22 साल की उम्र में बनीं IPS अफसर, 6 देशों में पढ़ी यूपी की बेटी, यूपीएससी में लाई 95वीं रैंक
IPS Srishti Mishra UPSC Success Story: यूपी के जौनपुर की रहने वाली सृष्टि मिश्रा की स्कूली शिक्षा ज्यादातर विदेशों में हुई। वह स्कूल लाइफ में छह देशों में पढ़ीं। डीयू से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में यूपीएससी निकाला।

IPS Srishti Mishra UPSC Success Story: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षा माना जाता है। आईएएस, आईपीएस, आईएफएस और आईआरएस अफसर बनने का ख्वाब लिए हर साल करीब 9 से 10 लाख युवा इसका फॉर्म भरते हैं। लेकिन महज करीब 900 से हजार का ही चयन हो पाता है। सालों साल युवा छोटे गांवों, कस्बों और शहरों में इसकी तैयारी में डूबे रहते हैं। कई तो वर्षों की तैयारी के बाद भी प्रीलिम्स या मेन्स भी नहीं निकाल पाते। लेकिन यूपीएससी की इस टेढ़ी राह में कई होनहार ऐसे भी होते हैं जो अपनी जादुई प्रतिभा के दम पर पहली या दूसरी बार में यूपीएससी क्रैक करते हैं। ऐसे ही टैलेंट का दूसरा नाम है सृष्टि मिश्रा जिन्होंने दूसरे प्रयास में ही 95वीं रैंक के साथ यूपीएससी सीएसई (2023) क्रैक किया।
कई देशों में पढ़ाई करनी पड़ी
मूल रूप से यूपी के जौनपुर की रहने वाली सृष्टि मिश्रा की स्कूली शिक्षा ज्यादातर विदेशों में हुई। उनके पिता आदर्श कुमार मिश्रा विदेश मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी हैं। मां बबीता मिश्रा गृहणी हैं। पिता की ट्रांसफरेबल नौकरी के कारण सृष्टि ने 4 वर्ष की उम्र से ही कई देशों की यात्रा की। उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई डरबन (दक्षिण अफ्रीका), बेयरूत (लेबनान), स्विट्जरलैंड, किनशासा (कांगो), और कंबोडिया (11वीं-12वीं) में पूरी की, जबकि 10वीं कक्षा भारत में पढ़ी। अंतरराष्ट्रीय स्कूलों में पढ़ाई के कारण उनका अंग्रेजी बोलने का लहजा थोड़ा अमेरिकन है, लेकिन वे घर पर हिंदी और अवधी भाषा बोलती हैं।
डीयू से की ग्रेजुएशन, फरीदाबाद में रहीं
सृष्टि उच्च शिक्षा के दौरान फरीदाबाद में अपनी मौसी के घर पर रहीं। वहीं रहकर उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। इसी दौरान उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि उन्हें अपने पहले प्रयास में वह प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाईं। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दूसरी बार और लगन से अटेम्प्ट दिया। सृष्टि का कॉलेज में इकोनॉमिक्स का बैकग्राउंड था और विषय के प्रति गहरी रुचि (पैशन) थी, इसलिए उन्होंने इकोनॉमिक्स को अपना ऑप्शनल चुना। उन्होंने दूसरे अटेंप्ट में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 95वीं हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी बनीं।
साकार किया पिता का सपना, 8-10 घंटे पढ़ीं
सृष्टि के पिता और परिवार वालों का सपना था कि वो IAS या IPS बनें। परिवार वालों के सपना को पूरा करने के लिए सृष्टि दिन में 8-10 घंटे प्रतिदिन पढ़ाई किया करती थी। जीएस के लिए उन्होंने कोई कोचिंग इंस्टीट्यूट ज्वाइन नहीं किया, बल्कि सेल्फ स्टडी करती थी। उन्होंने कॉलेज के पहले साल से ही यूपीएससी की पढ़ाई शुरू कर दी थी। 3-4 सालों तक एक ही मानक किताबों का बार-बार रिवीजन करने के कारण उनका बेसिक बेस बहुत मजबूत हो गया था, जिससे उन्हें अलग से कोचिंग की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रीलिम्स परीक्षा के बाद उन्होंने लगभग 15 दिनों का ब्रेक लिया। मेन्स के लिए उपलब्ध लगभग 100 दिनों में से उन्होंने 1 महीना पूरा ऑप्शनल को समर्पित किया और 2 महीने जीएस की तैयारी व रिवीजन में लगाए। उन्होंने अधिक से अधिक मेन्स टेस्ट सीरीज हल कीं और परीक्षा की थकान को देखकर पढ़ाई के साथ-साथ पर्याप्त आराम भी लिया।


