आईआईटी में 4 साल की जगह 5 साल का बीटेक? पूर्व डायरेक्टर ने सुझाया नया मॉडल, गिनाईं मौजूदा सिस्टम की खामियां
आईआईटी दिल्ली के पूर्व डायरेक्टर वी रामगोपाल राव ने आईआईटी में पांच साल के बीटेक प्रोग्राम का सुझाव दिया है, ताकि अलग-अलग बैकग्राउंड से आने वाले छात्रों को कोचिंग कल्चर के भारी दबाव से बचाया जा सके।

भारत में हर साल लाखों बच्चे आईआईटी में दाखिले का ख्वाब देखते हैं। दिन-रात एक करके, मोटी-मोटी किताबें रटकर और कोचिंग सेंटर्स में अपनी जवानी खपाकर ये बच्चे जेईई एडवांस्ड जैसा मुश्किल इम्तिहान पास करते हैं। लेकिन, आईआईटी के गेट के अंदर कदम रखने के बाद की हकीकत कुछ और ही होती है। वहां का माहौल, पढ़ाई की तेज रफ्तार और दबाव कई बार बच्चों को अंदर से तोड़ देता है। इसी गंभीर मसले पर अब एक बड़ी आवाज उठी है। बिट्स पिलानी कैंपसों के ग्रुप वाइस-चांसलर और आईआईटी दिल्ली के पूर्व डायरेक्टर वी रामगोपाल राव ने एक ऐसा सुझाव दिया है जिसकी चर्चा हो रही है। उनका मानना है कि आईआईटी में बीटेक प्रोग्राम को पांच साल का कर देना चाहिए। राव का साफ कहना है कि इस वक्त जो सबके लिए एक जैसा नियम वाला सिस्टम चल रहा है, वह फेल हो रहा है क्योंकि हर क्लास में अलग-अलग समझ और बैकग्राउंड वाले बच्चे बैठे होते हैं।
वी रामगोपाल राव कोई आम शख्सियत नहीं हैं। साल 2016 से 2021 तक वह आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर रह चुके हैं और आईआईटी बॉम्बे व दिल्ली में उनके पास 25 सालों से ज्यादा का तजुर्बा है। हाल ही में आईआईटी बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को लेकर जो विवाद खड़ा हुआ, उसी पर अपनी राय रखते हुए उन्होंने सिस्टम की इन खामियों पर खुलकर बात की। प्रोफेसर डूला का बचाव करते हुए राव ने कहा कि जिस तरह से प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को बदनाम किया जा रहा है, उसे देखकर वह काफी परेशान हैं। उन्होंने डूला को आईआईटी सिस्टम के सबसे बेहतरीन फैकल्टी मेंबर्स में से एक और बेहद ईमानदार इंसान बताया। राव का कहना था कि अगर कोई भी शिकायत है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए लेकिन किसी एक इंसान के खिलाफ इस तरह से पब्लिक कैंपेन चलाने से किसी का भला नहीं होगा।
क्या हर बच्चा एक ही रफ्तार से सीख सकता है?
