जेईई मेन छात्रों के लिए और मौके, MNNIT में बीटेक अब एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में भी
MNNIT में अब एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की भी पढ़ाई होगी। संस्थान बीटेक एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का नया स्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग को कार्यक्रम शुरू करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है।

एमएनएनआईटी प्रयागराज में अब एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की भी पढ़ाई होगी। संस्थान शैक्षिक सत्र 2027-28 से बीटेक एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का नया स्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग को कार्यक्रम शुरू करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। सीनेट की बैठक में पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद बोर्ड ऑफ गर्वनर्स (बीओजी) से हालिया मंजूरी के बाद 30 सीटों का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेज दिया गया है। मंजूरी के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस संस्थान में जेईई मेन स्कोर के आधार पर बीटेक कोर्स में दाखिला मिलता है।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में विद्यार्थियों को विमान और अंतरिक्ष यानों के डिजाइन, निर्माण और संचालन से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी जाएगी। पाठ्यक्रम में एयरोडायनामिक्स, विमान संरचना, प्रणोदन प्रणाली, उड़ान यांत्रिकी, एयरोस्पेस सामग्री और नियंत्रण प्रणाली जैसे विषय शामिल होंगे। विद्यार्थियों को भौतिकी, कंप्यूटर आधारित डिजाइन व इंजीनियरिंग के मूल सिद्धांतों की जानकारी भी दी जाएगी। एमएनएनआईटी ने एयरोस्पेस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की भी पहल की है। टेक्सास विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी हो चुकी है। दोनों संस्थान शिक्षा, शोध और कार्यबल विकास क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे।
ट्रिपलआईटी में बीटेक आईटी के चार विद्यार्थियों को 1.58 करोड़ का पैकेज
ट्रिपलआईटी के बीटेक 2026 बैच के 480 विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें 462 का चयन हुआ। इस तरह कुल प्लेसमेंट 96.25 प्रतिशत रहा। बीटेक इंफार्मेशन टेक्नॉलाजी के चार विद्यार्थियों को सर्वाधिक 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। चयनित विद्यार्थियों का औसत वार्षिक सीटीसी करीब 32.50 लाख और मध्यिका सीटीसी 26 लाख रुपये रही। विद्यार्थियों को 46 प्री-प्लेसमेंट ऑफर, छह माह के ऑन-साइट इंडस्ट्री इंटर्नशिप के साथ 119 फुल-टाइम जॉब ऑफर और 97 विशिष्ट फुल-टाइम ऑफर मिले। 200 विद्यार्थियों को प्रदर्शन आधारित रोजगार के अवसर भी मिले। एमटेक के 145 पंजीकृत विद्यार्थियों में 112 का चयन हुआ और प्लेसमेंट दर 77.24 प्रतिशत रही।


