IIT : बिना जेईई एडवांस्ड दिए आईआईटी में BTech व BS के लिए 14 छात्रों का चयन
ओलंपियाड कंपीटिशन में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आईआईटी कानपुर में बीटेक करने का मौका मिलने जा रहा है। ओलंपियाड कोटे से यहां 14 छात्र बिना जेईई एडवांस्ड दिए इंजीनियरिंग करने जा रहे हैं।

नेशनल या इंटरनेशनल लेवल के ओलंपियाड कंपीटिशन में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आईआईटी कानपुर में बीटेक बीएस करने का मौका मिलने जा रहा है। ओलंपियाड कोटे से यहां 14 छात्र बिना जेईई एडवांस्ड दिए इंजीनियरिंग करने जा रहे हैं। 24 जून को 25 सीटों के लिए हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा में 17 छात्रों को शार्टलिस्ट किया गया था, जिसमें 14 का चयन हो गया है। दो छात्रों को कम अंक पर वेटिंग लिस्ट में रखा गया है और एक छात्र अनुपस्थित रहा। आईआईटी कानपुर ओलंपियाड के माध्यम से 2026-27 शैक्षणिक सत्र में बीटेक और बीएस प्रोग्राम्स में सीधे प्रवेश दे रहा है। इस प्रक्रिया के तहत होनहारों को जेईई एडवांस्ड की रैंक की जरूरत नहीं है।
15 जून तक हुए आवेदन के बाद 17 अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया। 24 जून आईआईटी कानपुर में सीबीटी आयोजित किया गया। परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों से प्रश्न पूछे गए, जिसमें प्रत्येक विषय से 15 प्रश्न शामिल थे। परीक्षा अवधि तीन घंटे थी। 160 से 135 अंक लाने वाले छह छात्रों को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, दो छात्रों को मैथ, चार छात्रों को इंटेलीजेंस सिस्टम, एक छात्र को बीएसबीई और एक छात्र को बीएस-एसडीएस में चयन हुआ है। डीन एकेडमिक्स अफेयर्स प्रो. अशोक डे ने बताया कि परिणाम जारी कर दिया गया है। अब छात्रों को दाखिले के लिए रिपोर्ट करना होगा।
किस कोर्स में कितनी सीटें
कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग -6 सीटें
बायोलॉजिकल साइंस एंड बायोइंजीनियरिंग -2
केमिस्ट्री - 2
इकोनॉमिक्स साइंस में 6
इंटेलीजेंट सिस्टम- 4
मैथ एंड स्टेटिक्स- 4
फिजिक्स -4
क्या है बिना आईआईटी ओलंपियाड योजना
ओलंपियाड के जरिए छात्र बिना जेईई एडवांस्ड दिए आईआईटी कानपुर के पांच विभागों जैविक विज्ञान और जैव इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग, रसायन विज्ञान, आर्थिक विज्ञान और गणित और सांख्यिकी में आरक्षित सीटों पर दाखिला ले सकते हैं।
ये विषय इंटर में हो अनिवार्य
प्रवेश के लिए उम्मीदवारों की आयु JEE (एडवांस्ड) उम्मीदवारों के समान होनी चाहिए। उम्मीदवार का कक्षा 12 में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित अनिवार्य विषय हों, जो लोग पहले JOSAA के माध्यम से आईआईटी में प्रवेश ले चुके हैं या जिनका आईआईटी प्रवेश रद्द हो गया है, वो इसके लिए पात्र नहीं हैं।


