आईआईएम लखनऊ में 100% प्लेसमेंट रिकॉर्ड, 3.5 लाख रुपये महीने का ऑफर, अदाणी ने दी फीस में छूट
आईआईएम लखनऊ के सत्र 2026-28 के छात्रों ने समर प्लेसमेंट में 100% सफलता पाकर 600+ ऑफर हासिल किए। सर्वाधिक घरेलू स्टाइपेंड 3.5 लाख रुपये प्रतिमाह रहा, जबकि अदाणी ग्रुप ट्यूशन फीस में छूट देगा।

IIM Lucknow Summer Placement 2026: आईआईएम लखनऊ के विद्यार्थियों ने समर प्लेसमेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। सत्र 2026-28 के पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (पीजीपी) और पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट (पीजीपी-एबीएम) के विद्यार्थियों को 600 से अधिक इंटर्नशिप ऑफर मिले हैं। प्लेसमेंट प्रक्रिया में 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई। अमेजन, गूगल, गोल्डमैन सैक्स, जेपी मॉर्गन चेस, मैकिन्से एंड कंपनी और रिलायंस जैसी दिग्गज कंपनियों ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसर दिए। इस दौरान सर्वाधिक घरेलू स्टाइपेंड 3.5 लाख रुपये प्रति माह रहा, औसत स्टाइपेंड 1.72 लाख माह दर्ज किया गया।
75% छात्रों को औसतन 1.5 लाख का स्टाइपेंड
संस्थान के अनुसार, विद्यार्थियों का मध्यिका स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये प्रति माह रहा। प्लेसमेंट प्रक्रिया के पहले ही दिन 350 से अधिक ऑफर मिले। 75 प्रतिशत विद्यार्थियों को औसतन 1.5 लाख प्रति माह का स्टाइपेंड मिला। प्लेसमेंट में प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। एक्सेंचर, आदित्य बिड़ला ग्रुप, एडोबी, अमेजन, अमेरिकन एक्सप्रेस, बैन एंड कंपनी समेत अन्य शामिल रहीं।
578 विद्यार्थियों के बैच में 459 के पास अनुभव
पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम और पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट के बैच में कुल 578 विद्यार्थी हैं। इनमें 119 फ्रेशर हैं, जबकि 459 विद्यार्थियों के पास पूर्व कार्य अनुभव है। विद्यार्थियों ने कंसल्टिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, ऑपरेशंस, रिटेल और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में इंटर्नशिप के अवसर हासिल किए। जिससे उनको अच्छा मौका मिलेगा।
उद्योग जगत का भरोसा मजबूत : प्रो. देवानी
प्लेसमेंट चेयरपर्सन प्रो. प्रेम प्रकाश देवानी ने कहा कि प्लेसमेंट प्रक्रिया संस्थान की प्रतिभा पर उद्योग जगत के मजबूत और निरंतर भरोसे को दर्शाती है। पुराने भर्तीकर्ताओं के साथ नई कंपनियों की भागीदारी बदलते कारोबारी परिदृश्य में विद्यार्थियों की प्रासंगिकता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि संस्थान उद्योग जगत से जुड़ाव को मजबूत कर रहा है।
अदाणी ने दी फीस में छूट
इस वर्ष की समर प्लेसमेंट प्रक्रिया में अदाणी ग्रुप की भागीदारी बेहद खास रही। ग्रुप ने चयनित इंटर्न को प्रतिस्पर्धात्मक स्टाइपेंड देने के साथ-साथ ट्यूशन फीस में विशेष छूट देने की अनूठी पेशकश की है। इससे चयनित छात्रों को वित्तीय लाभ के साथ-साथ अपनी पढ़ाई के खर्च में भी सीधी राहत मिलेगी। प्लेसमेंट चेयरपर्सन प्रो. प्रेम प्रकाश देवानी ने कहा कि पुराने और नए भर्तीकर्ताओं की मजबूत भागीदारी संस्थान के उच्च शैक्षणिक मानकों पर मुहर लगाती है।

