Hindi Newsकरियर न्यूज़ib mts bharti 2025 intelligence bureau multi tasking staff 362 posts online apply mha gov in
खुफिया विभाग में नौकरी का शानदार मौका, 362 पदों पर भर्ती; 14 दिसंबर आवेदन की आखिरी तारीख

खुफिया विभाग में नौकरी का शानदार मौका, 362 पदों पर भर्ती; 14 दिसंबर आवेदन की आखिरी तारीख

संक्षेप:

IB MTS भर्ती 2025 उन युवाओं के लिए बड़ा मौका है जो कम योग्यता में केंद्र सरकार की सुरक्षित और सम्मानजनक नौकरी पाना चाहते हैं।

Dec 13, 2025 05:47 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अगर आप केंद्र सरकार में स्थायी नौकरी का सपना देख रहे हैं और खुफिया विभाग जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में काम करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इंटेलिजेंस ब्यूरो ने IB MTS भर्ती 2025 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसमें देशभर के युवाओं को 362 पदों पर नौकरी पाने का शानदार मौका मिल रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

IB MTS भर्ती 2025 का पूरा विवरण

IB MTS भर्ती 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 नवंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक व योग्य उम्मीदवार 14 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों को गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट mha.gov.in या नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर जाना होगा। ऑनलाइन फीस भुगतान की अंतिम तारीख भी 14 दिसंबर 2025 रखी गई है, जबकि एसबीआई चालान के जरिए फीस जमा करने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2025 है।

ib mts bharti 2025 : क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही जिस राज्य के लिए उम्मीदवार आवेदन कर रहा है, उसका डोमिसाइल सर्टिफिकेट होना भी जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 14 दिसंबर 2025 तक 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी, जिसमें एससी और एसटी वर्ग को 5 साल, ओबीसी को 3 साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 से 15 साल तक की छूट शामिल है।

ib mts bharti 2025 : कुल 362 पदों पर निकली भर्ती

इस भर्ती में कुल 362 पद विभिन्न श्रेणियों में बांटे गए हैं, जिनमें अनारक्षित, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पद शामिल हैं। ये सभी पद देशभर के 37 सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो कार्यालयों में वितरित किए गए हैं। दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए आरक्षण केंद्र स्तर पर लागू किया जाएगा, जिसकी पूरी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है।

ib mts bharti 2025 : क्या है चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में टियर-1 ऑनलाइन परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग और अंग्रेजी जैसे विषयों से कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा एक घंटे की होगी और इसमें निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है। टियर-1 में सफल उम्मीदवारों को दूसरे चरण यानी टियर-2 वर्णनात्मक परीक्षा में शामिल होना होगा, जिसमें अंग्रेजी भाषा और समझ से संबंधित प्रश्न होंगे। टियर-2 परीक्षा केवल क्वालिफाइंग नेचर की होगी।

ib mts bharti 2025 : कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को लेवल-1 के तहत 18,000 रुपये से 56,900 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और 20 प्रतिशत स्पेशल सिक्योरिटी अलाउंस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। छुट्टियों में ड्यूटी करने पर अतिरिक्त नकद मुआवजे का भी प्रावधान है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।