IP University PG Admission 2026: CUET-PG स्कोर से 22 कोर्सों में एडमिशन, 20 जुलाई तक करें आवेदन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

आईपी यूनिवर्सिटी ने सत्र 2026-27 के लिए CUET-PG स्कोर के जरिए 22 पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है, छात्र 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

ip university pg admission 2026 cuet pg registration open

अगर आप दिल्ली की गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (IP University) से पोस्ट ग्रेजुएशन करने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। यूनिवर्सिटी ने नए अकादमिक सत्र 2026-27 के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-PG) के अंकों के आधार पर 22 अलग-अलग पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम्स में एडमिशन की प्रक्रिया को आधिकारिक तौर पर हरी झंडी दे दी है। जिन छात्रों ने इस साल CUET-PG की परीक्षा दी है, वे अब आईपी यूनिवर्सिटी का हिस्सा बनने के लिए अपना दावा पेश कर सकते हैं। यह उन युवाओं के लिए एक बड़ी राहत और सुनहरा अवसर है जो देश के इस नामी संस्थान से उच्च शिक्षा हासिल करना चाहते हैं।

यूनिवर्सिटी के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की खिड़की खोल दी गई है। सभी योग्य और इच्छुक उम्मीदवार बिना समय गंवाए यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस आवेदन प्रक्रिया की आखिरी तारीख 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक तय की गई है। आखिरी पलों में होने वाली तकनीकी दिक्कतों और सर्वर डाउन जैसी समस्याओं से बचने के लिए छात्रों को यही सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें।

इन 22 पीजी कोर्सों में मिलेगा एडमिशन का मौका

आईपी यूनिवर्सिटी इस बार CUET-PG स्कोर के जरिए कई तरह के प्रोफेशनल और पारंपरिक कोर्सों में सीटें भरने जा रही है। इन कोर्सों की लिस्ट काफी लंबी और विविधता से भरपूर है, जिससे अलग-अलग बैकग्राउंड के छात्रों को फायदा होगा। छात्र एमबीए, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, एमए मास कम्युनिकेशन, एलएलएम, एमए अंग्रेजी और एमए इकोनॉमिक्स जैसे बेहद लोकप्रिय कोर्सेज के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इसके साथ ही शिक्षण के क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए एमएड, बीएड और बीएड (स्पेशल एजुकेशन) के विकल्प भी खुले हैं।

इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के युवाओं के लिए यूनिवर्सिटी कई शानदार एमटेक स्पेशलाइजेशन लेकर आई है। इसमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, वीएलएसआई डिजाइन, और रोबोटिक्स एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषय शामिल हैं। साइंस के छात्रों के लिए भी मौकों की कोई कमी नहीं है; वे एनवायरनमेंट मैनेजमेंट, एप्लाइड जियोइन्फॉर्मेटिक्स, योग, मेडिसिनल केमिस्ट्री एंड ड्रग डिजाइन, बायोइंफॉर्मेटिक्स, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, एमएस (पैकेजिंग टेक्नोलॉजी) और बायोइंफॉर्मेटिक्स में पीजी डिप्लोमा जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिला ले सकते हैं।

आवेदन शुल्क और जरूरी नियम

यूनिवर्सिटी ने छात्रों की सुविधा के लिए एक से अधिक पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की छूट दी है। अगर आप एक से ज्यादा कोर्स के योग्य हैं, तो आप उनके लिए फॉर्म भर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपको हर एक कोर्स के लिए अलग से रजिस्ट्रेशन फीस चुकानी होगी। यूनिवर्सिटी की तरफ से प्रति कोर्स 2,500 रुपये की फीस तय की गई है। यह फीस पूरी तरह से नॉन-रिफंडेबल है, यानी एक बार भुगतान करने के बाद इसे किसी भी हाल में वापस नहीं किया जाएगा। भुगतान आप नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन मोड में कर सकते हैं।

एडमिशन से जुड़ी ये शर्तें जानना है बेहद जरूरी

फॉर्म सबमिट करने से पहले हर उम्मीदवार को योग्यता से जुड़े नियमों को बहुत बारीकी से देख लेना चाहिए। हर कोर्स के लिए पात्रता मानदंड अलग हैं। छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्होंने CUET-PG में संबंधित डोमेन-विशिष्ट विषय , वैकल्पिक भाषाएं और जनरल टेस्ट दिया हो, जिसकी मांग उस विशेष कोर्स के लिए की गई है। इसके लिए यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर एडमिशन ब्रोशर उपलब्ध करा दिया गया है, जिसे डाउनलोड करके अच्छे से पढ़ा जा सकता है।

इसके अलावा, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एक और बेहद महत्वपूर्ण नियम साफ किया है। जिन छात्रों ने पहले ही आईपी यूनिवर्सिटी के अपने नेशनल लेवल टेस्ट (NLT) या कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) के जरिए किसी कॉलेज या कोर्स में सीट हासिल कर ली है और जिनका स्टेटस 'एडमिटेड' है, वे इस CUET मेरिट सूची के जरिए दाखिले के पात्र नहीं होंगे। यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि CUET स्कोर के आधार पर एडमिशन की प्रक्रिया तभी शुरू की जाएगी जब नेशनल लेवल टेस्ट और सीईटी (CET) के जरिए होने वाले दाखिले पूरी तरह से समाप्त हो जाएंगे और सीटें खाली बचेंगी। कौंसिलिंग शेड्यूल और एडमिशन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी नए अपडेट के लिए छात्र लगातार आईपी यूनिवर्सिटी के एडमिशन पोर्टल को विजिट करते रहें। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, इसलिए हर जानकारी पर नजर रखना ही आपके एडमिशन की राह को आसान बनाएगा।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।