JEE Main 2026 Guidelines: जेईई मेन 2026 परीक्षा कल से शुरू, एग्जाम हॉल में जाने से पहले जान लें ड्रेस कोड और नियम
JEE Main 2026 Exam Day Guidelines: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा, JEE Main 2026 कल 21 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा में जाने से पहले जरूरी गाइडलाइंस को जान लेना चाहिए।

NTA JEE Main Exam 2026 Dress Code: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा, JEE Main 2026 (सत्र-1) कल, यानी 21 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड (CBT) में ली जाएगी। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगी।
लाखों छात्रों के भविष्य को तय करने वाली इस परीक्षा के लिए एनटीए ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और उम्मीदवारों के लिए गाइडलाइंस जारी किए हैं।
ड्रेस कोड का पालन है अनिवार्य
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए एनटीए ने एक सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे इन नियमों का पालन करें, अन्यथा उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से रोका जा सकता है।
कपड़े: छात्रों को हल्के कपड़े पहनने चाहिए। लंबी आस्तीन (फुल स्लीव) वाले कपड़े पहनकर न जाएं। बड़े बटन और बहुत सारी जेबों वाले कपड़ों की अनुमति नहीं है।
जूते-चप्पल: बंद जूते या हील्स वाले सैंडल पहनने से बचें। इसके बजाय साधारण चप्पल या कम सोल वाली सैंडल पहनना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
आभूषण: किसी भी तरह के धातु के आभूषण जैसे अंगूठी, कंगन, चेन या कान की बालियां पहनकर जाने की मनाही है।
परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाएं?
उम्मीदवारों को केंद्र पर केवल ये चीजें ले जाने की अनुमति है:
एडमिट कार्ड: आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया गया रंगीन एडमिट कार्ड (स्व-घोषणा पत्र के साथ)।
फोटो: अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए एक पासपोर्ट साइज फोटो।
फोटो आईडी कार्ड: एक ओरिजनल फोटो आईडी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट)।
पारदर्शी पेन: केवल पारदर्शी बॉलपॉइंट पेन।
पानी की बोतल: केवल पारदर्शी बोतल ले जाने की अनुमति है।
महत्वपूर्ण निर्देश और समय का ध्यान
रिपोर्टिंग समय: छात्रों को उनके एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय पर ही केंद्र पहुंचना चाहिए। गेट बंद होने के समय (पहली शिफ्ट के लिए सुबह 8:30 और दूसरी के लिए दोपहर 2:30 बजे) के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या ब्लूटूथ जैसे किसी भी उपकरण को अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
रफ कार्य: रफ कार्य के लिए परीक्षा हॉल के अंदर ही शीट दी जाएगी, जिसे परीक्षा समाप्त होने के बाद वहीं जमा करना होगा।
परीक्षा के दिन स्ट्रैस फ्री रहना सबसे जरूरी है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आज रात पर्याप्त नींद लें और कल समय से पहले घर से निकलें।



