IIIT में शुरू होगा नया MTech PhD डुअल डिग्री कोर्स, GATE स्कोर से मिलेगा दाखिला
ट्रिपलआईटी में बायोमेडिकल एनालिटिक्स एंड इंजीनियरिंग और क्वांटम इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी में एमटेक-पीएचडी डुअल डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। दोनों नए पाठ्यक्रम अप्लाइड साइंसेज विभाग के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में बायोमेडिकल एनालिटिक्स एंड इंजीनियरिंग और क्वांटम इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी में एमटेक-पीएचडी डुअल डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। दोनों नए पाठ्यक्रम अप्लाइड साइंसेज विभाग के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। संस्थान ने नए शैक्षणिक सत्र 2027-28 से इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू करने का प्रस्ताव बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को भेजा है।
इन दोनों पाठ्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को एमटेक के साथ पीएचडी की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रस्ताव के अनुसार, पहले वर्ष एमटेक की पढ़ाई होगी, जबकि दूसरे वर्ष से विद्यार्थी पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश लेकर शोध कार्य कर सकेंगे। पहले वर्ष एमटेक के दौरान विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप मिलेगी। इसके बाद पीएचडी चरण में भी नियमानुसार शोध छात्रवृत्ति का लाभ मिलने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
डीन एकेडमिक प्रो. पवन चक्रवर्ती ने बताया कि बायोमेडिकल एनालिटिक्स एंड इंजीनियरिंग में 15 सीटें और क्वांटम इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी में 25 सीटों पर प्रवेश की तैयारी है। दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश गेट स्कोर के आधार पर होगा। इस व्यवस्था से इंजीनियरिंग और विज्ञान के विद्यार्थियों को उभरते क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के साथ शोध का अवसर मिलेगा। अप्लाइड साइंसेज विभाग ने दोनों कार्यक्रमों का पाठ्यक्रम सीनेट के समक्ष रखा गया। सीनेट ने प्रस्तावित पाठ्यक्रमों को मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब अंतिम स्वीकृति बोर्ड ऑफ गवर्नर्स से मिलने की प्रक्रिया है।

