IIT दिल्ली में यूएक्स डिजाइन सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और फीस
इस कोर्स के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि यह 6 महीने का कोर्स होगा। बता दें कि किसी भी विषय में ग्रेजुएशन करने वाले और कम से कम एक साल का वर्क एक्सपीरियंस रखने वाले उम्मीदवार इस प्रोग्राम में दाखिला ले सकते हैं।

यूजर एक्सपीरियंस (UX) डिजाइन के फील्ड में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। आईआईटी दिल्ली ने ‘डिजाइन थिंकिंग फॉर यूजर एक्सपीरियंस’ सर्टिफिकेट कोर्स के चौथे बैच के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस कोर्स के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि यह 6 महीने का कोर्स होगा। बता दें कि किसी भी विषय में ग्रेजुएशन करने वाले और कम से कम एक साल का वर्क एक्सपीरियंस रखने वाले उम्मीदवार इस प्रोग्राम में दाखिला ले सकते हैं। कोर्स के लिए क्लासेस 27 नवंबर 2026 से शुरू होंगी।
डिजिटल प्रोडक्ट डिजाइन की मिलेगी ट्रेनिंग
आईआईटी दिल्ली के कंटिन्यूइंग एजुकेशन प्रोग्राम (CEP) के तहत शुरू किए गए इस कोर्स का उद्देश्य उम्मीदवारों को यूजर एक्सपीरियंस (UX) डिजाइन की बेहतर समझ देना है। इसमें डिजिटल प्रोडक्ट डिजाइन करते समय यूजर्स की जरूरतों, उनकी पसंद और अनुभव को ध्यान में रखने के तरीके सिखाए जाएंगे। आईआईटी दिल्ली के मुताबिक, छह महीने के इस प्रोग्राम में डिजाइन की बुनियादी बातों के साथ आधुनिक डिजाइन प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इससे उम्मीदवारों को UX डिजाइन के क्षेत्र में अपने स्किल्स को बेहतर बनाने और इंडस्ट्री में काम करने के लिए जरूरी तैयारी करने में मदद मिलेगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए यहां करें क्लिक-
https://cepqip.iitd.ac.in/post/program/design-thinking-for-user-experience-batch-4
कब होंगी कक्षाएं?
इस सर्टिफिकेट प्रोग्राम की कक्षाएं 27 नवंबर 2026 से शुरू होकर 29 मई 2027 तक चलेंगी। उम्मीदवारों को हर शनिवार सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कक्षाओं में शामिल होना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कोर्स के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उनके पास कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है। इच्छुक उम्मीदवारों को 26 नवंबर 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कितनी है कोर्स की फीस?
आईआईटी दिल्ली के इस सर्टिफिकेट प्रोग्राम की फीस 149000 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवारों को 18 प्रतिशत GST भी देना होगा। इस प्रोग्राम का संचालन आईआईटी दिल्ली का डिजाइन विभाग (DoD) करेगा।
इन लोगों को मिलेगा सर्टिफिकेट
कोर्स की शर्तों के अनुसार, जिन उम्मीदवारों के कुल अंक कम से कम 60 प्रतिशत होंगे और जिनकी उपस्थिति कम से कम 50 प्रतिशत होगी, उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ सक्सेसफुल कंप्लीशन’ दिया जाएगा। वहीं, जिन उम्मीदवारों के कुल अंक 60 प्रतिशत से कम होंगे और उपस्थिति भी 50 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन’ मिलेगा।
कौन हैं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर?
आईआईटी दिल्ली ने प्रोफेसर अनीशा शर्मा को इस प्रोग्राम का कोऑर्डिनेटर बनाया है। वह संस्थान के डिजाइन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर रह चुकी हैं और विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। उन्हें UX डिजाइन के क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है। आईआईटी दिल्ली में शामिल होने से पहले वह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) के इन्फॉर्मेशन डिजाइन विभाग की प्रमुख थीं।

