इंडिया पोस्ट जीडीएस में 100 फीसदी अंकों पर चयन, कटऑफ आसमान पर क्यों, कौन खा रहा किसकी नौकरी
India Post GDS Cut Off : यूपी, बिहार, राजस्थान, एमपी, दिल्ली समेत विभिन्न हिंदी राज्यों में जनरल कैटेगरी की कटऑफ ज्यादातर डिविजन में 100 फीसदी रही है। यानी उन्हीं का चयन हुआ है जिनके 10वीं में 100 प्रतिशत अंक हैं।

India Post GDS Cut Off : भारतीय डाक विभाग ने जीडीएस यानी ग्रामीण डाक सेवक भर्ती जुलाई सत्र 2026 की पहली मेरिट लिस्ट indiapost.gov.in/gdsonlineengagement पर जारी कर दी है। इंडिया पोस्ट जीडीएस की कटऑफ ने एक बार फिर चौंका दिया है। यूपी, बिहार, राजस्थान, एमपी, दिल्ली समेत विभिन्न हिंदी राज्यों में जनरल कैटेगरी की कटऑफ ज्यादातर डिविजन में 100 फीसदी रही है। यानी उन्हीं का चयन हुआ है जिनके 10वीं में 100 प्रतिशत अंक हैं। दरअसल कोविड काल के दौरान पंजाब और हरियाणा जैसे कुछ राज्यों में विद्यार्थियों को पूरे 100 - 100 फीसदी अंक दिए गए थे। उस दौरान महामारी के चलते बोर्ड परीक्षाएं नहीं हो सकी थीं, ऐसे में विद्यार्थियों को बिना एग्जाम पास कर दिया गया था।
यूपी, एमपी, बिहार में कर रहे दूसरे राज्यों के लोग आवेदन
कोविड के दौरान 10वीं में जनरल प्रमोशन के कारण यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश के युवाओं के हक की नौकरी हरियाणा, पंजाब और तेलंगाना जैसे राज्यों के युवा खा रहे हैं। ग्रामीण डाक सेवक की भर्ती 10वीं की मेरिट के आधार पर की जाती है। कोराना काल में हरियाणा और पंजाब के छात्रों को वहां की सरकार ने शत प्रतिशत अंक दिए थे जिसके कारण भर्ती में उनका दबदबा है।
भाषा से होती है समस्या, बाद में कराते हैं तबादला
डाक अधिकारियों के अनुसार दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को यहां की स्थानीय भाषा में दिक्कत होती है। जिससे उन्हें कार्य करने में समस्या होती है। ग्राहकों को न इनकी भाषा समझ में आती है और न ही इन्हें ग्राहकों की। ऐसी स्थिति में यह अधिक दिन तक यहां कार्य नहीं कर पाते हैं और बाद में तबादला कराकर चले जाते हैं। जिससे फिर से यहां पद रिक्त हो जाता हैं। पूर्व की भर्तियों में ऐसा ही हुआ है।
क्या है ग्रामीण डाक सेवा
डाक विभाग अपनी सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के लिए ब्रांच पोस्ट मास्टर (बीपीएम) और असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर (एबीपीएम) के पद पर भर्ती करता है। इसमें कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर नौकरी मिलती है। इनका वेतन 18000 से 25000 प्रतिमाह तक होता है।
दो साल बाद गृह राज्य में ट्रांसफर, इसलिए आवेदन
जीडीएस में ट्रांसफर के लिए दो साल का नियम है। इसलिए हरियाणा-तेलंगाना के युवा अन्य राज्यों में नौकरी करने को तैयार हैं। उन्हें सिर्फ दो साल काटने होते हैं।
इंडिया पोस्ट जीडीएस दूसरी मेरिट लिस्ट कब
भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के पदों पर भर्ती के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अब लाखों उम्मीदवारों की निगाहें ‘दूसरी मेरिट लिस्ट’ पर टिकी हैं। वे उम्मीदवार जो बहुत कम अंतर से पहली लिस्ट में जगह बनाने से चूक गए है, उनके लिए मौका रहेगा।
यूपी की कटऑफ
कटऑफ का विश्लेषण करने से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश सर्कल में अनारक्षित (UR) श्रेणी के तहत सभी डिविजनों और पोस्ट ऑफिसों में केवल 100 फीसद अंक वाले उम्मीदवारों का ही चयन हुआ है। ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस में अधिकांश मंडलों में कटऑफ सामान्य वर्ग के समान ही 98 फीसदी से 100 फसदी के बीच सिमटी रही।
बिहार की कटऑफ
बिहार की बात करें यहां भी सामान्य वर्ग में कटऑफ बेहद कड़ी रही है। लगभग सभी मंडलों के अधिकांश डाकघरों में चयन 100 फीसदी या 99 फीसदी से अधिक अंकों पर हुआ है। पटना, बेगूसराय, औरंगाबाद, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर और वैशाली जैसे प्रमुख मंडलों में अनारक्षित और ओबीसी पदों पर 100 फीसदी अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का ही दबदबा रहा।
मध्य प्रदेश सर्किल
अनारक्षित : छतरपुर, छिंदवाड़ा, गुना, खंडवा, मंडला, मंदसौर, मुरैना, रतलाम, सागर, विदिशा आदि लगभग सभी मंडलों के बीपीएम, एबीपीएम और डाकसेवक पदों पर UR कटऑफ 100 प्रतिशत रही है।
दिल्ली सर्किल
जनरल, ओबीसी, एससी, EWS श्रेणी: दिल्ली सर्कल के चारों मंडलों (दिल्ली ईस्ट, दिल्ली नॉर्थ, नई दिल्ली साउथ वेस्ट, नई दिल्ली वेस्ट) में इन सभी प्रमुख वर्गों के अभ्यर्थियों का चयन 100 प्रतिशत अंकों पर ही हुआ है (जैसे कृष्णा नगर एचओ में UR 100 प्रतिशत, जोहरीपुर बीओ में OBC 100 प्रतिशत, औचंडी बीओ में SC 100 प्रतिशत तथा जाउनपुर बीओ में EWS 100 प्रतिशत)।

