न पूछें जाति, न JEE रैंक, साहिल वाकोडे की मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे सख्त; आदेश जारी
आईआईटी बॉम्बे ने साहिल वाकोडे की मौत के बाद नई एंटी-डिस्क्रिमिनेशन गाइडलाइंस जारी कर छात्रों से एक-दूसरे की जाति, एडमिशन कैटेगरी और जेईई रैंक ना पूछने की सख्त हिदायत दी है।
"तुम्हारी जेईई रैंक क्या थी?" या "तुम किस कैटेगरी से एडमिशन लेकर आए हो?" इस सवालों को लेकर आईआईटी बॉम्बे अब सख्त हो गया है। हाल ही में हुई एक बेहद दुखद घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने एक सख्त फरमान जारी किया है। संस्थान ने अपने सभी छात्रों, फैकल्टी और स्टाफ को एक ईमेल भेजकर साफ तौर पर हिदायत दी है कि कैंपस में कोई भी व्यक्ति किसी से उसकी जाति, एडमिशन कैटेगरी, जेईई रैंक या गेट स्कोर के बारे में नहीं पूछेगा। बता दें कि यह ईमेल यूं ही किसी खाली दिन में अचानक नहीं आया है। इसके पीछे एक दर्दनाक हकीकत छुपी है।
करीब 25 26 दिन पहले, 18 सितंबर को आईआईटी बॉम्बे के बी टेक सेकंड ईयर के छात्र साहिल वाकोडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। साहिल की मौत ने पूरे कैंपस को झकझोर कर रख दिया। साहिल के माता पिता ने इस दर्दनाक वाकये के बाद सिर्फ अपनी किस्मत को दोष नहीं दिया, बल्कि पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई अपनी एफआईआर में साफ तौर पर उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी घटना के बाद से कैंपस का मुख्य दरवाजा, जिसे अब प्रदर्शनकारी छात्र 'जस्टिस कॉर्नर' कहने लगे हैं, लगातार विरोध प्रदर्शनों का गवाह बन रहा है।
डीन ने जारी की गाइडलाइन
लगातार उठ रही आवाजों और बढ़ते दबाव के बीच मंगलवार देर रात डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स की तरफ से जो एंटी डिस्क्रिमिनेशन (भेदभाव विरोधी) गाइडलाइंस जारी की गईं, उनमें कई बातें बड़ी साफ साफ लिखी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि वे कैंपस में एक ऐसा समावेशी माहौल बनाना चाहते हैं जहां छात्र एक दूसरे से उनके धर्म, जाति या आर्थिक हैसियत के बजाय उनकी खूबियों, शौक, खेल कूद और म्यूजिक के आधार पर जुड़ें। ईमेल में समझाया गया है कि किसी की रैंक या कैटेगरी पूछना पूरी तरह से अनुचित है। भले ही पूछने वाले को लगे कि वह सिर्फ अपनी जिज्ञासा शांत कर रहा है और उसका इरादा बिल्कुल भी गलत नहीं है, लेकिन इसका सामने वाले छात्र के दिमाग पर बहुत गहरा और बुरा असर पड़ सकता है। प्रशासन ने खुद माना है कि रैंक पूछना असल में घुमा फिराकर जाति जानने की कोशिश ही लगती है, जो अनजाने में ही सही, लेकिन कैंपस में भेदभाव की नींव रख देती है। इसके अलावा व्हाट्सएप, फेसबुक या ईमेल पर किसी भी तरह के जातिवादी, सेक्सिस्ट या नफरत भरे मैसेज और जोक्स फॉरवर्ड करने पर भी सख्त पाबंदी लगा दी गई है और उल्लंघन करने पर कड़ी सजा की चेतावनी दी गई है।
छात्रों को भेजा ईमेल
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या सिर्फ एक ईमेल भेज देने भर से सालों से चली आ रही रवायत और मानसिकता बदल जाएगी? पिछले 26 दिनों से मेन गेट पर धरने पर बैठे छात्रों का जवाब है— बिल्कुल नहीं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस ईमेल को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज एक 'टेंपलेट ईमेल' करार दिया है। उनका कहना है कि प्रशासन सिर्फ कागजी खानापूर्ति कर रहा है।
छात्रों ने एक बड़ा वाजिब और तीखा सवाल उठाया है। उनका कहना है कि गाइडलाइंस में इस बात का जिक्र तो है कि भेदभाव फैकल्टी और स्टाफ की तरफ से भी हो सकता है, लेकिन मजे की बात ये है कि सारे नियम कानून और नसीहतें सिर्फ छात्रों के समुदाय के मत्थे मढ़ दी गई हैं। "क्या फैकल्टी मेंबर्स को समझाने के लिए कोई अलग से ईमेल भेजा जाएगा, या नियम सिर्फ हमारे लिए हैं?" यह सवाल आज कैंपस की हवाओं में तैर रहा है। छात्रों की साफ मांग है कि प्रशासन बिना मतलब के खोखले ईमेल भेजना बंद करे और मेन गेट पर बैठे छात्रों के बीच आकर सीधे तौर पर बातचीत का सिलसिला शुरू करे।
पहले भी जारी हो चुका है फरमान
छात्रों के इस गुस्से की एक और बड़ी वजह भी है। यह पहली बार नहीं है जब आईआईटी बॉम्बे में इस तरह का कोई फरमान जारी हुआ हो। छात्रों को इस बात की भी भारी नाराजगी है कि जो गाइडलाइंस अब भेजी गई हैं, वो लगभग हूबहू वैसी ही हैं जैसी तीन साल पहले 2023 में दर्शन सोलंकी की मौत के बाद जारी की गई थीं। फर्स्ट ईयर के छात्र दर्शन सोलंकी ने भी फरवरी 2023 में अपनी जान दे दी थी। उस वक्त भी यही आरोप लगे थे कि उसकी जेईई रैंक जानने के बाद उसके दोस्तों और सहपाठियों ने उससे दूरी बना ली थी। उस त्रासदी के बाद भी प्रशासन ने ऐसी ही गाइडलाइंस निकाली थीं, लेकिन जमीनी हकीकत में कितना बदलाव आया, साहिल वाकोडे की मौत इसका जीता जागता और कड़वा जवाब है।


