
Army Agniveer : आर्मी GD अग्निवीर भर्ती में आजमगढ़ के 529 दौड़ में सफल, अव्वल आने पर कमांडेंट ने दी टी-शर्ट
Army Agniveer Bharti : पहले दिन आजमगढ़ जिले की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। रैली में कुल 1189 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 994 ने दौड़ में भाग लिया और 529 अभ्यर्थी सफल रहे।
वाराणसी छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में मंगलवार से जीडी श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन आजमगढ़ जिले की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। रैली में कुल 1189 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 994 ने दौड़ में भाग लिया और 529 अभ्यर्थी सफल रहे। भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व कर्नल रेशमा शरीन ने किया। उनके निर्देशन में 11 सदस्यीय सैन्य दल पूरी प्रक्रिया में सक्रिय रहा। मैदान में सुबह से सेना के अधिकारियों और कैंट पुलिस की कड़ी निगरानी रही।

वहीं, पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी जारी रहा। भर्ती कार्यालय की ओर से दौड़ में असफलअभ्यर्थियों को ई-बसों से रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने की सुविधा है। परिसर में चिकित्सा दल और पीएसी बल की तैनाती के चलते व्यवस्था नियंत्रण में रही। 12 नवंबर को बलिया जिले के रसड़ा, सदर और बेल्थरारोड क्षेत्र के 1275 अभ्यर्थी रैली में शामिल होंगे।
दौड़ में अव्वल आने पर कमांडेंट ने दी टी-शर्ट
रैली में मंगलवार को 39 जीटीसी के कार्यवाहक कमांडेंट कर्नल प्रदीप बेहरा ने निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों शारीरिक दक्षता परीक्षा, दौड़, ऊंचाई मापन, दस्तावेज़ सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। कर्नल बेहरा ने अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी एवं फीडबैक लिया।
उन्होंने अभ्यर्थियों से भी संवाद किया और उन्हें मेहनत, अनुशासन तथा देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। प्रत्येक रेस में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को टी-शर्ट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कर्नल बेहरा ने कहा कि सेना में भर्ती होना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मातृभूमि की सेवा का सर्वोच्च अवसर है।



