IGNOU Admission 2026: इग्नू के ODL और ऑनलाइन कोर्स में एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 13 अक्टूबर तक करें आवेदन
छात्र डिप्लोमा, बैचलर्स, पोस्ट ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के विभिन्न ओडीएल (ODL) पाठ्यक्रमों के लिए ignouadmission.samarth.edu.in पर और ऑनलाइन कोर्सेज के लिए ignouiop.samarth.edu.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब छात्र 13 अक्टूबर 2026 तक फ्रेश एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इग्नू सहायता केन्द्र, पूर्णिया कॉलेज के सहायक समन्वयक डॉ. सुरज सिंह ने बताया कि यह बढ़ी हुई समय सीमा ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन माध्यम से चलाए जा रहे अधिसूचित कार्यक्रमों पर लागू होगी। हालांकि, सर्टिफिकेट और सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों के लिए यह तिथि विस्तार लागू नहीं होगा। यानी इन कार्यक्रमों में दाखिले के लिए पहले से तय समय सीमा ही मान्य रहेगी। इसलिए जो छात्र IGNOU के जुलाई 2026 सत्र में ODL या ऑनलाइन माध्यम से किसी पात्र पाठ्यक्रम में नया दाखिला लेना चाहते हैं, वे 13 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
कहां करें आवेदन
छात्र डिप्लोमा, बैचलर्स, पोस्ट ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के विभिन्न ओडीएल (ODL) पाठ्यक्रमों के लिए https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पर और ऑनलाइन कोर्सेज के लिए https://ignouiop.samarth.edu.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं, हालांकि प्रवेश फॉर्म जमा करने से पूर्व ऑनलाइन एडमिशन सिस्टम पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
आवेदन कैसे करें?
1. ओडीएल कोर्सेस के लिए आधिकारिक समर्थ एडमिशन पोर्टल https://ignouadmission.samarth.edu.in/ और ऑनलाइन प्रोग्राम्स के लिए https://ignouiop.samarth.edu.in/ पर जाएं।
2. होमपेज पर "Click Here for New Registration" विकल्प पर क्लिक करें और यूजरनेम व पासवर्ड बनाएं।
3. निर्मित क्रेडेंशियल से लॉगिन करके व्यक्तिगत विवरण और अपना मनपसंद स्टडी सेंटर/प्रोग्राम चुनें।
4. मांगे गए सभी दस्तावेजों को निर्धारित साइज में अपलोड करें।
5. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से निर्धारित रजिस्ट्रेशन और प्रोग्राम फीस का ऑनलाइन भुगतान करें।
6. फॉर्म का फाइनल प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।
दिसंबर परीक्षा फॉर्म और असाइनमेंट जमा करने की तिथि बढ़ी
वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के दिसंबर 2026 सत्र की परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों में विस्तार किया गया है। क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त सूचना के आलोक में मयूराक्षी ग्रामीण महाविद्यालय स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र 87019 के समन्वयक ने यह जानकारी दी है। केंद्र के अनुसार दिसंबर 2026 टर्म एंड परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि जो पहले 30 सितंबर थी, उसे बढ़ाकर 7 अक्तूबर तक कर दिया गया है। वहीं 8 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक छात्र-छात्राएं 1100 रुपये लेट फाइन के साथ परीक्षा प्रपत्र भर सकेंगे। इसी तरह दिसंबर 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि में भी विस्तार किया गया है।
पहले असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 अक्तूबर तक कर दिया गया है। इसके अलावा जुलाई सत्र 2026 के लिए नामांकन की तिथि भी बढ़ा दी गई है। सेमेस्टर और सर्टिफिकेट कोर्स को छोड़कर स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में नामांकन की अंतिम तिथि जो 30 सितंबर थी उसे बढ़ाकर 13 अक्तूबर कर दिया गया है। समन्वयक ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि जो अभी तक नामांकन या परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे निर्धारित नई अंतिम तिथि से पहले अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।

