
JEE Main 2026 सेशन 1 रजिस्ट्रेशन आज रात बंद, करेक्शन विंडो 1-2 दिसंबर, ऐसे करें भूलों का सुधार
आज JEE Main 2026 सेशन 1 रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन है। रात 11:50 बजे तक फॉर्म और फीस जमा की जा सकती है। करेक्शन विंडो 1-2 दिसंबर को खुलेगी और परीक्षा जनवरी के अंतिम हफ्ते में होगी।
JEE Main 2026: इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे लाखों स्टूडेंट्स के लिए आज बेहद अहम दिन है। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE Main) सेशन 1 के लिए रजिस्ट्रेशन 27 नवंबर 2025 की रात 11:50 बजे तक ही खुले हैं। जो भी उम्मीदवार जनवरी में होने वाले पहले सेशन में शामिल होना चाहते हैं, उनके पास आवेदन जमा करने और फीस भरने का यह आखिरी मौका है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने साफ कर दिया है कि रजिस्ट्रेशन की आखिरी समयसीमा के बाद किसी भी हाल में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। JEE Main सेशन 1 की परीक्षा 21 से 30 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि रिज़ल्ट 12 फरवरी 2026 को घोषित होगा।
JEE Main 2026: 1-2 दिसंबर को खुलेगी करेक्शन विंडो
जिन उम्मीदवारों को अपने आवेदन पत्र में किसी तरह का बदलाव करना है, उन्हें 1 और 2 दिसंबर 2025 को यह सुविधा मिलेगी। हालांकि, ध्यान रहे कि कुछ फील्ड में सुधार के लिए अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ सकता है।
NTA ने जिन जानकारी में बदलाव की अनुमति दी है, उनमें शामिल हैं -
- उम्मीदवार का नाम
- माता/पिता का नाम
- क्लास 10 और क्लास 12 के विवरण
- स्टेट कोड ऑफ एलिजिबिलिटी
- परीक्षा शहर का चयन
- परीक्षा माध्यम
- जन्मतिथि
- जेंडर
- कैटेगरी
- हस्ताक्षर
वहीं इन जानकारियों में किसी भी प्रकार का बदलाव अनुमति नहीं होगी -
- मोबाइल नंबर
- ई मेल पता
- स्थायी/वर्तमान पता
- इमरजेंसी कॉन्टैक्ट
- उम्मीदवार का फोटोग्राफ
JEE Main 2026: क्या है आयु सीमा?
NTA जनवरी 2026 के पहले हफ्ते में परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध कराएगा। इसके बाद एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से तीन से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों के लिए यह भी राहत की बात है कि JEE Main 2026 में शामिल होने के लिए कोई आयु सीमा तय नहीं की गई है। 2024, 2025 में 12वीं पास करने वाले या 2026 में 12वीं देने वाले सभी छात्र इसमें बैठ सकते हैं। हालांकि, प्रवेश के लिए संबंधित संस्थान अपने स्तर पर आयु सीमा निर्धारित कर सकते हैं।
JEE Main 2026: क्या है एडमिशन प्रक्रिया?
एडमिशन प्रक्रिया CSAB और JoSAA द्वारा जारी होने वाली सीट अलॉटमेंट प्रणाली के जरिए पूरी होगी। उम्मीदवारों को अपनी All India Rank और भरे गए विकल्पों के आधार पर कॉलेज आवंटित किए जाएंगे। जन्मतिथि, पहचान, क्वालिफिकेशन, कैटेगरी और दिव्यांगता से जुड़े असली दस्तावेजों की जांच प्रवेश के समय की जाएगी। SC, ST, OBC, Gen-EWS और PwD अभ्यर्थियों को अपने प्रमाणपत्र निर्धारित प्रारूप में ही प्रस्तुत करने होंगे। JEE Main 2026 के B.E./B.Tech पेपर में शामिल सभी श्रेणियों के टॉप 2,50,000 उम्मीदवार ही आगे की प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। परीक्षा रिकॉर्ड रिज़ल्ट घोषित होने के 90 दिनों तक सुरक्षित रखे जाएंगे।





