32679 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के चयनितों में 56 फीसदी OBC वाले, स्कोर कार्ड अगले माह
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती रिजल्ट में अंतिम चयन परिणाम में अन्य पिछड़ा वर्ग के 8818 पदों की तुलना में 18,210 अभ्यर्थी, अनुसूचित जाति के 6857 पदों की तुलना में 7136 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने कांस्टेबल के 32679 पदों पर भर्ती के लिए चयनित अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। भर्ती बोर्ड ने सिपाही भर्ती की चयन प्रकिया चार माह में पूरी की है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थियों में कुल 4481 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस के 10469, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 15131, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1341, पीएसी महिला बटालियन के महिला आरक्षी के 2282, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71, जेल वार्डर (पुरुष) के 3279 व जेल वार्डर (महिला) के 106 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।
ओबीसी के 8818 पद थे, 18210 का चयन
अंतिम चयन परिणाम में सामान्य वर्ग के कुल 6685 अभ्यर्थी शामिल हैं, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4628 अभ्यर्थी हैं। इसी तरह अन्य पिछड़ा वर्ग के 8818 पदों की तुलना में 18,210 अभ्यर्थी, अनुसूचित जाति के 6857 पदों की तुलना में 7136 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें कुल 4481 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
28.86 लाख ने किया था आवेदन
बोर्ड के अनुसार भर्ती के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। भर्ती की लिखित परीक्षा इसी वर्ष आठ, नौ व 10 जून को सभी जिलों में कुल छह पालियों में हुई थी। अभिलेखों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की दौड़ एक से 11 अक्तूबर के मध्य हुई थी। हर अभ्यर्थी की दौड़ के मूल्यांकन के लिए आरएफआईडी तकनीक का प्रयोग किया गया। बोर्ड ने दौड़ पूरी होने के तीन दिन बाद अंतिम परिणाम जारी कर दिया है।
स्कोर नवंबर के तीसरे सप्ताह में
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के डीजी एसबी शिरडकर के अनुसार लिखित परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत अंकों (नार्मलाइज्ड स्कोर) का प्रदर्शन बोर्ड की वेबसाइट पर नवंबर के तीसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा।
यूपी पुलिस रिजल्ट कैसे चेक करें
अपना स्कोरकार्ड चेक करने के लिए वेबसाइट uppbpb.gov.in के होमपेज पर जाएं, जहां आपको रिजल्ट और स्कोरकार्ड के चमकते हुए लिंक नजर आ जाएंगे। उस पर क्लिक करें, अपनी जरूरी डिटेल भरें और तुरंत अपना रिपोर्ट कार्ड देखें। भविष्य के लिए इस पीडीएफ को सेव करना और इसका एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रखना न भूलें। एक अहम बात यह भी है कि रिजल्ट आने के बाद वेबसाइट पर अचानक से काफी ट्रैफिक आ सकता है, इसलिए अगर पेज लोड होने में थोड़ा वक्त लगे तो घबराएं नहीं। थोड़ा सब्र रखें और कुछ देर बाद दोबारा कोशिश कर लें। आपकी मंजिल बस एक क्लिक की दूरी पर आपका इंतजार कर रही है।

