
IIMC में सरकारी नौकरी का मौका, नॉन-टीचिंग ग्रुप-A, B से लेकर स्टेनो-क्लर्क तक भर्ती
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली यानी आईआईएमसी ने 49 गैर शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। योग्य उम्मीदवार 12 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अगर आप केंद्र सरकार के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो यह मौका आपके लिए बेहद खास है। भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली ने वर्ष 2026 के लिए 49 गैर शिक्षण (नॉन टीचिंग) पदों पर भर्ती अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती प्रशासनिक, तकनीकी, लाइब्रेरी और क्लेरिकल कैडर के विभिन्न पदों के लिए की जा रही है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन और डाक दोनों माध्यम से होगा आवेदन
इस भर्ती प्रक्रिया की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन के साथ साथ आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी डाक से भी भेजनी होगी।
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 12 जनवरी 2026
- डाक से आवेदन स्वीकार होने की अंतिम तिथि: 19 जनवरी 2026
समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ग्रुप ए पदों का विवरण और योग्यता
ग्रुप ए श्रेणी में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के कुल 5 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। यह पद प्रशासनिक जिम्मेदारियों से जुड़ा होने के कारण अनुभव और उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए उपयुक्त है।
ग्रुप बी के वरिष्ठ और तकनीकी पद
ग्रुप बी श्रेणी में कई अहम पद शामिल किए गए हैं। इनमें सीनियर रिसर्च असिस्टेंट (1 पद), सेक्शन ऑफिसर (4 पद), असिस्टेंट (11 पद), प्रोफेशनल असिस्टेंट (5 पद) और जूनियर प्रोग्रामर (5 पद) शामिल हैं। सीनियर रिसर्च असिस्टेंट पद के लिए सामाजिक विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री और तीन वर्ष का शोध अनुभव जरूरी है। अन्य पदों के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर योग्यता के साथ संबंधित क्षेत्र में कार्यानुभव और कंप्यूटर ज्ञान अनिवार्य किया गया है। इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है।
ग्रुप सी पदों पर क्लेरिकल और स्टेनोग्राफी भर्ती
ग्रुप सी श्रेणी में अपर डिविजन क्लर्क (12 पद) और स्टेनोग्राफर (6 पद) भरे जाएंगे। यूडीसी पद के लिए स्नातक डिग्री, न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव और हिंदी अंग्रेजी टाइपिंग की निर्धारित गति अनिवार्य है। स्टेनोग्राफर पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ 80 शब्द प्रति मिनट स्टेनोग्राफी गति तथा हिंदी अंग्रेजी टाइपिंग दक्षता जरूरी है। इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष रखी गई है।
वेतनमान और सरकारी सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार लेवल 4 से लेवल 10 तक का वेतनमान दिया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, आवास भत्ता, चिकित्सा सुविधा और अन्य लाभ भी मिलेंगे। स्थायी नौकरी और प्रतिष्ठित संस्थान में कार्य का अनुभव इस भर्ती को और आकर्षक बनाता है।
चयन प्रक्रिया का पूरा खाका
आईआईएमसी भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। पद के अनुसार परीक्षा और स्किल टेस्ट का प्रारूप अलग अलग हो सकता है। अंतिम चयन पूरी तरह मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन शुल्क की पूरी जानकारी
आवेदन शुल्क पद वर्ग के अनुसार तय किया गया है।
- ग्रुप ए: सामान्य/ओबीसी 1500 रुपये, एससी/एसटी/महिला/दिव्यांग 750 रुपये
- ग्रुप बी: सामान्य/ओबीसी 1000 रुपये, एससी/एसटी/महिला/दिव्यांग 500 रुपये
- ग्रुप सी: सामान्य/ओबीसी 500 रुपये, एससी/एसटी/महिला/दिव्यांग 250 रुपये
- शुल्क का भुगतान डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से करना होगा।
डाक से आवेदन भेजने का पता
भरे हुए आवेदन पत्र और दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां निम्न पते पर भेजनी होंगी:
डिप्टी रजिस्ट्रार, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन,
अरुणा आसफ अली मार्ग, जेएनयू न्यू कैंपस,
नई दिल्ली 110067
गौरतलब है कि भारतीय जनसंचार संस्थान देश का शीर्ष मीडिया और संचार संस्थान है। यहां नौकरी करने का मतलब है एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक वातावरण में काम करने का अवसर, बेहतर वेतनमान और केंद्र सरकार की स्थिर सेवा। गैर शैक्षणिक पदों पर यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए बेहतरीन मौका है, जो प्रशासनिक और तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।

लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव




