
JEE Main 2026: जेईई मेन फॉर्म करेक्शन को लेकर अहम नोटिस, क्या चेंज कर सकते हैं क्या नहीं , जानें नियम व तिथियां
JEE Main 2026: एनटीए ने जेईई ऑनलाइन आवेदन में सुधार को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन में हुई गलतियों के सुधार के लिए लिंक 1 व 2 दिसंबर को खुला रहेगा। जानें क्या हैं करेक्शन करने के नियम।
जेईई मेन 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2025 है। अब तक 9 लाख 50 हजार से अधिक छात्र आवेदन कर चुके हैं। इसमें बिहार से लगभग 53 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभी यह संख्या और बढ़ेगी। एनटीए के अनुसार सेशन-2 की आवेदन प्रक्रिया फरवरी, 2026 में शुरू होगी। जेईई मेन का पहला सेशन 21 से 30 जनवरी एवं दूसरा सेशन एक से नौ अप्रैल के बीच होगा। एनटीए ने ऑनलाइन आवेदन में सुधार को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन में हुई गलतियों के सुधार के लिए लिंक 1 व 2 दिसंबर को खुला रहेगा। अभ्यर्थी दो दिसंबर रात 11:50 बजे तक सुधार कर सकेंगे।

क्या नहीं बदल सकते
फॉर्म में करेक्शन के दौरान अभ्यर्थी फोन नंबर, ई-मेल आईडी, वर्तमान व स्थायी पता और फोटो में बदलाव नहीं कर सकेंगे।
क्या क्या बदल सकते हैं
इसके अलावा नाम, पिता के नाम, माता का नाम, कक्षा 10वीं, 12वीं, पैन कार्ड की जानकारी, परीक्षा शहर, परीक्षा का माध्यम, जन्म दिनांक, जेंडर, कैटैगिरी, सब कैटेगिरी, हस्ताक्षर और प्रश्नपत्र के विषय में बदलाव कर सकते हैं।
- सुधार का मौका केवल एक बार ही दिया जायेगा। यदि सुधार करने के बाद फ्रीज कर दिया जाता है तो उसमें दुबारा सुधार नहीं कर सकते हैं।
- कैंडिडेट्स को यह जोड़ने की इजाजत होगी कि वे कौन सा पेपर देंगे।
- एनटीए ने कहा कि अगर फीस पर कोई असर पड़ता है, तो लागू होने पर अतिरिक्त फीस ली जाएगी।
- स्टूडेंट्स करेक्शन के बाद नया कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर करेक्शन की पुष्टि कर सकते है।
परीक्षा तिथि या पाली में नहीं होगा बदलाव
एनटीए ने जेईई मेन 2026 से संबंधित फ्रीक्वेंसी आस्क क्वेश्चन (एफएक्यू) जारी किया है। एफएक्यू के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रक्रिया, आवेदन, सुधार अवसर और महत्वपूर्ण नियमों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई है। यदि जेईई मेन की परीक्षा तिथियां किसी अन्य प्रतियोगी परीक्षा से टकराती हैं तो एनटीए परीक्षा तिथि या पाली में कोई परिवर्तन नहीं करेगा। एनटीए ने कहा कि तय की गयी तारीखें व स्लॉट कंप्यूटर द्वारा रैंडम तरीके से आवंटित होते हैं और इन्हें बदला नहीं जा सकता।
जेईई मेन अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग प्रोग्राम जैसे एनआईटी, आईआईआईटी में बीई, बीटेक और अन्य केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों (सीएफटीआई) में बीटेक/बीई प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है। जबकि जेईई मेन का पेपर दो देश में बी आर्क और बी प्लानिंग कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित किया जाता है। जेईई मेन परीक्षाएं खत्म होने के बाद दोनों सत्रों के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर स्टूडेंट्स की रैंक जारी की जाएगी। जेईई मेन परिणाम में पहले 2,50,000 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवार जेईई एडवांस टेस्ट के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। जेईई एडवांस के जरिए आईआईटी में दाखिला मिलता है। आईआईटी एंट्रेंस जेईई एडवांस्ड भी वही दे सकेगा जिसके 12वीं में कम से कम 75 फीसदी मार्क्स होंगे। या फिर संबंधित बोर्ड एग्जाम में टॉप 20 परसेंटाइल उम्मीदवारों में से एक होंगे।





