Hindi Newsकरियर न्यूज़INDIA POST 28740 gramin dak sevak bharti 2026 maharashtra up vacancy salary details
India Post GDS: 28740 पदों पर ग्रामीण डाक सेवक भर्ती, महाराष्ट्र के बाद यूपी में सबसे ज्यादा वैकेंसी; क्या होगी सैलरी

India Post GDS: 28740 पदों पर ग्रामीण डाक सेवक भर्ती, महाराष्ट्र के बाद यूपी में सबसे ज्यादा वैकेंसी; क्या होगी सैलरी

संक्षेप:

India Post GDS: 10वीं पास युवाओं के लिए बिना परीक्षा सरकारी नौकरी का यह मौका खास है। खासकर यूपी और महाराष्ट्र के उम्मीदवारों के लिए जहां सबसे ज्यादा पद निकाले गए हैं।

Feb 01, 2026 08:36 am ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

India Post GDS: लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे। डाक विभाग यानी इंडिया पोस्ट ने साल 2026 के लिए ग्रामीण डाक सेवक भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है, जिसमें देशभर के अलग अलग डाक परिमंडलों में हजारों पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी और चयन सीधे 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। इंडिया पोस्ट की यह भर्ती ग्रामीण डाक सेवक, सहायक ब्रांच पोस्ट मास्टर और ब्रांच पोस्ट मास्टर जैसे पदों के लिए निकाली गई है। कुल 28,740 पदों पर होने वाली इस भर्ती को साल 2026 की सबसे बड़ी 10वीं पास सरकारी भर्तियों में से एक माना जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। आवेदन से लेकर चयन तक की हर जानकारी नोटिफिकेशन में दी गई है।

क्या है राज्यवार वैकेंसी? महाराष्ट्र पहले, यूपी दूसरे नंबर पर

रिक्तियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार महाराष्ट्र सबसे आगे है, जहां 3,553 पद निकाले गए हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 3,169 पदों पर भर्ती होगी, जो देश में दूसरे नंबर पर है। पश्चिम बंगाल में 2,982, मध्य प्रदेश में 2,120 और तमिलनाडु में 2,009 पद हैं। इसके अलावा गुजरात में 1,830, केरल में 1,691 और दिल्ली में 42 पद तय किए गए हैं।

कब से कब तक मिलेगा मौका

डाक विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और 14 फरवरी 2026 तक चलेगी। आवेदन शुल्क 16 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे तक जमा किया जा सकेगा। जिन उम्मीदवारों से आवेदन में गलती हो जाती है, उनके लिए 18 और 19 फरवरी 2026 को सुधार का मौका दिया जाएगा। पहली मेरिट सूची 28 फरवरी 2026 को जारी होने की संभावना है।

कौन कर सकता है आवेदन

ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही 10वीं तक गणित, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा का अध्ययन अनिवार्य किया गया है। उम्मीदवार के पास बेसिक कंप्यूटर ज्ञान, साइकिल चलाने की क्षमता और आजीविका के पर्याप्त साधन होना भी जरूरी है।

बिना परीक्षा बनेगी मेरिट लिस्ट

इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी तरह की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा। चयन पूरी तरह से 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। ज्यादा अंक लाने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी।

सैलरी कितनी मिलेगी

सैलरी की बात करें तो ग्रामीण डाक सेवक और सहायक ब्रांच पोस्ट मास्टर पद पर चयनित उम्मीदवारों को 10,000 से 24,470 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा। वहीं ब्रांच पोस्ट मास्टर पद के लिए वेतनमान 12,000 से 29,380 रुपये प्रति माह तय किया गया है। स्थिर आय और सरकारी नौकरी की सुरक्षा इस भर्ती को और आकर्षक बनाती है।

क्या है आवेदन की प्रक्रिया?

उम्मीदवारों को इंडिया पोस्ट के ग्रामीण डाक सेवक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर पहले पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरना, शुल्क जमा करना और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पूरा होने के बाद उसकी प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।