
अनन्या ने IIT BHU में तोड़े रिकॉर्ड, BTech में जीते 17 मेडल और पुरस्कार
संक्षेप: आईआईटी बीएचयू के 14वें वर्ष में एक छात्रा ने कुल 17 मेडल और पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड बनाया। केमिकल इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा अनन्या सिंह ने डीपीएस व एमिटी स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है।
आईआईटी बीएचयू के 14वें वर्ष में एक छात्रा ने कुल 17 मेडल और पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड बनाया। अनन्या सिंह केमिकल इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा हैं। आईओसीएल में कार्यरत पिता और गृहिणी मां के समर्पण को अनन्या इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय देती है। अनन्या सिंह को 16 अक्तूबर को होनेवाले आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत में 13 स्वर्ण और एक रजत सहित कुल 14 मेडल और तीन पुरस्कार मिलेंगे। पिछले वर्ष छात्रा भव्या को कुल 13 पदक मिले थे।

अनन्या ने बताया कि पिता प्रवीण कुमार की स्थानांतरण के कारण उन्हें कई शहरों में पढ़ाई का मौका मिला। अनन्या की प्राइमरी स्कूलिंग बरौनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से हुई। मिडल स्कूल उन्होंने डीपीएस मथुरा और हाईस्कूल दिल्ली के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल से किया। पिता का मंत्र अनन्या दोहराती हैं कि 'अपने प्रति सच्चे रहो। जो भी चुनो, उसे पूरी ईमानदारी और पूरे दिल से करो।' अनन्या
आईआईटी के सबसे गुरुजन और मित्रों को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताती हैं। आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए कर रहीं अनन्या का लक्ष्य तकनीकी और प्रबंधन को जोड़ना है। वह देश के लिए ऐसी तकनीकी विकसित करना चाहती हैं जो जनकेंद्रित और पर्यावरण के अनुकूल हो।
पहले टॉपर को मिले थे नौ मेडल
आईआईटी बीएचयू के पहले दीक्षांत समारोह के टॉपर हेमंत को नौ मेडल और तीन पुरस्कार सहित कुल 12 अवार्ड मिले थे। एक वर्ष पहले ही संस्थान को आईआईटी से आईआईटी की दर्ज मिला था। इस वर्ष दो दीक्षांत समारोह आयोजित किए गए। इसके बाद वर्ष 2018, 2022 और 2024 में सबसे ज्यादा मेडल और अवार्ड प्रदान किए गए थे।





