JEE Main 2026: कुछ घंटों का बचा है वक्त, आज खत्म हो रही है सेशन 2 की रजिस्ट्रेशन विंडो
JEE Main 2026 सत्र 2 के लिए रजिस्ट्रेशन आज रात 9 बजे बंद हो जाएंगे। NTA ने छात्रों की भारी मांग पर आवेदन का यह आखिरी मौका दिया है। जल्द करें आवेदन।

देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले का सपना देख रहे छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से JEE Main 2026 सेशन 2 के लिए दोबारा खोली गई रजिस्ट्रेशन विंडो आज, 13 मार्च को बंद होने जा रही है। जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के लिए अब बस कुछ ही घंटों का समय बचा है। यह उन छात्रों के लिए 'गोल्डन चांस' है जो तकनीकी कारणों या किसी अन्य वजह से पहले आवेदन करने से चूक गए थे।
आज रात 9 बजे तक ही खुलेगा पोर्टल
NTA की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम सीमा आज रात 9:00 बजे तक निर्धारित की गई है। हालांकि, छात्रों को थोड़ी राहत देते हुए आवेदन शुल्क (Application Fee) जमा करने के लिए रात 11:50 बजे तक का समय दिया गया है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। एजेंसी ने साफ किया है कि यह केवल उन छात्रों के लिए है जिन्होंने पहले आवेदन नहीं किया था या जिनकी फीस पेंडिंग थी। जिन छात्रों ने पहले ही सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कर लिया है, उन्हें दोबारा कुछ भी करने की जरूरत नहीं है और न ही उन्हें फॉर्म में सुधार करने की अनुमति दी जाएगी।
छात्रों की मांग पर लिया गया फैसला
गौरतलब है कि सेशन 2 के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले 1 फरवरी से 25 फरवरी तक चली थी। इसके बाद 27 और 28 फरवरी को करेक्शन विंडो भी खोली गई थी। लेकिन पोर्टल बंद होने के बाद NTA को देशभर से सैकड़ों छात्रों के संदेश और अनुरोध प्राप्त हुए, जिसमें उन्होंने रजिस्ट्रेशन विंडो को फिर से खोलने की गुहार लगाई थी। छात्रों की परेशानी को देखते हुए NTA ने 12 मार्च की दोपहर से 13 मार्च की रात तक के लिए पोर्टल को दोबारा लाइव करने का निर्णय लिया।
अप्रैल में आयोजित होगी परीक्षा
JEE Main 2026 के दूसरे सत्र की परीक्षाएं 2 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी, जो भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ विदेशों के भी कुछ चुनिंदा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। अप्रैल सत्र के नतीजे आने के बाद, दोनों सत्रों (जनवरी और अप्रैल) में से छात्र के सर्वश्रेष्ठ स्कोर को रैंकिंग के लिए माना जाएगा। टॉप 2.5 लाख उम्मीदवार JEE Advanced के लिए क्वालीफाई करेंगे, जिससे IIT में दाखिले का रास्ता साफ होगा।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


