इस को-ऑपरेटिव बैंक में क्लर्क पदों पर भर्ती, ग्रेजुएट वालों के लिए मौका; कल से शुरू हो रहे आवेदन
HPSCB Junior Clerk Recruitment 2026 के लिए 91 पदों पर भर्ती निकली है। आवेदन 9 मई से 29 मई 2026 तक होंगे।

हिमाचल प्रदेश में बैंकिंग नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक ने जूनियर क्लर्क भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती के तहत कुल 91 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 9 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 29 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया IBPS के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इस भर्ती में PACS और OCS दो अलग-अलग कोटा शामिल किए गए हैं। कुल 91 पदों में से 74 पद PACS कोटा के लिए और 17 पद OCS कोटा के लिए निर्धारित किए गए हैं। बैंक की ओर से साफ किया गया है कि चयन पूरी तरह ऑनलाइन परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर होगा। किसी भी उम्मीदवार का इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा।
योग्यता और अनुभव की शर्तें
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। PACS कोटा के उम्मीदवारों के पास कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए, जबकि OCS कोटा के लिए न्यूनतम 5 साल का अनुभव जरूरी रखा गया है। अनुभव संबंधित को-ऑपरेटिव सोसायटी में लगातार सेवा का होना चाहिए। साथ ही उम्मीदवार संबंधित सोसायटी का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। नोटिफिकेशन में यह भी बताया गया है कि आरक्षित वर्ग का लाभ केवल बोनाफाइड हिमाचली उम्मीदवारों को ही मिलेगा। OBC उम्मीदवारों को वैध नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाणपत्र जमा करना होगा। वहीं EWS उम्मीदवारों को निर्धारित आय सीमा का प्रमाण देना होगा।
आयु सीमा और फीस की जानकारी
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। SC, ST, OBC, PwBD और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। आवेदन फीस की बात करें तो जनरल और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये फीस जमा करनी होगी। वहीं SC, ST, EWS, BPL, IRDP और हिमाचल प्रदेश की महिला उम्मीदवारों के लिए फीस 800 रुपये रखी गई है। फीस का भुगतान केवल ऑनलाइन मोड में स्वीकार किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक ने जूनियर क्लर्क भर्ती में चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन परीक्षा होगी और उसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। बैंक ने साफ किया है कि भर्ती में किसी भी तरह का इंटरव्यू नहीं रखा गया है। ऑनलाइन परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी जिसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए कुल 150 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में रीजनिंग, न्यूमेरिकल एबिलिटी, इंग्लिश, जनरल अवेयरनेस और हिमाचल प्रदेश को-ऑपरेटिव सोसायटी एक्ट एवं रूल्स से जुड़े सवाल शामिल होंगे। सबसे राहत वाली बात यह है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
आवेदन कैसे करें
उम्मीदवारों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। इसके लिए सबसे पहले www.hpscb.bank.in पर जाना होगा। वहां Apply Online लिंक पर क्लिक करके नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से जुड़ी डिटेल भरनी होगी। फॉर्म भरने के बाद पासपोर्ट साइज फोटो, सिग्नेचर, लेफ्ट थंब इम्प्रेशन और हस्तलिखित घोषणा अपलोड करनी होगी। सभी जानकारी जांचने के बाद आवेदन फीस जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा। अंतिम रूप से सबमिट किए गए आवेदन में बाद में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
जरूरी दस्तावेज साथ रखना होगा
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को ग्रेजुएशन डिग्री, 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, NCL या EWS प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। बैंक ने चेतावनी दी है कि गलत दस्तावेज या फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र मिलने पर उम्मीदवारी तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