राव ने आईआईटी सिस्टम की असली बीमारी पर बात करते हुए एक बड़ा सवाल उठाया कि क्या हम ये उम्मीद कर सकते हैं कि क्लास में बैठा हर छात्र एक ही स्पीड से चीजों को समझेगा? आजकल ज्यादातर बच्चे भारी-भरकम कोचिंग लेकर आईआईटी पहुंचते हैं। क्लास में ऐसे बच्चे भी होते हैं जिनकी जेईई एडवांस्ड में सिंगल डिजिट रैंक होती है और ऐसे भी होते हैं जिनकी रैंक हजारों में होती है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का उदाहरण देते हुए बताया कि एक ही क्लास में जमीन-आसमान के फर्क वाले बच्चे साथ बैठते हैं और ऊपर से भाषा की भी अपनी एक अलग दिक्कत होती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के सबसे बेहतरीन संस्थानों के दरवाजे अलग-अलग बैकग्राउंड से आने वाले बच्चों के लिए खोलना बिल्कुल सही कदम है। लेकिन असली सवाल ये है कि क्या आईआईटी ने अपने पढ़ाने के तरीके में इन अलग-अलग तरह के बच्चों के हिसाब से कोई बदलाव किया है? राव के मुताबिक, कोई भी टीचर एक ही क्लास को कई अलग-अलग लेवल्स पर नहीं पढ़ा सकता। अगर वो बहुत धीरे पढ़ाएगा, तो तेज बच्चों की दिलचस्पी खत्म हो जाएगी और अगर वो तेजी से सिलेबस भगाएगा, तो बाकी बच्चे पीछे छूट जाएंगे। अपने तजुर्बे से उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसे कई बच्चों को पढ़ाई में संघर्ष करते देखा है, जिनकी रैंक बहुत अच्छी थी। कोचिंग ने उन्हें एक खास तरह के सवालों को जल्दी सॉल्व करने की ट्रेनिंग दी थी, लेकिन जब उनके सामने कोई नया सवाल आता है, तो वो पूरी तरह से खो जाते हैं।
दिक्कत किसी एक कैटेगरी की नहीं
अक्सर लोग पढ़ाई में कमजोर होने का ठप्पा किसी खास एडमिशन कैटेगरी पर लगा देते हैं, लेकिन राव ने इस मिथक को तोड़ा। उनका साफ कहना था कि ये परेशानी किसी एक कैटेगरी तक सीमित नहीं है। कोचिंग के रटे-रटाए माहौल से निकलकर खुद से पढ़ाई करने की आदत डालना किसी भी छात्र के लिए मुश्किल हो सकता है।
कैसे काम करेगा पांच साल का बीटेक मॉडल?
इस पूरी परेशानी का हल बताते हुए राव ने सुझाव दिया कि आईआईटी को अपने बीटेक प्रोग्राम्स को पांच साल का करने पर विचार करना चाहिए। इस लचीले मॉडल के तहत, जो छात्र तेजी से चीजें समझते हैं और अपने क्रेडिट पूरे कर लेते हैं, वो अपनी डिग्री चार या शायद साढ़े तीन साल में भी पूरी कर सकेंगे। वहीं, जिन छात्रों को ज्यादा वक़्त चाहिए, वो अपनी पढ़ाई को पांच साल तक खींच सकते हैं। इस दौरान उन्हें ज्यादा एकेडमिक मदद, रिकॉर्डेड लेक्चर, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल और भाषा से जुड़ी मदद दी जा सकेगी। पढ़ाई की स्पीड इस बात से तय होगी कि बच्चा आईआईटी के अंदर कैसा परफॉर्म कर रहा है।
खत्म होगा पिछड़ने का कलंक
राव ने मानसिकता से जुड़ी एक अहम बात भी कही। अगर इस प्रोग्राम को आधिकारिक तौर पर सबके लिए 'पांच साल का प्रोग्राम' कहा जाएगा, तो इसका एक बड़ा मनोवैज्ञानिक फायदा मिलेगा। जिन बच्चों को पढ़ाई के लिए ज्यादा समय चाहिए, वो बस डिजाइन किए गए प्रोग्राम को फॉलो कर रहे होंगे और जो तैयार हैं, वो इसे जल्दी खत्म कर लेंगे। इससे किसी भी बच्चे पर फेल होने या एक साल एक्स्ट्रा लगने का ठप्पा नहीं लगेगा। आखिर में उन्होंने ये भी साफ किया कि पढ़ाई के ऊंचे स्तर के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए, लेकिन छात्रों को उस स्तर तक पहुंचने के लिए पूरा वक़्त और जरूरी सपोर्ट देना सिस्टम की ही जिम्मेदारी है।


