India Post: 28740 पदों पर बंपर भर्ती की आ गई तारीख, 10वीं पास वालों की हो गई मौज
India Post GDS Recruitment 2026 के तहत 28,740 पदों पर बिना परीक्षा भर्ती की जा रही है, जिससे 10वीं पास युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर मिलेगा।

India Post GDS Recruitment 2026: इंडिया पोस्ट ने साल 2026 की शुरुआत में ही बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत देते हुए ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के ग्रामीण और शाखा डाकघरों में कुल 28,740 पदों को भरा जाएगा। इसमें ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM) और असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) जैसे पद शामिल हैं। 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती बिना परीक्षा सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मानी जा रही है। इंडिया पोस्ट GDS भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवार 31 जनवरी 2026 से आधिकारिक वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। विभाग ने साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को आवेदन करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरनी होंगी।
महत्वपूर्ण तारीखें जो जानना जरूरी
इस भर्ती के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 14 फरवरी 2026 तय की गई है। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 16 फरवरी 2026 शाम 5 बजे तक का समय मिलेगा। वहीं, जिन उम्मीदवारों से आवेदन में कोई गलती हो जाती है, उनके लिए 18 और 19 फरवरी 2026 को करेक्शन विंडो खोली जाएगी, जिसमें निर्धारित शुल्क देकर विवरण में संशोधन किया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा भर्तियां
इस भर्ती में देश के लगभग सभी पोस्टल सर्किल शामिल किए गए हैं। महाराष्ट्र (3,553 पद) , उत्तर प्रदेश (3,169 पद) और पश्चिम बंगाल (2,982 पद) में सबसे अधिक रिक्तियां निकाली गई हैं। वहीं दिल्ली सर्किल में केवल 42 पद रखे गए हैं। यह भर्ती स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
10वीं पास होना अनिवार्य, आयु सीमा 18 से 40 वर्ष
ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के लिए उम्मीदवार का कक्षा 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
बिना परीक्षा सिर्फ मेरिट के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी । उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह से कक्षा 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। यही कारण है कि यह भर्ती युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जा रही है।
सैलरी स्ट्रक्चर और पदों का वेतन
इंडिया पोस्ट GDS भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को अच्छा वेतन दिया जाएगा।
- ABPM / GDS पद: 10,000 से 24,470 रुपये प्रतिमाह
- BPM पद: 12,000 से 29,380 रुपये प्रतिमाह
यह वेतन ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए काफी आकर्षक माना जा रहा है।
28 फरवरी को जारी होगी पहली सूची
इंडिया पोस्ट द्वारा 28 फरवरी 2026 को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इस सूची में उम्मीदवार का डिवीजन नाम, पोस्ट ऑफिस, पद का नाम, वर्ग, रजिस्ट्रेशन नंबर, 10वीं का प्रतिशत और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन स्थल की जानकारी दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को तय तारीख पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा।



