JEE Main की तरह NEET और CUET भी साल में 2 बार, कई बड़े बदलाव लाने की तैयारी में शिक्षा मंत्रालय

लाइव हिन्दुस्तान, विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

NEET UG , CUET UG Exam : शिक्षा मंत्रालय ने अपने मसौदे में जेईई मेन की तरह नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं को भी साल में कम से कम दो बार आयोजित करने का सुझाव दिया गया है।

NEET UG Exam
नीट यूजी परीक्षा

जेईई मेन, नीट और सीयूईटी जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों की कोचिंग संस्थानों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय ने एक अहम मसौदा तैयार किया है। इसके तहत जेईई मेन की तरह नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं को भी साल में कम से कम दो बार आयोजित करने का सुझाव दिया गया है। प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है। पूर्व उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी की अध्यक्षता में गठित समिति ने नीट और अन्य परीक्षा व्यवस्था में कई बदलावों का सुझाव दिया था। इसको लेकर मंत्रालय को फैसला करना है।

एक अधिकारी ने कहा नीट परीक्षा की पूरी प्रक्रिया प्रोटोकॉल को तय करने के लिए नंदन नीलकेणी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय टास्क फोर्स भी काम कर रहा है। इसलिए अभी कई स्तरों पर मंथन चल रहा है। अभी सभी सुझावों पर गौर करके परीक्षाओं को पेपर लीक से बचाने और छात्रों का तनाव कम करने पर फैसले लिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व शिक्षा सचिव विनीत जोशी की अध्यक्षता वाली समिति ने जेईई, नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं को साल में कम से कम दो बार आयोजित करने का सुझाव दिया है। वर्तमान में जेईई मेन को छोड़कर नीट और सीयूईटी का आयोजन आम तौर पर साल में एक बार होता है। समिति का मानना है कि एक ही अवसर उपलब्ध होने से छात्रों पर परीक्षा का दबाव बढ़ता है। दो अवसर मिलने से उन्हें अपनी तैयारी के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन का मौका मिल सकेगा।

स्कूली शिक्षकों को दिया जाए विशेष प्रशिक्षण

मसौदे में स्कूली शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की जरूरतों के अनुरूप छात्रों को तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण देने की सिफारिश भी की गई है। इसका उद्देश्य छात्रों को स्कूल स्तर पर ही ऐसी तैयारी उपलब्ध कराना है, जिससे महंगी निजी कोचिंग पर उनकी निर्भरता कम हो सके।

प्रश्नपत्रों के स्तर की होगी समीक्षा

समिति ने प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर की नए सिरे से समीक्षा करने का सुझाव दिया है। छात्रों की ओर से अक्सर यह शिकायत सामने आती रही है कि कुछ प्रश्न निर्धारित स्कूली पाठ्यक्रम से बाहर के होते हैं या उनका स्तर कक्षा 12 के विद्यार्थियों की अपेक्षित तैयारी से काफी अधिक होता है। मसौदे में ऐसे प्रश्नों की समीक्षा कर परीक्षा के स्तर को स्कूली शिक्षा के अनुरूप बनाने पर जोर दिया गया है।

neet

केवल एनसीईआरटी पाठ्यक्रम तक सीमित न हो प्रश्नपत्र

समिति ने सुझाव दिया है कि प्रश्नपत्रों को केवल एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार करने के बजाय विभिन्न राज्यों के बोर्डों के पाठ्यक्रम को भी ध्यान में रखा जाए। समिति का तर्क है कि इन परीक्षाओं में केंद्रीय बोर्डों के साथ-साथ विभिन्न राज्य बोर्डों से पढ़कर आने वाले बड़ी संख्या में छात्र शामिल होते हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम में व्यापक समानता लाने से ग्रामीण और राज्य बोर्ड के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में समान अवसर मिल सकेगा।

जेईई, नीट, सीयूईटी का डुप्लीकेट स्कोरकार्ड मिलेगा

छात्रों को हित को देखते हुए एनटीए ने एक बड़ा निर्णय लिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभ्यर्थियों के लिए डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है। जिन अभ्यर्थियों का जेईई मेन, नीट यूजी, सीयूईटी पीजी या एनटीए की अन्य परीक्षाओं का मूल स्कोरकार्ड खो गया, चोरी हो गया है, खराब हो गया है वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने से पहले डिजीलॉकर पर स्कोरकार्ड जरूर जांच लें। यदि स्कोरकार्ड डिजीलॉकर में उपलब्ध है, तो उसे वहीं से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में अलग से डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि स्कोरकार्ड डिजीलॉकर पर उपलब्ध नहीं है, तो अभ्यर्थी को आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन पत्र एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुलग्नक-1 में दिया गया है। ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध होने तक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज ई-मेल से भेजने होंगे। इसके बाद आवेदन की हार्ड कॉपी पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट से एनटीए को भेजनी होगी। ई-मेल से आवेदन भेजने के बाद निर्धारित अवधि के भीतर हार्ड कॉपी जमा करना जरूरी होगा।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़जेईई मेन की तरह नीट और सीयूईटी भी साल में 2 बार कराने की तैयारी