HTET Result 2026: हरियाणा TET का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक; 1.92 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और जन्म तिथि की मदद से चेक कर सकते हैं। HTET परीक्षा का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को किया गया था, जिसमें तीनों लेवल को मिलाकर कुल 192220 उम्मीदवार शामिल हुए थे।

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने HTET 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और जन्म तिथि की मदद से चेक कर सकते हैं। HTET परीक्षा का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को किया गया था, जिसमें तीनों लेवल को मिलाकर कुल 192220 उम्मीदवार शामिल हुए थे।
रिजल्ट जारी होने के साथ ही बोर्ड ने सफल अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से जुड़ी जानकारी भी साझा की है। जिला स्तर पर आयोजित बायोमेट्रिक प्रक्रिया में हजारों उम्मीदवार शामिल हुए, जबकि कुछ अभ्यर्थी तय तारीखों पर वेरिफिकेशन के लिए नहीं पहुंच सके। ऐसे उम्मीदवारों के लिए बोर्ड जल्द नई तारीख जारी करेगा।
तीनों लेवल में 1.92 लाख उम्मीदवार हुए शामिल
HTET परीक्षा में कुल 192220 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। लेवल के अनुसार उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार रही:
लेवल 1 (PRT): 31402 उम्मीदवार
लेवल 2 (TGT): 99896 उम्मीदवार
लेवल 3 (PGT): 60922 उम्मीदवार
उम्मीदवार बोर्ड के रिजल्ट पोर्टल पर जाकर अपने प्राप्त अंक, क्वालिफाइंग स्टेटस और अन्य रिजल्ट डिटेल्स देख सकते हैं।
HTET रिजल्ट कैसे चेक करें?
HTET रिजल्ट ऑनलाइन चेक करने के लिए उम्मीदवार इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
सबसे पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट htet.eapplynow.com पर जाएं।
होमपेज पर HTET Result लिंक पर क्लिक करें।
अब अपना बोर्ड रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
डिटेल्स सबमिट करने के बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
रिजल्ट में अपने नाम, अंक और क्वालिफाइंग स्टेटस समेत अन्य जानकारी ध्यान से चेक करें।
रिजल्ट डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए इसकी एक कॉपी सुरक्षित रख लें।
31,847 सफल उम्मीदवारों का हुआ बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन
HTET में सफल उम्मीदवारों को 10, 11 और 12 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर बनाए गए केंद्रों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था।
बोर्ड के अनुसार, कुल 31,847 क्वालिफाइड उम्मीदवारों को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था। इनमें से 30,883 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जबकि 964 उम्मीदवार वेरिफिकेशन के लिए नहीं पहुंच सके। बोर्ड ने बताया कि जो उम्मीदवार तय प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके, उनके लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
अब बोर्ड परिसर में होगा बाकी उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन
जिला स्तर पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से छूटे उम्मीदवारों का बाकी वेरिफिकेशन अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के भिवानी स्थित परिसर में किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड जल्द अलग से शेड्यूल जारी करेगा। जिन उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं हो पाया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे नई तारीख की घोषणा का इंतजार करें और बिना आधिकारिक सूचना के किसी अन्य केंद्र पर जाने से बचें।


