
जामिया के स्कूलों में कराना चाहते हैं बच्चों का एडमिशन? नर्सरी से 11वीं तक कब और कैसे होगा दाखिला
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने स्कूल एडमिशन 2026-27 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। नर्सरी से 11वीं तक आवेदन तारीख, फीस और प्रक्रिया यहां जानें।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराने की सोच रहे माता-पिता के लिए अच्छी खबर है। जामिया ने सत्र 2026–27 के लिए अपने स्कूलों में एडमिशन का पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया है। यूनिवर्सिटी ने एडमिशन से जुड़ा प्रॉस्पेक्टस भी वेबसाइट पर डाल दिया है, जिसमें तारीख, फीस और आवेदन का तरीका साफ-साफ बताया गया है।
सबसे पहले बात करें नर्सरी, प्रिपरेटरी और कक्षा 1 की, तो इन क्लासों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 7 जनवरी 2026 से शुरू होंगे। आवेदन करने की आखिरी तारीख 27 जनवरी 2026 है। पेरेंट्स जामिया की ऑफिशियल वेबसाइट admission.jmi.ac.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। इन क्लासों के लिए आवेदन फीस 500 रुपये रखी गई है। इन बच्चों की पढ़ाई मुशीर फातमा नर्सरी स्कूल और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस्ड) में होगी।
कक्षा 6 से 9 में दाखिला के लिए रखें इन बातों का ध्यान
अब अगर बच्चे का दाखिला कक्षा 6 या कक्षा 9 में कराना है, तो इसके लिए फॉर्म 5 फरवरी 2026 से मिलेंगे और 5 मार्च 2026 तक भरे जा सकेंगे। इन क्लासों के लिए भी आवेदन फीस 500 रुपये ही है। दाखिले जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जामिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस्ड) और सैयद आबिद हुसैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (सेल्फ फाइनेंस्ड) में होंगे।
कक्षा 11 के लिए अलग है शेड्यूल
कक्षा 11 के लिए जामिया ने अलग शेड्यूल रखा है। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम के लिए आवेदन 20 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगे। यहां भी आवेदन फीस 500 रुपये ही है। कक्षा 11 में दाखिले जामिया से जुड़े सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में किए जाएंगे।
जामिया प्रशासन ने माता-पिता को सलाह दी है कि फॉर्म भरने से पहले वेबसाइट पर दिया गया एडमिशन प्रॉस्पेक्टस ध्यान से पढ़ लें, ताकि उम्र, योग्यता या दस्तावेजों को लेकर कोई दिक्कत न आए और बच्चे का दाखिला आसानी से हो सके।





