
HTET 2026 रजिस्ट्रेशन का समय बढ़ा, आधार को लेकर स्थिति साफ, लिया गया निर्णय
HTET 2026 रजिस्ट्रेशन का समय बढ़ा दिया गया है। अब 5 जनवरी की रात 12 बजे तक आवेदन का मौका है। अब आवेदन के लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं। जानें आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा तारीख।
हरियाणा में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। जिन अभ्यर्थियों का HTET 2026 का फॉर्म अब तक किसी वजह से पूरा नहीं हो पाया था, उनके लिए बोर्ड ने आखिरी मौका दे दिया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की समय बढ़ाकर 5 जनवरी की रात 12 बजे कर दी है। खास बात यह है कि इस बार आवेदन के लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं होगा।
HTET 2026 रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी HTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब इच्छुक उम्मीदवार htet.eapplynow.com या bseh.org.in पर जाकर 5 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड का कहना है कि कई अभ्यर्थियों की तरफ से समय बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
आधार कार्ड को लेकर साफ हुई स्थिति
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा (आईएएस) ने साफ किया है कि HTET परीक्षा के लिए आधार कार्ड अनिवार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षाओं के लिए आधार को अनिवार्य नहीं किया है, बल्कि इसे केवल एक वैध पहचान पत्र के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। यानी जिन उम्मीदवारों के पास आधार नहीं है, वे भी बिना किसी परेशानी के आवेदन कर सकते हैं।
HTET 2026 के लिए आवेदन कैसे करें
HTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।
- सबसे पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें, जहां नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरनी होगी।
- इसके बाद पता, डोमिसाइल, कैटेगरी और बैंक डिटेल जैसी जानकारी भरें।
- फिर यह चुनें कि आप HTET के किस लेवल के लिए आवेदन करना चाहते हैं।
- शैक्षणिक और प्रोफेशनल योग्यता की जानकारी दर्ज करें।
- फोटो, सिग्नेचर, बाएं हाथ का अंगूठा और PwD सर्टिफिकेट (अगर लागू हो) अपलोड करें।
- फॉर्म को ध्यान से चेक कर सबमिट करें, क्योंकि सबमिशन के बाद बदलाव का मौका नहीं मिलेगा।
- आखिर में फीस जमा कर रजिस्ट्रेशन स्लिप डाउनलोड कर लें।
कब होगी परीक्षा
HTET का एडमिट कार्ड बाद में जारी किया जाएगा। फिलहाल बोर्ड की तरफ से संकेत दिए गए हैं कि HTET 2026 की परीक्षा 17 और 18 जनवरी 2026 को आयोजित की जा सकती है।
क्यों जरूरी है HTET
HTET परीक्षा हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए जरूरी क्वालिफाइंग एग्जाम है। यह तीन लेवल पर होती है -
- लेवल 1: कक्षा 1 से 5
- लेवल 2: कक्षा 6 से 8
- लेवल 3: कक्षा 9 से 12
जो भी उम्मीदवार सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए HTET पास करना अनिवार्य है।





