Indian Army Bharti : इंडियन आर्मी की पोर्टर भर्ती में यूपी बिहार वालों की भीड़, नेपाली युवाओं का मोह भंग
इंडियन आर्मी की पोर्टर भर्ती का ट्रेंड बदल रहा है। इस काम की रीढ़ माने जाने वाले नेपाली युवा अब पूरी तरह नदारद हैं, उनकी जगह यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के युवाओं की भीड़ उमड़ रही है।

सेना की पोर्टर भर्ती का ट्रेंड बदल रहा है। इस काम की रीढ़ माने जाने वाले नेपाली युवा अब पूरी तरह नदारद हैं, उनकी जगह यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में सेना का महत्वपूर्ण मददगार माने जाने वाले पोर्टर के काम से नेपाली युवाओं का मोहभंग होता दिख रहा है। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से करीब 90 किमी दूर धारचूला में सोमवार से भारतीय सेना की पांच दिवसीय पोर्टर भर्ती शुरू हुई। सेना के अनुसार, पहले दिन नेपाल मूल का एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ। जबकि पहले पोर्टर के लिए सेना धारचूला स्थानीय युवाओं के अलावा नेपाली नागरिकों पर अधिक निर्भर रहती थी। स्थानीय जितेंद्र वर्मा, सोनू मर्तोलिया का कहना है कि अब नेपाली युवक पोर्टर बनने नहीं आ रहे हैं। अस्थायी पद होने के कारण पोर्टर भर्ती में उत्तराखंड के युवाओं की भागीदारी भी कम देख रही है।
भारत पर निर्भरता कम हुई
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित झूलाघाट बाजार के व्यापारी आलोक शर्मा बताते हैं कि रोजगार के लिए भारत पर नेपाली नागरिकों की निर्भरता कम हुई है। माैजूदा समय में प्रतिमाह औसतन 400 नेपाली नागरिक झूलाघाट से पिथौरागढ़ जिले में प्रवेश करते हैं। इनमें अधिकतर 35 साल से अधिक उम्र के होते हैं। दो साल पहले तक प्रतिमाह लगभग 600 लोग कामकाज की तलाश में आते थे। जबकि, बैतड़ी (नेपाल) के दशरतचंद्र नगर पालिका के मेयर पुष्कर राज जोशी का कहना है कि नेपाल में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
नेपाल-भूटान के युवा ले सकते हैं हिस्सा
सेना की पोर्टर भर्ती में भारत के अलावा नेपाल और भूटान के भी युवा भाग ले सकते हैं। शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के साथ ही 18 से 40 वर्ष की आयु निर्धारित है।
छह महीने के अनुबंध के आधार पर नौकरी
सेना में पोर्टरों की नियुक्ति छह माह के लिए अनुबंध पर होती है। पोर्टर का काम दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में रसद एवं सामान पहुंचाना होता है। मानदेय 20 से 30 हजार रुपये मासिक है।
नेपाली युवा दुबई की आर्मी और पुलिस में जा रहे
नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र भट्ट की ओर से बताया गया कि नेपाली युवा दुबई की आर्मी और पुलिस में जा रहे हैं। उनके अनुसार, नेपाली युवा मलेशिया और कतर में नौकरी कर रहे हैं। स्वरोजगार करके पैसा कमा रहे हैं।
क्यों बोले अभ्यर्थी
पिछले हफ्ते धारचूला में पोर्टर भर्ती की जानकारी मिली। इसके बाद शनिवार शाम को घर से निकले। पता है यह अस्थायी पोस्ट है, लेकिन रोजगार तो चाहिए। - लोकेंद्र कुमार, बिहार
"दो वर्षों से सेना की तैयारी कर रहा हूं। कभी फिजिकल तो कभी रिटन में रह जाता हूं। नौकरी चाहिए, वह कोई भी हो, सेना में पोर्टर बनने ही आ गए।" -लमपश प्रजापति, मुरैना, मध्य प्रदेश
"शनिवार शाम को ट्रेन के जरिए टनकपुर स्टेशन पहुंचा। बीते एक माह से सेना की पोर्टर भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। भर्ती में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं।" - अजीत यादव, एटा, यूपी
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


