बीटेक आईटी में दिव्यांश और बीटेक ईसीई में कासु साई को गोल्ड मेडल, 728 को मिलेगी डिग्रियां
IIIT में वर्ष 2026 के उत्कृष्ट समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिव्यांश ओमर को अध्यक्ष स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। बीटेक (आईटी) में दिव्यांश ओमर को स्वर्ण, शाह आर्यन को रजत और इंदुरी नागा आदित्य रेड्डी को कांस्य पदक मिलेगा।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) प्रयागराज का 21वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे से प्रस्तावित है। समारोह में कुल 728 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां दी जाएंगी। इनमें 466 स्नातक, 210 स्नातकोत्तर, एमटेक-पीएचडी के 13 दोहरी उपाधि धारक, एमबीए-पीएचडी का एक विद्यार्थी, कार्यरत पेशेवरों के लिए पीएचडी के सात विद्यार्थी और 31 शोधार्थी शामिल हैं। मेधावी विद्यार्थियों को 22 पदक भी प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी गुरुवार को निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने प्रेसवार्ता में दी।
निदेशक ने बताया कि स्नातक स्तर पर 281 विद्यार्थियों को बीटेक (आईटी), 140 को बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) और 45 को बीटेक (बिजनेस इंफॉर्मेटिक्स) की उपाधि मिलेगी। इसके अलावा एमटेक, एमबीए समेत अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 210 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. अरविंद ए. नाटू, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) कोलकाता होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रो. भीम सिंह और ट्रिपलआईटी के पूर्व छात्र एवं डिसेक्ट एआई के संस्थापक एवं सीईओ अपूर्व कुमार होंगे।
मेधावियों को मिलेंगे स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
वर्ष 2026 के उत्कृष्ट समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिव्यांश ओमर को अध्यक्ष स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। बीटेक (आईटी) में दिव्यांश ओमर को स्वर्ण, शाह आर्यन को रजत और इंदुरी नागा आदित्य रेड्डी को कांस्य पदक मिलेगा। बीटेक (ईसीई) में कासु साई उषाश्री को स्वर्ण, विधि अग्रवाल को रजत और ध्रुव अग्रवाल को कांस्य पदक दिया जाएगा। एमबीए में यश पंत को स्वर्ण, प्रशांत को रजत और मेघा को कांस्य पदक मिलेगा। एमटेक (आईटी) में मांसा पीजे, उत्कर्ष चौहान और उत्कर्ष कुमार को क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य तथा एमटेक (ईसीई) में मोह. कैफुद्दीन खान, दीपक जोशी व सुष्मा को क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। छह एंडोमेंट पदक भी दिए जाएंगे।
13 सितंबर को ग्लोबल एल्युमनी मीट-2026
ट्रिपलआईटी में 13 सितंबर को ग्लोबल एल्युमनी मीट-2026 का आयोजन होगा। इसमें पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों व उद्योग जगत के विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। इस वर्ष पहली बार विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी और संस्थान द्वारा पोषित चुनिंदा स्टार्टअप के शोकेस व डेमो आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। संस्थान और उद्योग जगत व पूर्व छात्र उद्यमियों के बीच दो से तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर की संभावना है। चार श्रेणियों में प्रतिष्ठित पूर्व छात्र एल्युमनी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सम्मानित होंगे। पूर्व छात्र विभागों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और मेंटरशिप भी देंगे।


