
इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती में बलिया के 671 युवक पहले दिन पास, रेस मार्ग पर टूटी पाइपलाइन से हुई फिसलन
अग्निवीर भर्ती के तहत बुधवार को वाराणसी छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में जीडी (जनरल ड्यूटी) पद के लिए बलिया जिले की तीन तहसीलों के अभ्यर्थी शामिल हुए। कुल 1028 ने रेस लगाई, जबकि 671 सफल हुए।
बलिया के रसड़ा, सदर, बेल्थरारोड के 1275 अभ्यर्थियों को बुधवार की रैली के लिए बुलाया गया था। हालांकि इसमें 1028 ही रेस में शामिल हुए। रैली के लिए अभ्यर्थी मंगलवार शाम को ही पहुंच गए थे। रात में दस्तावेजों की जांच के बाद भोर से 1.6 किमी की दौड़ शुरू हुई, जो सुबह 8 बजे तक चली। इसके बाद बीम, जिग-जैग पर तेजी से चलना, गड्ढे को पार करने जैसी शारीरिक परीक्षाओं से गुजरना पड़ा। इस दौरान 617 सफल हुए।
भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व कर्नल मानस के निर्देशन में 11 सदस्यीय टीम ने किया। परीक्षणों में सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच गुरुवार को होगी। वहीं गुरुवार यानी 13 नवंबर को बलिया जिले के बांसडीह, सिकंदरपुर, बैरिया और चंदौली जिले के सदर, चकिया, नौगढ़ के 1218 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पाइप लाइन में लीकेज से अभ्यर्थियों को परेशानी
भर्ती रैली को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन छावनी परिषद की ओर से सड़क वाले रेस मार्ग पर टूटी पाइप लाइन की मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है। इस कारण मार्ग पर पानी का रिसाव बना हुआ है, जो अभ्यर्थियों के लिए फिसलन और दुर्घटना का कारण बन सकता है। अभ्यर्थियों और सेना अधिकारियों ने परिषद प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग की है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





