JEE Main Session 2 रिजल्ट में किस राज्य का दबदबा? कहां से निकले सबसे ज्यादा टॉपर्स
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के जेईई मेन 2026 के नतीजों में दक्षिण भारत का जलवा दिखा। जानिए किस राज्य ने दिए सबसे ज्यादा टॉपर्स।
JEE Main 2026 सेशन 2 के नतीजे आ चुके हैं। इस बार 26 छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल की है। ऐसे में सवाल लाजमी है कि आखिर इस बार किस सूबे के छात्रों ने इस लिस्ट में दबदबा कायम किया है। किस राज्य के बच्चों ने सबसे ज्यादा झंडे गाड़े और 100 परसेंटाइल का वो जादुई आंकड़ा छुआ जिसका ख्वाब हर इंजीनियर बनने वाला छात्र अपनी खुली आंखों से देखता है? चलिए, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से जारी किए गए नतीजों को खंगालते हैं और जानते हैं किस राज्य के जेईई मेन सेशन 2 में अपनी जगह बनाई है।
26 नगीने और 100 परसेंटाइल का वो खास क्लब
सबसे पहले तो आपको यह बता दें कि इस साल पूरे देश से कुल 26 ऐसे होनहार छात्र सामने आए हैं, जिन्होंने अपनी काबलियत और दिन-रात की मेहनत का लोहा मनवाते हुए पूरे 100 परसेंटाइल का NTA स्कोर हासिल किया है। अगर सीधे-सीधे 'स्टेट-वार' या राज्य के हिसाब से बात करें, तो इस बार तेलंगाना और आंध्र प्रदेश ने मिलकर बाकी सभी राज्यों को बहुत पीछे छोड़ दिया है। 100 परसेंटाइल लाने वाले 26 टॉपर्स की फेहरिस्त में 5 छात्र अकेले तेलंगाना से हैं और 5 छात्र आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं।
आंध्र प्रदेश से जोन्नाला रोशन मनिदीप रेड्डी, नरेंद्रबाबू गरी महित, थुंगा दुर्गा सुप्रभाथ, पसला मोहित और बिज्जम वेंकट चंद्र शेखर रेड्डी ने 100 परसेंटाइल लाकर अपने राज्य का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। वहीं, तेलंगाना की तरफ से मन्था शिव कामेश, दोरनाला भवितेश रेड्डी, साई रित्विक रेड्डी वेंकटरेड्डी वल्ला, विवान शरद महिस्वरी और ऋषि प्रेमनाथ ने कामयाबी के इस सबसे ऊंचे मुकाम पर अपना पक्का कब्जा जमाया है। कुल मिलाकर इन दोनों पड़ोसी राज्यों ने ही देश को अकेले 10 टॉपर्स दे दिए हैं।
राजस्थान से भी निकले 4 महारथी
दक्षिण भारत के शानदार प्रदर्शन के बाद अगर किसी राज्य का सबसे ज्यादा जलवा देखने को मिला है, तो वो राजस्थान है। अपने आप में एक बहुत बड़ा एजुकेशन हब बन चुका राजस्थान और खास तौर पर वहां का कोटा शहर लंबे वक्त से इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी का मक्का माना जाता है। इस साल भी राजस्थान के 4 होनहार छात्रों ने 100 परसेंटाइल में अपनी जगह बनाई है। जिनमें कबीर छिल्लर, चिरांजीब कर, अर्णव गौतम और यशवर्धन शामिल हैं।
दिल्ली, महाराष्ट्र और हरियाणा ने भी दिखाया अपना दम
देश की राजधानी दिल्ली ने भी इस कड़े मुकाबले में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए बेहतरीन नतीजे दिए हैं। दिल्ली (NCT) के तीन छात्रों श्रेयस मिश्रा, आदित्य गुप्ता और अथर्व पंजाबी ने पूरे देश में टॉपर्स लिस्ट में अपनी जगह पक्की की है। इसके अलावा महाराष्ट्र और हरियाणा के भी 2-2 छात्रों ने पूरे 100 परसेंटाइल का ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया है। महाराष्ट्र से सिद्धार्थ श्रीकांत आठले और माधव विरडिया, जबकि हरियाणा की तरफ से अर्णव गांधी और अनय जैन ने इस इम्तिहान में बड़ी बाजी मारी है।
कई राज्य ऐसे भी रहे जहां से भले ही 100 परसेंटाइल लाने वालों की तादाद कम रही हो, लेकिन वहां के छात्रों ने अपनी मौजूदगी मजबूती से दर्ज कराई है। बिहार से शुभम कुमार, तमिलनाडु से थम्मीना गिरीश, ओडिशा से भावेश पात्रा, गुजरात से पुरोहित निमय और चंडीगढ़ से आरुष सिंघल ने अपनी अथाह मेहनत के बलबूते अपने अपने सूबों का नाम 100 परसेंटाइल की इस खास लिस्ट में शामिल करवाया है।
लड़कियों में भी तेलंगाना का नाम सबसे ऊपर
एक और बेहद खास और सुकून देने वाली बात जो इस बार के नतीजों में देखने को मिली, वो है लड़कियों का शानदार और बेखौफ प्रदर्शन। आपको जानकर बेहद खुशी होगी कि फीमेल कैटेगरी (लड़कियों के वर्ग) में भी सबसे ज्यादा NTA स्कोर लाने का बड़ा खिताब तेलंगाना के ही खाते में गया है। तेलंगाना की मल्लावरपू आसना ने लड़कियों में सबसे ज्यादा 99.9982287 परसेंटाइल हासिल कर पूरे देश में पहला मुकाम पाया है। उनके ठीक पीछे हरियाणा की आशी ग्रेवाल और राजस्थान की सौम्या गुप्ता का नंबर आता है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


