
अब लिखित परीक्षा के बिना मिलेगा एमबीए में दाखिला
ट्रिपलआईटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप अपने एमबीए कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। 2026 बैच के लिए अब एमबीए में प्रवेश बिना लिखित परीक्षा के होगा।
ट्रिपलआईटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप अपने एमबीए कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। 2026 बैच के लिए अब एमबीए में प्रवेश बिना लिखित परीक्षा के होगा। लिखित परीक्षा में स्थानीय छात्रों की संख्या अधिक होने और बाहरियों की संख्या कम होने से यह दाखिला प्रक्रिया कारगर नहीं रह गई थी। ऐसे में नई व्यवस्था लागू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत 100 अंकों की प्रवेश प्रक्रिया में 50 अंक का मौखिक सवाल-जवाब (सिनारियो-बेस्ड प्रॉब्लम) और 50 अंक का इंटरव्यू होगा। यह दाखिला प्रक्रिया हाइब्रिड मोड में होगी। छात्रों की विश्लेषण क्षमता, समस्या-समाधान कौशल और कम्युनिकेशन स्किल का मूल्यांकन इन्हीं माध्यमों से किया जाएगा। एमबीए पाठ्यक्रम में भी बड़े परिवर्तन किए गए हैं। पहले 82 क्रेडिट का यह कोर्स अब बढ़ाकर 86 क्रेडिट का कर दिया गया है। अतिरिक्त चार क्रेडिट का स्किल डेवलपमेंट मॉड्यूल को जोड़ा गया है, जिसे आईआईएम मुंबई, आईआईएम इंदौर और प्रमुख कंपनियों के सहयोग से विकसित किया गया है।
छह दिसंबर को रिलायंस रिटेल मुंबई के वाइस प्रेसिडेंट अनीस खन्ना की उपस्थिति में बोर्ड ऑफ स्टडीज ने नए पाठ्यक्रम को मंजूरी दी। अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए सीनेट में रखा जाएगा। नए पाठ्यक्रम में आईटी स्किल-बेस्ड सीख, कम्युनिकेशन स्किल और बिजनेस में एआई के उपयोग से जुड़े उन्नत मॉड्यूल शामिल किए गए हैं। इस बदलाव से छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।
ऑनलाइन भी होगी एमबीए की पढ़ाई
ट्रिपलआईटी में मैनेजमेंट स्टडीज विभाग ने एमबीए के नए पाठ्यक्रम के साथ बड़ा बदलाव किया है। अब संस्थान में पारंपरिक एमबीए के साथ ई–एमबीए कोर्स भी आगामी सत्र से शुरू करेगा। इससे उन छात्रों और प्रोफेशनल्स को बड़ा लाभ मिलेगा जो नौकरी या अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। संस्थान ने छात्रों की मांग और उद्योग की जरूरतों को देखते हुए एग्री बिजनेस मैनेजमेंट को नए स्पेशलाइजेशन के रूप में भी शामिल किया है। इससे पहले एमबीए में केवल छह स्पेशलाइजेशन उपलब्ध थे, लेकिन अब कृषि आधारित उद्योगों और स्टार्टअप्स को देखते हुए यह नया विकल्प जोड़ा गया है।





