जामिया के छात्र को पास होने से पहले ही दिग्गज कंपनी ने किया मालामाल, दिया शानदार पैकेज
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बीटेक छात्र मोहम्मद शमून को दिग्गज पेमेंट कंपनी वीज़ा से 35 लाख रुपये का प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला है।

डिग्री हाथ में आने से पहले ही अगर लाखों के पैकेज की पक्की नौकरी मिल जाए तो खुशी और आत्मविश्वास दोनों कई गुना बढ़ जाते हैं। ऐसा ही शानदार कारनामा कर दिखाया है जामिया मिलिया इस्लामिया के होनहार छात्र मोहम्मद शमून ने। अभी उनकी इंजीनियरिंग की पढ़ाई चल ही रही है और वे साल 2027 में पास-आउट होंगे लेकिन उससे पहले ही दुनिया की मशहूर ग्लोबल पेमेंट कंपनी वीजा (Visa) ने उन्हें 35 लाख रुपये सालाना का प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) थमा दिया है।
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद शमून जामिया के यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग संकाय से बीटेक कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। इस मुकाम तक पहुंचने की शुरुआत एक कड़े मुकाबले से हुई थी। उन्होंने सबसे पहले एक मुश्किल ऑनलाइन असेसमेंट पास किया और फिर कई दौर के टेक्निकल व पर्सनल इंटरव्यू क्लियर करके वीजा कंपनी में इंटर्नशिप हासिल की। इंटर्नशिप के दौरान ही शमून को कंपनी की तरफ से हर महीने 90,000 रुपये का भारी-भरकम स्टाइपेंड मिल रहा था।
कंपनी में काम करते हुए शमून ने अपनी कोडिंग, समस्या सुलझाने की समझ और काम के प्रति लगन से सभी अधिकारियों को प्रभावित किया। इंटर्नशिप की मियाद खत्म होने पर जब कंपनी ने उनके पूरे काम का रिव्यू किया, तो वे शमून की परफॉर्मेंस से इतने खुश हुए कि ग्रेजुएशन का इंतजार किए बिना तुरंत पक्की नौकरी का ऑफर दे दिया। शमून की इस कामयाबी में जामिया की यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल की भी अहम भूमिका रही, जिसने इस पूरी प्रक्रिया को मुमकिन बनाया।
आखिर क्या होता है प्री-प्लेसमेंट ऑफर?
कॉलेज में पढ़ाई के दौरान यह शब्द अक्सर सुनने को मिलता है। आसान जुबान में समझें तो, प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) किसी छात्र को उसकी डिग्री पूरी होने से पहले ही दिया गया पक्की नौकरी का ऑफर होता है। यह ऑफर इस शर्त पर मिलता है कि छात्र अपनी बची हुई पढ़ाई सफलता से पूरी कर ले। जब कोई बड़ी कंपनी किसी संस्थान से छात्रों को इंटर्नशिप के लिए चुनती है, तो वह सिर्फ ट्रेनिंग नहीं देती बल्कि यह भी परखती है कि छात्र भविष्य में उनकी कंपनी के लिए कितना मुफीद साबित होगा।
पीपीओ मिलने का यह सफर आमतौर पर इन चरणों से होकर गुजरता है -
- इंटर्नशिप में एंट्री: सबसे पहले कॉलेज की प्लेसमेंट सेल के जरिए या फिर सीधे अप्लाई करके छात्र किसी कंपनी में इंटर्न के तौर पर जगह बनाता है।
- प्रोजेक्ट्स पर काम: इंटर्नशिप के दौरान छात्र को असली प्रोजेक्ट्स पर काम करना होता है। यहाँ उसके टेक्निकल स्किल्स, टीम में काम करने का तरीका, और मुश्किलों को हल करने की क्षमता को परखा जाता है।
- काम का रिव्यू: इंटर्नशिप के आखिरी हफ्तों में कंपनी मैनेजमेंट छात्र की ओवरऑल परफॉर्मेंस, प्रेजेंटेशन और रवैये का बारीक मूल्यांकन करता है।
- पीपीओ की राह: अगर छात्र का प्रदर्शन कंपनी के मानकों पर खरा उतरता है तो मैनेजमेंट उसे सीधे अपनी टीम में पक्की जगह देने का मन बना लेता है।
- ऑफर लेटर जारी होना: इसके बाद छात्र को डिग्री पूरी होने से पहले ही आधिकारिक ऑफर लेटर दे दिया जाता है। इसमें जॉब रोल, सैलरी पैकेज, लोकेशन और काम शुरू करने की शर्तें लिखी होती हैं।
- छात्र की मंजूरी: नियमों के मुताबिक छात्र इस ऑफर को स्वीकार कर लेता है।
- पढ़ाई पूरी करना: ऑफर हाथ में आने के बाद छात्र बेफिक्र होकर कॉलेज लौटता है और अपना आखिरी साल या सेमेस्टर पूरा करता है।कंपनी में जॉइनिंग: ग्रेजुएशन की डिग्री मिलते ही छात्र सीधे उसी कंपनी में फुल-टाइम एम्प्लॉई के रूप में अपनी पारी शुरू कर देता है।


