राजस्थान में निकली कई पदों पर भर्ती, रिफाइनरी में नौकरी; होगी मोटी कमाई
HRRL Recruitment 2026 के तहत 129 रेगुलर और 5 FTE पदों पर भर्ती निकली है। इंजीनियरिंग, फाइनेंस, मेडिकल, आईटी और फायर सेफ्टी पदों के लिए आवेदन 3 जून 2026 तक किए जा सकते हैं।

अगर आप सरकारी क्षेत्र में शानदार वेतन और बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट में काम करने का सपना देख रहे हैं, तो HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड यानी HRRL की नई भर्ती आपके लिए बेहतरीन मौका बन सकती है। कंपनी ने भर्ती अभियान के तहत 129 नियमित पदों और 5 निश्चित अवधि रोजगार यानी FTE पदों पर आवेदन मांगे हैं। यह भर्ती राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के लिए निकाली गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 3 जून 2026 रात 11:45 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
किन विभागों में निकली भर्ती
इस भर्ती में केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन, वित्त, चिकित्सा, सूचना प्रणाली और अग्नि सुरक्षा जैसे कई विभाग शामिल हैं। कंपनी जूनियर एग्जीक्यूटिव से लेकर सीनियर मैनेजर स्तर तक भर्ती कर रही है। सबसे ज्यादा पद केमिकल और ऑपरेशंस विभाग में निकाले गए हैं। इनमें जूनियर एग्जीक्यूटिव केमिकल, असिस्टेंट इंजीनियर केमिकल, इंजीनियर केमिकल और सीनियर इंजीनियर प्रोसेस जैसे पद शामिल हैं।
इसके अलावा वित्त विभाग में CA पास उम्मीदवारों के लिए भी अच्छे अवसर दिए गए हैं। वहीं फायर एंड सेफ्टी पदों के लिए हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रखा गया है।
कितनी मिलेगी सैलरी
HRRL ने अलग-अलग ग्रेड के अनुसार आकर्षक वेतन तय किया है। E0 ग्रेड के जूनियर एग्जीक्यूटिव पद पर सालाना करीब 8.87 लाख रुपये तक का पैकेज मिलेगा। वहीं E5 ग्रेड के सीनियर मैनेजर पद पर सालाना करीब 24.81 लाख रुपये तक का CTC दिया जाएगा। कंपनी की ओर से मेडिकल सुविधा, बीमा, कैंटीन, लैपटॉप रिइम्बर्समेंट और अन्य कई सुविधाएं भी दी जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन
भर्ती के लिए अलग-अलग पदों के अनुसार योग्यता निर्धारित की गई है। डिप्लोमा, बीएससी, बीई/बीटेक, एमसीए, एमबीए और CA जैसे कोर्स करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि E0 पदों के लिए अधिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे। यानी यदि किसी पद के लिए डिप्लोमा मांगा गया है और उम्मीदवार के पास बीई या बीटेक जैसी उच्च डिग्री है, तो वह आवेदन नहीं कर सकेगा। फाइनल ईयर में पढ़ रहे या जिनका रिजल्ट अभी नहीं आया है, ऐसे छात्र भी आवेदन नहीं कर पाएंगे।
उम्र सीमा और आरक्षण
जूनियर स्तर के पदों के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष रखी गई है, जबकि अनुभवी पदों के लिए यह सीमा 29, 34 और 42 वर्ष तक तय की गई है। SC और ST वर्ग को 5 वर्ष तथा OBC-NCL वर्ग को 3 वर्ष की आयु छूट मिलेगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को अतिरिक्त छूट भी दी गई है।
कैसे होगा चयन
E0, E1 और E2 ग्रेड के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT आयोजित होगी। इसके बाद स्किल टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी। सीनियर इंजीनियर और सीनियर मैनेजर जैसे पदों के लिए सीधे टेक्निकल और बिहेवियरल इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। फायर एंड सेफ्टी और कुछ जूनियर एग्जीक्यूटिव पदों के लिए फिजिकल फिटनेस टेस्ट भी रखा गया है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, OBC-NCL और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 1180 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। इसमें GST भी शामिल है। SC, ST और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी छूट दी गई है।
आवेदन से पहले जरूरी बातें
- उम्मीदवारों को आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने होंगे। अनुभवी पदों के लिए रिज्यूमे और अनुभव प्रमाणपत्र एक ही PDF फाइल में अपलोड करना जरूरी है।
- सरकारी या PSU में पहले से नौकरी कर रहे उम्मीदवारों को इंटरव्यू के समय NOC यानी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी दिखाना होगा।
- कंपनी ने साफ कहा है कि आवेदन जमा होने के बाद किसी भी जानकारी में बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यहां से करें आवेदन
उम्मीदवार HRRL की आधिकारिक वेबसाइट के Careers सेक्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तारीखें
- 14 मई 2026 से आवेदन शुरू हो चुके हैं।
- 3 जून 2026 आवेदन की आखिरी तारीख है।
- योग्यता और उम्र की गणना 13 मई 2026 के आधार पर होगी।
- CBT और इंटरव्यू की तारीख बाद में वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


