DU-JNU से पढ़ाई, यूपीएससी में आई 12वीं रैंक, कमाल है IRS से IAS बने दीपक रावत की कहानी
दीपक रावत ने पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद सिविल सर्विस की तैयारी की और 2007 में अपने तीसरे अटेंप्ट में 12वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बने। लेकिन इससे पहले उनका चयन आईआरएस अधिकारी के तौर पर हुआ था।

देश में कई तेज तर्रार और मशहूर आईएएस अधिकारी हैं। इन्हीं में एक नाम दीपक रावत रावत का भी नाम शामिल है। IAS दीपक रावत इस वक्त उत्तराखंड के कुमाऊं डिवीजन के कमिश्नर हैं और मुख्यमंत्री के सचिव भी हैं। इन्होंने देश के प्रतिष्ठित कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय और जेएनयू से पढ़ाई की। सोशल मीडिया पर वो काफी एक्टिव रहते हैं। हाल में वो अपने कॉलेज पहुंचे और टीचर्स और स्टाफ से मुलाकात की। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। फिलहाल, उनकी यूपीएससी की जर्नी कमाल की है। उन्होंने 2 बार यूपीएससी क्रैक किया और आईएएस बने। लेकिन इस दौरान उन्होंने असफलताओं का भी दौर देखा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। चलिए आज हम आपको उनकी सक्सेस स्टोरी बताते हैं।
मसूरी में 1977 को जन्म हुआ
उत्तराखंड के मसूरी में दीपक रावत का जन्म 24 सितंबर 1977 को हुआ था। मसूरी के ही सेंट जॉर्ज्स कॉलेज से स्कूली पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से इतिहास में बीए कंप्लीट किया। दिल्ली के ही जेएनयू से इतिहास में एमए और एन्शियंट हिस्ट्री में एमफिल किया।
पढ़ाई के दौरान शुरू की यूपीएससी की तैयारी
बता दें कि दीपक रावत जब सीनियर सेकेंडरी में थे, तब वह आर्मी और इंजीनियर बनना चाहते थे, लेकिन दीपक दोनों के लिए खुद को अनफिट मानते थे। दीपक रावत के मसूरी घर में पड़ोस में ही आईपीएस अनिल कुमार रतूरी रहते थे। दीपक को उन्हीं से यूपीएससी परीक्षा की जानकारी हुई। दीपक रावत 12वीं आर्ट स्ट्रीम से पढ़ना चाहते थे, लेकिन परिवार के कारण साइंस स्ट्रीम से पढ़ाई की।
दिल्ली में पढ़ाई के दौरान दीपक रावत ने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की। इसके अलावा उन्होंने बैकअप के लिए ऑप्शन में पत्रकारिता को रखा। 24 साल के होते ही उनके पिता ने उनकी पॉकेट मनी बंद कर दी थी। जेआरएफ परीक्षा क्लियर करने पर दीपक ने आठ हजार रुपये प्रतिमाह पर अपनी पहली नौकरी शुरू की।
यूपीएससी में 12वीं रैंक
दीपक रावत ने पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद सिविल सर्विस की तैयारी की और 2007 में अपने तीसरे अटेंप्ट में 12वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बने। लेकिन इससे पहले उनका चयन आईआरएस अधिकारी के तौर पर हुआ था। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें होम कैडर यानी उत्तराखंड कैडर दिया गया। बतौर आईएएस अधिकारी उन्होंने उत्तराखंड में कई अहम पदों पर काम किया और अब एक सीनियर अधिकारी हैं।
यहां दी सेवाएं
2011 से 2012 तक दीपक रावत बागेश्वर के जिलाधिकारी रहे। 2014 से 2017 तक जिलाधिकारी नैनीताल में भी तैनात रहे। 2017 से हरिद्वार में जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया। यहां दीपक रावत को कुंभ मेला अधिकारी का प्रभार भी दिया गया था। 2021 में एमडी-पीटीसीयूएल, एमडी-यूपीसीएल और निदेशक उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (UREDA) के रूप में काम किया।
शादीशुदा है आईएएस दीपक रावत
आईएएस दीपक रावत की पत्नी का नाम विजेता सिंह है और वह पेशे से वकील हैं। इन दोनों की मुलाकात हंसराज कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। इनकी बेटी का नाम दिरीशा और बेटे का दिव्यांश है। दीपक रावत अपने औचक निरीक्षणों और छापों के लिए अक्सर सुर्खियों में छाए रहते हैं।

