पूरे राज्य में चौथी रैंक हासिल की थी। उन्होंने नेशनल टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन (NTSE) परीक्षा पास की थी जिसके चलते उसे वार्षिक 24000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलती थी। RIMC देहरादून की लिखित परीक्षा और NDA की लिखित परीक्षा भी 3 बार पास की थी।

