IIIT Placement: IIIT में धाकड़ BTech प्लेसमेंट! बेस्ट पैकेज 60 लाख का, क्या रही औसत सैलरी
IIIT Placement 2026: IIIT रांची के प्लेसमेंट सेशन 2022-26 में अब तक 243 जॉब ऑफर्स मिल चुके हैं। इस साल हाईएस्ट पैकेज 60 लाख रुपये और औसत पैकेज 16.16 लाख रुपये सालाना दर्ज किया गया है।

IIIT Placement 2026: झारखंड की राजधानी रांची में स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) ने अपने प्लेसमेंट सत्र 2026 के आंकड़े साझा किए हैं। इस बार संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर देश-विदेश की नामी कंपनियों से शानदार पैकेज और जॉब ऑफर्स हासिल किए हैं।
प्लेसमेंट आंकड़ों के अनुसार, इस साल में कंपनियों द्वारा छात्रों को अब तक कुल 243 जॉब ऑफर्स दिए जा चुके हैं। संस्थान में इस वर्ष का हाईएस्ट सैलरी पैकेज (CTC) 60 लाख रुपये प्रति वर्ष (LPA) दर्ज किया गया है। वहीं, औसत पैकेज बढ़कर 16.16 लाख रुपये प्रति वर्ष पहुंच गया है, जो इस साल का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। इसके अलावा, संस्थान का मीडियन CTC 12 लाख रुपये सालाना रहा है।
बीते 5 वर्षों में कैसा रहा प्लेसमेंट ट्रेंड?
IIIT रांची के आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि पिछले पांच सालों में यहां से निकलने वाले छात्रों की मांग उद्योग जगत में लगातार बढ़ी है-
2018-22 बैच: 130 कुल ऑफर्स मिले थे, जिसमें सबसे ज्यादा पैकेज 46 LPA और औसत 12.8 LPA रहा था।
2019-23 बैच: 145 ऑफर्स के साथ हाईएस्ट पैकेज रिकॉर्ड 83 LPA और औसत पैकेज 15.9 LPA था।
2020-24 बैच: वैश्विक मंदी के बीच 73 ऑफर्स आए, जिसमें हाईएस्ट पैकेज 22 LPA और औसत 10.59 LPA रहा।
2021-25 बैच: 221 ऑफर्स के साथ स्थिति सुधरी और हाईएस्ट पैकेज 54 LPA तथा औसत पैकेज 12.36 LPA दर्ज हुआ।
2022-26 बैच: इस वर्ष रिकॉर्ड 243 जॉब ऑफर्स मिले, जिसमें हाईएस्ट पैकेज 60 LPA और औसत पैकेज 16.16 LPA रहा है।
यह आंकड़े दर्शाते हैं कि पिछले पांच वर्षों में मिलने वाले कुल ऑफर्स की संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी है।
इन ब्रांचों और नई स्पेशलाइजेशन का दिखा जलवा
संस्थान में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) ब्रांच के छात्रों की संख्या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) से अधिक रही है। इसके साथ ही, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा एंबेडेड सिस्टम्स और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे नए मॉर्डन कोर्सेज के छात्रों को भी प्लेसमेंट में बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
संस्थान के अनुसार, 2023-27 और 2024-28 बैच में CSE के 115, ECE के 80, डेटा साइंस एंड AI के 30 और IoT स्पेशलाइजेशन के 26 छात्र शामिल हैं। इस प्लेसमेंट सीजन में इंफोसिस और नेक्सटर्न जैसी प्रमुख कंपनियों ने सबसे ज्यादा भर्तियां की हैं। IIIT रांची का यह शानदार प्रदर्शन देश भर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्रों को काफी प्रेरित कर रहा है।


