
IIT : आईआईटी में धाकड़ प्लेसमेंट, 2.20 करोड़ रहा बेस्ट पैकेज, जानें BTech में क्या रही औसत सैलरी
आईआईटी बीएचयू में औसत पैकेज की बात की जाए तो यह 24.49 लाख रुपये सालाना रहा। सेल के मुताबिक आईआईटी से बीटेक कर निकले विद्यार्थियों की प्लेसमेंट दर सर्वाधिक रही।
आईआईटी बीएचयू के छात्रों को वर्ष 2024-25 में कुल 1416 प्लेसमेंट ऑफर मिले। संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की तरफ से जारी एक दिसंबर-2024 से 12 नवंबर-2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक रोजगार परिदृश्य के बीच भी उद्योगों और कंपनियों ने आईआईटी बीएचयू पर यकीन जताया है। आंकड़ों के मुताबिक बीटेक के कुल 952 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट ऑफर मिले। जबकि अन्य ऑफर्स पर आईडीडी और एमटेक के विद्यार्थियों ने कब्जा जमाया। छात्रों को कुल 297 प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी विभिन्न प्रशिक्षण और उद्योग-संपर्क आधारित परियोजनाओं से प्राप्त हुए। साल का सर्वोच्च पैकेज 2.20 करोड़ रुपये सालाना का रहा।
वहीं औसत पैकेज की बात की जाए तो यह 24.49 लाख रुपये सालाना रहा। सेल के मुताबिक आईआईटी से बीटेक कर निकले विद्यार्थियों की प्लेसमेंट दर सर्वाधिक रही। बीटेक के 92.33% छात्रों को प्लेसमेंट मिला। बीटेक छात्रों का औसत पैकेज 23.49 लाख रुपये और सर्वोच्च पैकेज 1.68 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का रहा। इसके अतिरिक्त संस्थान ने छात्रों को 502 इंटर्नशिप अवसर भी दिये।
किन कंपनियों ने दिए जॉब ऑफर
इस वर्ष कैंपस में आने वाली प्रमुख कंपनियों में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, सिस्को, उबर, जेडएस एसोसिएट्स, जेपी मॉर्गन चेस, डीई शॉ, गोल्डमैन सैक्स, एनवीडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज़, मास्टरकार्ड, डेटाब्रिक्स, मैकेंज़ी एंड कंपनी, ड्यूश बैंक, वेल्स फ़ार्गो, फ्लिपकार्ट, ग्रो, बजाज, मेशो, पिरामल फ़ाइनेंस, स्क्वेयर पॉइंट, पेसस्टॉक, रुब्रिक, कॉमनवेल्थ बैंक ऑफ़ ऑस्ट्रेलिया और सैमसंग आदि प्रमुख रूप से हैं।
आईआईटी बीएचयू निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि उत्कृष्ट प्लेसमेंट परिणाम हमारे छात्रों की नवाचार क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और नेतृत्व गुणों का प्रमाण हैं। हमें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है जिनकी योग्यता और ईमानदारी ने विश्व के शीर्ष संस्थाओं का विश्वास अर्जित किया है।
आईआईटी संस्थानों में BTech छात्रों की प्लेसमेंट में गिरावट
एआई और ऑटोमेशन का बुरा असर आईआईटी की प्लेसमेंट पर भी दिखने लगा है। देश के 23 आईआईटी संस्थानों में बीटेक प्लेसमेंट ( IIT BTech placements ) की दरें कम हो गई हैं। आईआईटी में प्लेसमेंट की दर 2021-22 में 90 फीसदी की तुलना में 2023-24 गिरकर 80 फीसदी हो गईं हैं। यही नहीं आईआईटी के औसत सैलरी पैकेज में भी गिरावट दर्ज की गई है। औसत वार्षिक सैलरी 23.45 लाख रुपये से घटकर 22.7 लाख हो गई है। आईआईटी के फैकल्टी सदस्य और अधिकारियों का कहना है कि अनिश्चित रोजगार बाजार और छात्रों की ज्यादा उम्मीदों के चलते ऐसा हो रहा है।
7 प्रमुख और पुराने आईआईटी संस्थान सबसे ज्यादा प्रभावित
1951 और 2001 के बीच स्थापित सात आईआईटी संस्थान (फर्स्ट जनरेशन)- आईआईटी खड़गपुर, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी मद्रास, आईआईटी कानपुर, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी गुवाहाटी और आईआईटी रुड़की प्लेसमेंट दरों में गिरावट के मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इन संस्थानों में 11 फीसदी अंकों से अधिक की गिरावट प्लेसमेंट में आई है। 2021-22 में यहां प्लेसमेंट की दर 90 फीसदी से अधिक थीं, यह गिरकर 2023-24 में 79 फीसदी पर आ गई हैं। हालांकि, इन संस्थानों में औसत वेतन में केवल 0.2 लाख ( 25.5 लाख साना से गिरकर 25.3 लाख सालाना ) की मामूली गिरावट देखी गई।
सेकेंड जनरेशन के आईआईटी में पैकेज में कमी आई
2008-09 में स्थापित आठ दूसरी पीढ़ी के आईआईटी- भुवनेश्वर, गांधीनगर, पटना, हैदराबाद, रोपड़, जोधपुर, इंदौर व मंडी में वेतन में सबसे अधिक 2.2 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की गई। यह लगभग 22.2 लाख प्रति वर्ष से घटकर लगभग 20 लाख रुपये प्रति वर्ष हो गई। प्लेसमेंट दरों में 9 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो 93 प्रतिशत से धटकर 84 फीसदी हो गई है।
अन्य 8 आईआईटी में प्लेसमेंट दर 7 फीसदी गिरी
आठ थर्ड जनरेशन के आईआईटी- (बीएचयू) वाराणसी, (आईएसएम) धनबाद, पलक्कड़, तिरुपति, भिलाई, गोवा, जम्मू व धारवाड़ - में प्लेसमेंट दरों में 7.3 प्रतिशत अंकों की गिरावट देखी गई। लगभग 87.8% से घटकर 80.5% हो गई, और वेतन में 1 लाख रुपये (19.6 लाख सालाना से घटकर 18.6 लाख सालाना) की गिरावट आई।
कम कंपनियां आईं
केवल आठ आईआईटी संस्थानों में, जिनमें तीन फर्स्ट जनरेशन के संस्थान भी शामिल हैं, प्लेसमेंट में कम कम्पनियों ने भाग लिया।





