ISRO Recruitment 2026: ग्रेजुएट्स के लिए बड़ी खुशखबरी, 267 पदों पर भर्ती; 20 अगस्त आखिरी मौका
ISRO ने असिस्टेंट, जेपीए, यूडीसी और स्टेनोग्राफर के 267 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 20 अगस्त 2026 तय की है।

ISRO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले लाखों युवाओं के लिए यह खबर बेहद अहम है। अगर आप ग्रेजुएट हैं और स्पेस सेक्टर से जुड़े किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं, तो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO ने आपके लिए बड़ा मौका खोल रखा है। असिस्टेंट और जूनियर पर्सनल असिस्टेंट समेत कई पदों पर चल रही इस भर्ती की आखिरी तारीख अब बेहद करीब आ चुकी है, इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास वक्त बहुत कम बचा है।
आवेदन की आखिरी तारीख और बढ़ी वैकेंसी
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी। शुरुआत में आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 रखी गई थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 20 अगस्त 2026 (रात 11:55 बजे) कर दिया गया। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बीच ISRO ने पदों की संख्या भी बढ़ा दी है। पहले जहां 242 पदों पर भर्ती की बात कही गई थी, वहीं अब कुल वैकेंसी बढ़कर 267 हो चुकी है। इनमें असिस्टेंट और यूडीसी (अपर डिविजन क्लर्क) के 152 पद, जूनियर पर्सनल असिस्टेंट के 82 पद, स्टेनोग्राफर के 10 पद और बाकी अन्य श्रेणियों के पद शामिल हैं। लिखित परीक्षा 21 सितंबर 2026 को आयोजित होने की जानकारी सामने आई है।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका?
असिस्टेंट और यूडीसी पद पर आवेदन के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएशन में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या तय सीजीपीए होना जरूरी है। साथ ही कंप्यूटर चलाने की बुनियादी जानकारी भी मांगी गई है। वहीं जूनियर पर्सनल असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर पद के लिए ग्रेजुएशन या तय डिप्लोमा के साथ 60 प्रतिशत अंकों की शर्त रखी गई है। इसके अलावा स्टेनोग्राफी का अनुभव, कंप्यूटर की जानकारी और अंग्रेजी स्टेनोग्राफी में 60 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड भी जरूरी मानी गई है।
आयु सीमा कितनी तय है?
उम्र की बात करें तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 28 साल रखी गई है। ओबीसी वर्ग को 31 साल तक और एससी-एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 33 साल तक उम्र में छूट दी गई है। यह उम्र सीमा 16 अगस्त 2026 के आधार पर तय मानी जाएगी। जो उम्मीदवार पात्रता में फिट बैठते हैं, उन्हें आखिरी दिनों की भीड़ और वेबसाइट पर लोड बढ़ने का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द फॉर्म भर देना चाहिए।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
सबसे पहले ISRO की आधिकारिक वेबसाइट isro. gov. in पर जाएं।
वहां करियर सेक्शन में दिख रहे Assistant, Junior Personal Assistant, UDC and Stenographer Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक करें।
मांगी गई सभी जरूरी जानकारी सही-सही भरें।
शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों से जुड़ी डिटेल दर्ज करें।
फोटो और सिग्नेचर तय फॉर्मेट में अपलोड करें।
आवेदन फीस के तौर पर 500 रुपये जमा करें।
सबमिट करने से पहले फॉर्म को दोबारा ध्यान से जांच लें।
सबकुछ सही होने पर फॉर्म फाइनल सबमिट कर दें।
आखिर में फॉर्म की प्रिंट कॉपी या PDF जरूर सेव कर लें।
फीस वापसी का भी है प्रावधान
आवेदन के दौरान सभी उम्मीदवारों को शुरुआत में 500 रुपये जमा करने होंगे। लेकिन जो उम्मीदवार लिखित परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें फीस का एक हिस्सा वापस कर दिया जाएगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये लौटाए जाएंगे, जबकि महिला उम्मीदवारों, एससी और एसटी वर्ग को पूरी 500 रुपये फीस वापस मिलेगी। यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए राहत भरी है जो आर्थिक तौर पर आवेदन शुल्क को लेकर चिंतित रहते हैं।


