
JAC 10th 12th Exam 2026: झारखंड बोर्ड मैट्रिक और इंटर परीक्षा के आवेदन की तिथि घोषित
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए आवेदन की तिथि घोषित कर दी है। इन दोनों परीक्षाओं के लिए 18 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटर बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए आवेदन की तिथि घोषित कर दी है। इन दोनों परीक्षाओं के लिए 18 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। पांच दिसंबर आवेदन करने की अंतिम तिथि होगी। विलंब शुल्क के साथ 6 दिसंबर से 12 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन शुल्क आठ दिसंबर तक जमा कर सकेंगे। विलंब दंड के साथ शुल्क 15 दिसंबर तक जमा होंगे। जैक ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल शुरू होने के बाद छात्रों से आवेदन प्रपत्र भरवाया जाता है। भरा हुआ आवेदन पत्र छात्रों से प्राप्त करने में विलंब होती है, ऐसी स्थिति में संस्थान हड़बड़ी में पोर्टल पर परीक्षा आवेदन पत्र भरवाता है। इससे कई त्रुटियां सामने आती हैं।

इसको देखते हुए छात्र हित में जैक ने परीक्षा आवेदन प्रपत्र स्वीकार करने से संबंधित पोर्टल शुरू करने के पहले व परीक्षा आवेदन प्रपत्र परिषद के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इससे समय पर भरा आवेदन छात्रों से प्राप्त कर संस्थान स्तर पर उपलब्ध डाटा से इसका मिलान होगा, ताकि कोई त्रुटि न रह जाए।
एग्जाम पैटर्न में बड़े बदलाव की तैयारी
जैक की मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 में सिर्फ परंपरागत रूप से पूछे जाने वाले सवाल ही नहीं रहेंगे, बल्कि अप्लीकेशन बेस्ड प्रश्न भी रहेंगे। ये प्रश्न दक्षता और कौशल आधारित होंगे। मकसद छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करना है। परीक्षा में विश्लेषणात्मक कौशल, संवेदनशीलता, जागरुकता, रीजनिंग (तार्किक) के साथ-साथ कंपीटेंसी (प्रतियोगी) से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इससे परीक्षार्थियों के विभिन्न स्तर की जांच भी हो सकेगी। जैक बोर्ड की ओर से इसकी तैयारी अंतिम चरण में है।
जैक की बोर्ड परीक्षाओं में अब तक विभिन्न विषयों में पाठ्यक्रम के आधार पर सामान्य प्रश्न पूछे जाते थे। परीक्षार्थी अब तक रटने पर आधारित परीक्षा पर जोर देते थे। इसी में बदलाव किया जा रहा है। 2026 से परीक्षा में सोचने की क्षमता (चिंतन कौशल), वास्तविक जीवन में अनुप्रयोग (अप्लीकेशन) और अंतर्विषयक प्रश्नों को शामिल किया जा रहा है। इसमें परंपरागत प्रश्नों को ही अलग तरीके से पूछा जाएगा। गणित-हिंदी आदि विषयों रीजनिंग से संबंधित सवाल होंगे।
सीबीएसई और आईसीएसई के स्कूलों के विद्यार्थियों में रटने की बजाए सीखने की क्षमता को बढ़ावा देने के लिए दो साल पहले ही परीक्षा के प्रश्न पैटर्न बदले जा चुके हैं। इसके तहत अब योग्यता आधारित प्रश्नों को अधिक वेटेज दिया जाता है। सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड में यह पहले ही लागू किया जा चुका है।
30-50-20 का रहेगा फॉर्मूला -
10वीं-12वीं की परीक्षा के प्रश्नों में 30-50-20 का फॉर्मूला रहेगा। तीन अंक के ऑब्जेक्टिव (वस्तुनिष्ट-बहुविकल्पीय) प्रश्न रहेंगे। वहीं, 50 अंक के लघु से लेकर दीर्घ उत्तरीय (सब्जेक्टिव) प्रश्न रहेंगे, जबकि 20 अंक प्रैक्टिकल (प्रायोगिक परीक्षा) या इंटरनल असेसमेंट (आंतरिक मूल्यांकन) के लिए दिए जाएंगे।





